संपत्ति से बेदखल किया तो बेटे ने पिता को मारी गोली, मामा समेत दोनों आरोपी गिरफ्तार

बांदा में संपत्ति विवाद ने रिश्तों को शर्मसार कर दिया. आरोप है कि पिता ने बेटे को अपनी जायदाद से बेदखल किया तो उसने मामा के साथ मिलकर जानलेवा हमला कर दिया. अवैध तमंचे से चलाई गई गोली पिता के कंधे पर सीने के पास लगी. पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं.

Advertisement
तमंचा-कारतूस बरामद.(Photo: Siddhartha Gupta/ITG) तमंचा-कारतूस बरामद.(Photo: Siddhartha Gupta/ITG)

सिद्धार्थ गुप्ता

  • बांदा,
  • 30 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 9:50 PM IST

उत्तर प्रदेश के बांदा में संपत्ति विवाद को लेकर एक बेटे ने अपने ही पिता पर अवैध तमंचे से गोली चला दी. आरोप है कि पिता ने उसे अपनी संपत्ति से बेदखल कर दिया था, जिससे नाराज होकर उसने अपने मामा के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया. गोली लगने से पिता गंभीर रूप से घायल हो गए. प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है.

Advertisement

वारदात बबेरू कोतवाली क्षेत्र के मुरवल गांव की है. यहां रहने वाले महादेव ने पुलिस को सूचना दी कि उनके बेटे और साले ने पारिवारिक और जमीन-जायदाद के विवाद में उन्हें जान से मारने की नीयत से गोली मार दी है. सूचना मिलते ही पुलिस भारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया.

यह भी पढ़ें: मामा संग शराब पार्टी, फिर मामी संग आपत्तिजनक हालत में मिला भांजा... बांदा में उस रात क्या हुआ?

घायल महादेव के कंधे पर सीने के पास गोली लगी थी. पुलिस ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया. इसके बाद पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी.

Advertisement

संपत्ति से बेदखली बनी विवाद की वजह, मामा के साथ मिलकर किया हमला

पुलिस के मुताबिक, बेटे को अपने पिता की संपत्ति से बेदखल किए जाने को लेकर नाराजगी थी. इसी पारिवारिक और जमीन-जायदाद के विवाद में उसने अपने मामा के साथ मिलकर पिता पर हमला कर दिया. आरोपियों ने अवैध तमंचे से गोली चलाई, जो महादेव के कंधे पर सीने के पास लगी.

गोली चलने की सूचना पर पुलिस ने गांव में पहुंचकर जांच-पड़ताल की और आरोपियों को पकड़ने के लिए घेराबंदी की. कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी बेटे और उसके मामा को गिरफ्तार कर लिया. उनके कब्जे से तमंचा और कारतूस भी बरामद किए गए हैं.

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है. गिरफ्तारी के बाद उन्हें जेल भेज दिया गया है. उधर, घटना के बाद गांव में तनाव और बवाल की आशंका को देखते हुए पुलिस ने गश्त बढ़ा दी है, ताकि किसी तरह की अप्रिय स्थिति पैदा न हो.

डिप्टी SP बोले- पारिवारिक विवाद में बेटे ने पिता को मारी गोली

डिप्टी एसपी कृष्णकांत त्रिपाठी ने बताया कि बबेरू कोतवाली क्षेत्र की मुरवल चौकी में देर शाम घरेलू और पारिवारिक विवाद की सूचना मिली थी. जानकारी दी गई थी कि बेटे ने अपने ही पिता को गोली मार दी है. फायरिंग में गोली उनके कंधे पर लगी थी.

Advertisement

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल भिजवाया गया. पीड़ित की शिकायत के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »