बांदा की बेटी को दुबई में फांसी की सजा, माता-पिता ने PM मोदी से लगाई बचाने की गुहार, जानिए पूरा मामला

बांदा की रहने वाली शहजादी को दुबई में 20 सितंबर के बाद फांसी दी जाएगी. शहजादी के माता-पिता ने पीएम मोदी और सीएम योगी से हस्तक्षेप कर बेटी की जान बचाने की गुहार लगाई है. उनका कहना है कि जालसाजों ने उनकी बेटी शहजादी को फर्जी तरीके से कत्ल के इल्जाम में फंसा दिया है.

Advertisement
दुबई में फंसी लड़की के माता-पिता दुबई में फंसी लड़की के माता-पिता

सिद्धार्थ गुप्ता

  • बांदा ,
  • 02 सितंबर 2024,
  • अपडेटेड 8:01 PM IST

उत्तर प्रदेश के बांदा जिले की रहने वाली एक युवती को दुबई में 20 सितंबर के बाद फांसी की सजा दी जाएगी. इस युवती के माता-पिता ने रोते-बिलखते हुए पीएम मोदी और सीएम योगी से हस्तक्षेप कर बेटी की जान बचाने की गुहार लगाई है. पैरेंट्स का कहना है कि जालसाजों ने उनकी बेटी शहजादी को जबरन और फर्जी तरीके से बच्चे के कत्ल के इल्जाम में फंसा दिया है. असल में वह चेहरे का इलाज कराने के लिए विदेश गई थी. 

Advertisement

दुबई में फंसी शहजादी के पिता ने कोर्ट के माध्यम से जालसाजी करने वाले आगरा के युवक उजैर, उसके बुआ-फूफा सहित 4 लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओ में मुकदमा दर्ज कराया है. शहजादी के पिता की मांग है कि बांदा पुलिस इन आरोपियों से पूछताछ करे, जिससे पूरी सच्चाई सामने आए.

दरअसल, बांदा के मटौंध थाना क्षेत्र के गोयरा मुगली गांव के रहने वाले सब्बीर खां की तीन बेटियों में सबसे छोटी बेटी शहजादी 8 वर्ष की उम्र में चूल्हे में खाना बनाने के दौरान जल गई थी. जलने के बाद उसका चेहरा खराब हो गया था. शहजादी सामाजिक कार्य करने वाली एक संस्था से जुड़ी हुई थी. इसी बीच आगरा के रहने वाले उजैर नाम के लड़के से उसकी फेसबुक के जरिए दोस्ती हो गई. 

उजैर ने शहजादी को झांसे में ले लिया कि वो दुबई में उसका चेहरा इलाज से ठीक करवा देगा. उजैर ने कहा कि उसके बुआ-फूफा आदि रिश्तेदार दुबई में रहते हैं. शहजादी के पिता सब्बीर खां का आरोप है कि उजैर ने उनकी बेटी को दुबई में डेढ़ लाख रुपये में बेच दिया. जहां उसे एक 4 माह के बच्चे की मौत के केस में फंसा दिया गया. 

Advertisement
आरोपी उजैर और पीड़िता शहजादी

सब्बीर खां के मुताबिक, ना तो बेटी को दुबई से आने दे रहे थे और ना सही से रहने दे रहे थे. उसपर जुल्म किए जाते थे. अब तो उसे मौत की सजा सुना दी गई है. आरोप है कि शहजादी ने मालिक के बीमार बच्चे की सही से देखरेख नहीं की, जिसपर उसकी मौत हो गई. शहजादी ने कोर्ट में अपील की थी लेकिन राहत नहीं मिली. 

पीड़ित पिता सब्बीर ने कोर्ट में शिकायती पत्र देकर आरोपी युवक उजैर और उसके रिश्तेदार सहित 4 लोगों के खिलाफ थाना मटौंध में मुकदमा दर्ज कराया है. पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर धारा 370/ 370 A/ 419/ 420/ 386/ 311/ 367 का तहत केस दर्ज किया है. पिता ने पुलिस से मांग की है कि इन आरोपियों को पकड़कर पूछताछ की जाए, जिससे सारा राज सामने आ जाए. 

सब्बीर ने कहा कि मेरी बेटी को फांसी होने वाली है. हम लोग विदेश मंत्रालय (दिल्ली) गए थे. आश्वासन मिला है. बीते दिनों बेटी का फोन आया था. उसने बताया कि 20 सितंबर के बाद कभी भी फांसी दी जा सकती है. यदि सरकार दुबई के बादशाह से बात कर ले तो हमारी बेटी की जान बच सकती है, या फिर आरोप लगाने वाली फैमली उसे माफ कर दें. बेटी 2021 में वहां गई थी. 

Advertisement

फिलहाल, मटौंध थाना के SHO राममोहन राय ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर मामला दर्ज किया गया है. पीड़ित ने आगरा के रहने वाले युवक समेत 4 लोगों पर आरोप लगाये हैं. मामले में तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर विवेचना की जा रही है, जो भी तथ्य सामने आएंगे उसी के अनुसार कार्रवाई की जाएगी.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »