बिजनौर: DJ पर डांस, हाथ में तमंचा और फिर बारात बनी रणभूमि, दहशत में विदा हुई दुल्हन

बिजनौर के ज्वाला चंडी गांव में बारात के दौरान तमंचा लेकर डांस करने को लेकर दो गुटों में विवाद हो गया. विरोध करने पर मारपीट हुई और बारात में तमंचे लहराए गए, जिससे अफरातफरी मच गई. घटना में दो युवक घायल हुए हैं. वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है और पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है.

Advertisement
बारात में डांस करने को लेकर दो गुटों में मचा बवाल. (Photo: Screengrab) बारात में डांस करने को लेकर दो गुटों में मचा बवाल. (Photo: Screengrab)

संजीव शर्मा (बिजनौर)

  • बिजनौर ,
  • 12 मई 2026,
  • अपडेटेड 4:05 PM IST

बिजनौर में एक शादी समारोह उस समय हंगामे में बदल गया जब बारात की चढ़त के दौरान तमंचा लेकर डांस करने को लेकर दो गुटों के बीच विवाद हो गया. देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया और बारात में तमंचे लहराए जाने से दहशत फैल गई. हालात ऐसे बन गए कि लड़की पक्ष ने जल्दबाजी में बारात की विदाई कर दी. घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

Advertisement

यह मामला बिजनौर के ज्वाला चंडी गांव का है. रविवार को किरतपुर के गांव बूढ़पुर नैन सिंह निवासी सोम सिंह के बेटे अनिकेत की बारात यहां आई थी. शादी समारोह में शुरुआत में सब कुछ सामान्य चल रहा था. नाश्ते के बाद बारात की चढ़त शुरू हुई और बाराती डांस करने लगे. इसी दौरान कुछ युवक तमंचा लेकर डांस कर रहे थे.

बताया जा रहा है कि बारात में मौजूद युवक नीतीश ने तमंचा लेकर डांस करने का विरोध किया. इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई. थोड़ी ही देर में विवाद बढ़ गया और मारपीट होने लगी. बारात में मौजूद जिम्मेदार लोगों ने किसी तरह दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया. लेकिन विवाद यहीं खत्म नहीं हुआ. आरोप है कि जयमाला से पहले जब नीतीश पंडाल में कुर्सी पर बैठा था, तभी दूसरे पक्ष के दो युवक अपने साथियों के साथ वहां पहुंचे और उस पर हमला कर दिया. इसके बाद दोनों पक्षों में फिर से मारपीट शुरू हो गई. शादी समारोह में अफरातफरी का माहौल बन गया और लोग इधर-उधर भागने लगे.

Advertisement

जयमाला से पहले भड़का विवाद

मारपीट करते-करते दोनों पक्ष पंडाल के बाहर पहुंच गए. इसी दौरान वहां तमंचे भी लहराए गए. बारात में मौजूद लोगों में दहशत फैल गई. कई लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर हट गए. शादी समारोह का माहौल पूरी तरह बिगड़ गया. इस मारपीट में नीतीश और उसका साथी गौतम घायल हो गए. घटना के बाद दोनों घायलों ने पुलिस को तहरीर देकर मारपीट करने और तमंचा लहराने वाले आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. 

वायरल वीडियो के बाद हरकत में पुलिस

वहीं, तमंचे लहराने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस भी हरकत में आ गई है. थाना प्रभारी किरतपुर पुष्पेंद्र कुमार ने बताया कि घायलों की ओर से शिकायत मिली है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और तमंचा लहराने वाले आरोपियों की तलाश की जा रही है. उन्होंने कहा कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement