'नहीं बनाउंगी नाश्ता', इतने पर पति ने दबाया मुंह, 8 माह की प्रेग्नेंट पत्नी की मौत

बिजनौर में नाश्ता बनाने को लेकर शुरू हुआ पति-पत्नी का विवाद खूनी वारदात में बदल गया. आठ माह की गर्भवती मीनाक्षी की संदिग्ध मौत का राज पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुला, जिसमें दम घुटने से हत्या की पुष्टि हुई. पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि दहेज प्रताड़ना के आरोपों की भी जांच जारी है.

Advertisement
 पति ने दबाया मुंह, 8 माह की प्रेग्नेंट पत्नी की मौत (Photo: itg) पति ने दबाया मुंह, 8 माह की प्रेग्नेंट पत्नी की मौत (Photo: itg)

ऋतिक राजपूत

  • बिजनौर ,
  • 22 जून 2026,
  • अपडेटेड 7:39 AM IST

उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहां सुबह के समय नाश्ता बनाने को लेकर शुरू हुआ घरेलू विवाद कुछ ही मिनटों में एक गर्भवती महिला की मौत का कारण बन गया. आठ माह की गर्भवती विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने सनसनीखेज खुलासा किया है. रिपोर्ट के अनुसार महिला की मौत दम घुटने से हुई थी, जिससे साफ हो गया कि उसकी हत्या की गई थी. पुलिस ने मामले में आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. यह पूरा मामला मंडावर थाना क्षेत्र के सीमला खुर्द गांव की नई बस्ती का है, जहां शुक्रवार सुबह एक परिवार की मामूली कहासुनी ने ऐसा भयावह रूप ले लिया कि एक महिला और उसके गर्भ में पल रहे बच्चे की जिंदगी खत्म हो गई.

Advertisement

सुबह के नाश्ते को लेकर विवाद, फिर  वारदात 

पुलिस जांच में सामने आया है कि शुक्रवार सुबह पति-पत्नी के बीच नाश्ता बनाने को लेकर कहासुनी हुई थी. बताया जा रहा है कि जब पत्नी ने किसी कारणवश नाश्ता बनाने से मना किया तो पति मुकेश सैनी गुस्से में आ गया. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि उसने कथित रूप से पत्नी का मुंह दबा दिया. सांस रुकने के कारण महिला की मौके पर ही मौत हो गई. शुरुआत में घटना को सामान्य मौत बताने की कोशिश की गई, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पूरा मामला हत्या में बदल गया.

आठ माह की गर्भवती थी मीनाक्षी 

मृतका की पहचान 28 साल की मीनाक्षी के रूप में हुई है. मीनाक्षी की शादी साल 2022 में मंडावर क्षेत्र के निवासी मुकेश सैनी से हुई थी. वह शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला जाटान निवासी हरिओम की पुत्री थी. परिवार के अनुसार मीनाक्षी आठ माह की गर्भवती थी और जल्द ही मां बनने वाली थी. ऐसे में उसकी मौत ने न केवल एक महिला की जिंदगी छीनी, बल्कि गर्भ में पल रहे बच्चे का जीवन भी समाप्त कर दिया.
 
मायके पक्ष ने लगाए दहेज हत्या के आरोप 

Advertisement

घटना की सूचना मिलते ही मीनाक्षी के मायके पक्ष के लोग सीमला खुर्द पहुंचे. परिजनों ने पति और ससुराल पक्ष पर दहेज की मांग पूरी न होने पर हत्या करने का आरोप लगाया. आरोपों को लेकर मौके पर काफी हंगामा भी हुआ. मायके पक्ष का कहना है कि शादी के बाद से ही दहेज को लेकर मीनाक्षी को प्रताड़ित किया जाता था और उसे लगातार परेशान किया जा रहा था.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुला हत्या का राज 

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था. शुक्रवार देर रात आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला की मौत का कारण दम घुटना बताया गया. रिपोर्ट में सामने आया कि सांस रुकने से उसकी जान गई, जिसके बाद हत्या की आशंका मजबूत हो गई. पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने उस सच्चाई से पर्दा उठाया जिसने पूरे मामले को नया मोड़ दे दिया. रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने तत्काल आगे की कार्रवाई शुरू की.

मृतका के परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी पति मुकेश सैनी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया. पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया. शनिवार को आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया.

Advertisement

अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच 

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन विवेचना की जा रही है. दहेज प्रताड़ना और हत्या के आरोपों सहित सभी बिंदुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है. यदि जांच के दौरान ससुराल पक्ष के अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी. स्थानीय लोगों के अनुसार किसी ने कल्पना भी नहीं की थी कि सुबह के समय नाश्ता बनाने को लेकर हुआ विवाद इतनी बड़ी त्रासदी में बदल जाएगा. एक ओर परिवार ने अपनी बहू को खो दिया, वहीं दूसरी ओर एक अजन्मे बच्चे की भी मौत हो गई. घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है.

इस पूरे मामले को लेकर जब आज तक ने मंडावर थाने के SHO ( संजय तोमर ) से बातचीत की तो, उन्होंने बातचीत में बताया कि पति को सुबह-सुबह घर से कहीं बाहर किसी काम से जाना था, पति ने जब पत्नी से नाश्ता बनाने के लिए कहा तो किसी कारणवश महिला ने नाश्ता बनाने से मना कर दिया, इसके बाद पति अपना आपा खो बैठा और अपनी पत्नी का गला इतनी जोर से दबाया कि उसकी पत्नी की मौत हो गई.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »