उत्तर प्रदेश के बलरामपुर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान सस्पेंडेड बरेली सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री ने कहा कि 'कॉकरोच जनता पार्टी (CJP)' भाजपा की 'C टीम' है. उन्होंने दावा किया कि CJP दरअसल बीजेपी ही है और इस मुद्दे पर कई गंभीर आरोप भी लगाए.
राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा के प्रमुख अग्निहोत्री ने कहा कि एक ओर सत्ताधारी दल CJP को देशद्रोही बताता है, वहीं दूसरी ओर उसके नेताओं का भव्य स्वागत किया जाता है. उन्होंने यह भी दावा किया कि CJP नेता अभिजीत दीपके के स्वागत में एयरपोर्ट पर सैकड़ों वाहन पहुंचे और जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की अनुमति भी दी गई.
कार्यक्रम के दौरान अग्निहोत्री ने राम मंदिर में दान के करोड़ों रुपये के कथित गायब होने पर भी चिंता जताई और कहा कि देश के मंदिरों और धार्मिक संस्थानों की धनराशि के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग सनातन के नाम पर आस्था से जुड़ी संस्थाओं का दुरुपयोग कर रहे हैं.
उन्होंने काशी, अयोध्या, मथुरा और वृंदावन जैसे धार्मिक स्थलों के विकास मॉडल पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि इन स्थानों की आध्यात्मिक आत्मा को नजरअंदाज कर केवल कंक्रीट कॉरिडोर बनाए जा रहे हैं.
इस बीच समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने भी राम मंदिर दान राशि को लेकर सामने आई रिपोर्टों पर अदालत से संज्ञान लेने की मांग की है. वहीं श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने कहा कि आंतरिक ऑडिट जारी है और अब तक कोई ठोस अनियमितता सामने नहीं आई है.
अग्निहोत्री ने पुलिस एनकाउंटर नीति पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि कानून प्रक्रिया के बिना की गई कार्रवाई उचित नहीं है. उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में शक्तियों का दुरुपयोग हो रहा है और जातीय आधार पर भी भेदभाव के मामले सामने आए हैं. गौरतलब है कि अलंकार अग्निहोत्री को 26 जनवरी को अनुशासनहीनता के आरोप में उत्तर प्रदेश सरकार ने सस्पेंड कर दिया था. बाद में उन्हें शामली जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय से अटैच किया गया था.
aajtak.in