उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में स्थित रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज परिसर में एक बेहद दिल दहला देने वाली घटना घटी है. बड़ोखर गांव निवासी गणेश की पत्नी को देर रात डिलीवरी के दौरान मृत बच्चा पैदा हुआ था. डॉक्टरों द्वारा महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे भर्ती कर लिया गया, जबकि परिजन वार्ड के बाहर बच्चे के शव के साथ मौजूद थे. रात में परिजनों के सो जाने के दौरान आवारा कुत्ते वार्ड के बाहर से मृत बच्चे के शव को उठाकर ले गए. नींद खुलने पर परिजनों को शव गायब मिला, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई.
पीड़ित पिता ने सुरक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल
पीड़ित गणेश ने अस्पताल प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर आरोप लगाए हैं. गणेश ने कहा कि उनका बच्चा मृत पैदा हुआ था, लेकिन अगर कोई जीवित बच्चा होता तो भी आवारा कुत्ते उसे ऐसे ही घसीट कर ले जाते. उन्होंने मामले में कठोर कार्रवाई की मांग की है ताकि भविष्य में किसी अन्य मरीज के साथ ऐसा हादसा न हो.
स्थानीय लोगों का गुस्सा और अस्पताल में हड़कंप
इस अमानवीय घटना के सामने आने के बाद पूरे मेडिकल कॉलेज परिसर में हड़कंप मच गया है. स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि सरकार अस्पतालों में सुरक्षा व्यवस्था के नाम पर लाखों रुपये खर्च कर रही है, फिर भी आवारा कुत्ते परिसर में बेखौफ घूम रहे हैं. घटना के बाद से पुलिस अधिकारी और अस्पताल प्रशासन जांच पड़ताल में जुटा है.
प्रिंसिपल डॉ. सुनील कौशल ने दिए जांच के आदेश
मामला संज्ञान में आने के बाद मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. सुनील कौशल ने जांच के आदेश जारी कर दिए हैं. प्रिंसिपल ने बताया कि अस्पताल में गार्ड्स और सीसीटीवी कैमरों समेत सुरक्षा के सभी इंतजाम मौजूद हैं और स्टाफ को जरूरी निर्देश दिए जाते हैं. उन्होंने कहा कि परिजनों को बच्चा सुपुर्द कर दिया जाता है और मामले की जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी.
सिद्धार्थ गुप्ता