Video: दबंगों ने परिवार को घसीट-घसीटकर पीटा, भाजपा पार्षद पर लगा हमला करने का आरोप

यूपी के बांदा के बिसंडा थाना क्षेत्र में दबंगों ने घर में घुसकर एक परिवार पर जानलेवा हमला कर दिया. आरोप है कि पीड़ित को घसीटकर पत्नी और बच्चों समेत बेरहमी से पीटा गया. पूरी घटना CCTV में कैद हुई. थाना में कार्रवाई न होने पर पीड़ित एसपी पहुंचा, जिसके बाद केस दर्ज हुआ. पुलिस CCTV के आधार पर जांच कर रही है.

Advertisement
पीड़ित परिवार.(Photo: Siddhartha Gupta/ITG) पीड़ित परिवार.(Photo: Siddhartha Gupta/ITG)

सिद्धार्थ गुप्ता

  • बांदा,
  • 21 फरवरी 2026,
  • अपडेटेड 11:13 PM IST

उत्तर प्रदेश के बांदा में दबंगों की गुंडागर्दी का एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक परिवार पर जानलेवा हमला किया गया. दबंगों ने घर में घुसकर परिवार के सदस्यों को बाहर तक घसीटा और बेरहमी से मारपीट की. इस हमले में पीड़ित, उसकी पत्नी और बच्चे सभी घायल हो गए. पूरी वारदात घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई. 

Advertisement

घटना के बाद पीड़ित परिवार ने स्थानीय थाना पुलिस से शिकायत की, लेकिन आरोप है कि वहां कोई कार्रवाई नहीं की गई. इसके बाद पीड़ित एसपी कार्यालय पहुंचा और अधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई. एसपी के संज्ञान में मामला आने के बाद थाना प्रभारी को फटकार लगाई गई और आनन-फानन में केस दर्ज कर पुलिस ने कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी.

यह भी पढ़ें: UP: बहुचर्चित पोर्नोग्राफी मामले में JE दोषी करार, कोर्ट ने पति-पत्नी को सुनाई फांसी की सजा

पीड़ित ने दबंगों पर घर में घुसकर हमला करने का लगाया आरोप

दरअसल, यह मामला बिसंडा थाना क्षेत्र का है. कस्बे के रहने वाले पीड़ित धनपत सिंह ने बताया कि वह अपने घर पर मौजूद थे, तभी वीर सिंह, उनके बेटे आशीष सिंह और भाई अशोक सिंह ने मिलकर उन पर हमला कर दिया. धनपत सिंह के अनुसार, आरोपियों ने उन्हें घर के अंदर से घसीटकर बाहर निकाला और उनके परिवार के साथ मारपीट की, जिससे सभी को गंभीर चोटें आईं. उन्होंने बताया कि घटना का सीसीटीवी फुटेज भी उनके पास मौजूद है.

Advertisement

धनपत सिंह ने कहा कि वह शिकायत लेकर थाना गए थे, लेकिन वहां उनकी कोई सुनवाई नहीं हुई. थाना में उन्हें बताया गया कि इस मामले में कुछ नहीं होगा. इसके बाद वह एसपी कार्यालय पहुंचे, जहां अधिकारियों ने उनकी शिकायत सुनी और कार्रवाई का आश्वासन दिया.

देखें वीडियो...

आरोपी पार्षद ने भी अपनी तरफ से दी सफाई

वहीं, आरोपी आशीष सिंह ने बताया कि धनपत सिंह उनके परिवार के ही सदस्य हैं. उन्होंने कहा कि दो दिन पहले एक शादी समारोह में धनपत सिंह ने उनके भाई अशोक सिंह के साथ गाली-गलौज और मारपीट की थी. इसके बाद वे लोग शिकायत करने और बात करने के लिए उनके घर गए थे. आशीष सिंह के अनुसार, इसी दौरान धनपत सिंह अंदर से गाली देते हुए डंडा लेकर बाहर आए और उसी दौरान मारपीट की घटना हुई.

आशीष सिंह ने बताया कि वह नगर पंचायत के वार्ड नंबर 12 दूल्हा थोक से भाजपा के सभासद हैं. उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने भी थाना में शिकायत की थी, लेकिन उनकी भी कोई सुनवाई नहीं हुई.

एसपी के निर्देश पर केस दर्ज, जांच जारी

एसपी के मीडिया सेल ने जानकारी दी कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को संज्ञान में लिया है और मामले की जांच की जा रही है.

Advertisement

पुलिस के अनुसार, जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच में जुटी हुई है और सभी तथ्यों को ध्यान में रखकर कार्रवाई की जा रही है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement