यूपी में अकेले चुनाव लड़ने की तैयारी! चंद्रशेखर आजाद खुद लेंगे टिकट दावेदारों का इंटरव्यू

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारी के बीच आजाद समाज पार्टी प्रमुख चंद्रशेखर आजाद 13 से 18 जून तक लखनऊ में संभावित प्रत्याशियों का इंटरव्यू लेंगे. इस चयन प्रक्रिया में दावेदारों की जमीनी पकड़ और संगठन की रिपोर्ट को अहम माना जाएगा. पार्टी यूपी में बड़ी संख्या में सीटों पर अकेले चुनाव लड़ने की तैयारी में है.

Advertisement
उत्तर प्रदेश में अकेले 300-400 सीटों पर लड़ने की तैयारी में चंद्रशेखर आजाद. (Photo-ANI) उत्तर प्रदेश में अकेले 300-400 सीटों पर लड़ने की तैयारी में चंद्रशेखर आजाद. (Photo-ANI)

आशीष श्रीवास्तव

  • लखनऊ,
  • 13 जून 2026,
  • अपडेटेड 12:30 PM IST

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारी में आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने बड़ा कदम उठाया है. पार्टी प्रमुख और नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद अब खुद टिकट के दावेदारों का इंटरव्यू लेंगे. इसके लिए वह 13 जून से 18 जून तक लखनऊ में रहेंगे, जहां वह विभिन्न मंडलों के संभावित उम्मीदवारों से मुलाकात कर उनकी जमीनी पकड़ को समझेंगे. माना जा रहा है कि पार्टी यूपी में 300 से 400 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ने का मन बना रही है.

Advertisement

पार्टी की योजना के मुताबिक, चंद्रशेखर आजाद लखनऊ में रहकर विधानसभा चुनाव के संभावित उम्मीदवारों का खुद इंटरव्यू लेंगे. यह इंटरव्यू मंडलवार और जोनवार तरीके से आयोजित होगा, ताकि हर क्षेत्र के दावेदारों को मौका मिल सके. पार्टी के नेताओं का मानना है कि उम्मीदवारों के चयन में इस बार जमीनी काम और संगठन की रिपोर्ट को खास महत्व दिया जाएगा. यह जानकारी आजाद समाज पार्टी उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व विधायक सुनील कुमार चित्तौड़ द्वारा जारी की गई है.

जानिए किस दिन किस मंडल के दावेदारों का होगा इंटरव्यू

जारी कार्यक्रम के अनुसार, 13 जून को सहारनपुर, मेरठ और मुरादाबाद मंडल के दावेदारों का इंटरव्यू होगा. इसके बाद 14 जून को बरेली, आगरा, अलीगढ़, कानपुर, चित्रकूट समेत झांसी मंडल के संभावित प्रत्याशी लखनऊ पहुंचेंगे. वहीं 15 जून को लखनऊ, अयोध्या, देवीपाटन, गोरखपुर, बस्ती और आजमगढ़ मंडल का इंटरव्यू तय किया गया है. आखिरी दिन यानी 16 जून को वाराणसी, मिर्जापुर और प्रयागराज मंडल के संभावित उम्मीदवारों से बातचीत होगी.

Advertisement

पार्टी की ओर से साफ किया गया है कि इंटरव्यू के दौरान जोन प्रभारी, मुख्य मंडल प्रभारी, भाईचारा कमेटी के प्रभारी, जिला अध्यक्ष भी मौजूद रहेंगे. इन सभी पदाधिकारियों को संबंधित दावेदारों के बारे में लिखित रिपोर्ट के साथ पहुंचना होगा. इससे पार्टी नेतृत्व को यह समझने में आसानी होगी कि किस उम्मीदवार की अपने इलाके में कितनी मजबूत पकड़ है.

राजनीतिक जानकार इसे आज़ाद समाज पार्टी की चुनावी तैयारी का बड़ा संकेत मान रहे हैं. यूपी जैसे बड़े राज्य में उम्मीदवारों का चयन सीधे पार्टी प्रमुख की निगरानी में होना, आने वाले चुनाव के लिए बेहद अहम माना जा रहा है. सभी पदाधिकारियों को तय समय पर लखनऊ पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं. 
 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »