इटावा में पेड़ से लटका मिला लापता युवक का शव, हत्या का आरोप लगाकर परिजनों ने किया हंगामा

इटावा में लापता युवक का शव पेड़ से लटका मिलने के बाद बड़ा बवाल खड़ा हो गया. परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए शव सड़क पर रखकर करीब चार घंटे तक प्रदर्शन किया. इस दौरान सैकड़ों महिलाएं भी धरने पर बैठ गईं और पुलिस के साथ नोकझोंक हुई. स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने 35 अज्ञात लोगों पर एक्शन लिया है.

Advertisement
परिजन बोले- प्लॉट को लेकर चल रहा विवाद, मिल चुकी थीं धमकियां. (Photo: Screengrab) परिजन बोले- प्लॉट को लेकर चल रहा विवाद, मिल चुकी थीं धमकियां. (Photo: Screengrab)

अमित तिवारी

  • इटावा,
  • 29 मई 2026,
  • अपडेटेड 4:11 PM IST

उत्तर प्रदेश के इटावा में लापता युवक का शव पेड़ से लटका मिलने के बाद इलाके में तनाव फैल गया. परिजनों ने युवक की हत्या का आरोप लगाते हुए शव सड़क पर रखकर कई घंटे तक प्रदर्शन किया. इस दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की भी हुई. मामला इतना बढ़ गया कि सड़क जाम करने वाले अज्ञात 35 लोगों के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज कर लिया.

Advertisement

घटना इकदिल थाना क्षेत्र के नगला बर गांव की है. यहां रहने वाला 32 वर्षीय रंजीत मजदूरी करता था. परिजनों के मुताबिक, वह सोमवार दोपहर करीब 1 बजे बाइक से बाजार जाने की बात कहकर घर से निकला था. दोपहर करीब ढाई बजे उसकी आखिरी बार फोन पर बात हुई, जिसके बाद मोबाइल बंद हो गया.

परिवार ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली. मंगलवार को बीहड़ इलाके में एक पेड़ से रंजीत का शव लटका मिला. शव मिलने की खबर फैलते ही गांव में हड़कंप मच गया.

परिजनों का आरोप है कि रंजीत की हत्या की गई है और इसे आत्महत्या दिखाने की कोशिश की गई. परिवार का कहना है कि गांव में प्लॉट को लेकर पुराना विवाद चल रहा था और रंजीत को पहले भी धमकियां मिल चुकी थीं.

Advertisement

मृतक की पत्नी पूजा ने आरोप लगाया कि सोमवार रात करीब 9 बजे गौशाला के पास रंजीत की बाइक लावारिस हालत में मिली थी. इसके बावजूद पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया.

बुधवार सुबह परिजन और ग्रामीण शव लेकर एसएसपी आवास की ओर जा रहे थे. पुलिस ने सिविल लाइन इलाके में उन्हें रोक दिया. इसके बाद नाराज लोगों ने सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया. सैकड़ों महिलाएं भी धरने पर बैठ गईं और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी शुरू हो गई.

यह भी पढ़ें: अयोध्या से पार्टी करने आए BJP नेता की लखनऊ में हत्या, सिगरेट विवाद में दबंगों ने बेरहमी से पीटा, अस्पताल में तोड़ा दम

करीब चार घंटे तक सड़क पर प्रदर्शन चलता रहा. मौके पर एसडीएम सदर, सीओ सिटी और तीन थानों की पुलिस पहुंची. काफी समझाने-बुझाने के बाद जाम खुलवाया गया.

सीओ सिटी अभय नारायण राय ने बताया कि शव का पैनल से पोस्टमार्टम कराया गया है. शव गौशाला के पीछे पेड़ से लटका मिला था. पोस्टमार्टम डॉक्टर्स के पैनल से करवाया गया है. तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी. रिपोर्ट में 'ड्यू टू हैंगिंग' आया है. जो भी साक्ष्य मिलेंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई होगी.

Advertisement

वहीं दूसरी तरफ पुलिस ने सड़क जाम और प्रदर्शन को लेकर भी कार्रवाई की है. थाना सिविल लाइन में अज्ञात 35 लोगों के खिलाफ सड़क जाम करने और अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने कई धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. फिलहाल गांव में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »