'जिसने जंग टाली है, समझो उसने जंग हारी है', अयोध्या की मिल्कीपुर सीट पर उपचुनाव टलने पर अखिलेश का तंज

चुनाव आयोग ने यूपी की नौ सीटों पर उपचुनाव की तारीखों की घोषणा कर दी है, जबकि अयोध्या की मिल्कीपुर सीट पर उपचुनाव टाल दिया है. इसको लेकर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने बीजेपी पर तंज कसा है.

Advertisement
मिल्कीपुर उपचुनाव टलने पर अखिलेश यादव ने कसा तंज मिल्कीपुर उपचुनाव टलने पर अखिलेश यादव ने कसा तंज

aajtak.in

  • लखनऊ,
  • 16 अक्टूबर 2024,
  • अपडेटेड 8:23 AM IST

उत्तर प्रदेश की 10 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होना था, लेकिन चुनाव आयोग ने 9 सीटों पर ही उपचुनाव की तारीखों का ऐलान किया और अयोध्या की मिल्कीपुर सीट पर उपचुनाव टाल दिया. इसको लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी पर तंज कसा है.  

अखिलेश यादव ने शायराना अंदाज में सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है. सपा मुखिया ने कहा कि जिसने जंग टाली है, समझो उसने जंग हारी है.  दरअसल अयोध्या की मिल्कीपुर सीट सपा और बीजेपी दोनों के लिए प्रतिष्ठा का सवाल बन गई है. सपा इस सीट पर अपने प्रत्याशी की भी घोषणा कर चुकी है. 

Advertisement

मिल्कीपुर के विधायक बने हैं अयोध्या के सांसद 

अयोध्या की मिल्कीपुर सीट की बात करें तो यह सीट समाजवादी पार्टी ने 2022 में जीती थी. हालांकि अखिलेश ने उन्हें 2024 के लोकसभा चुनाव में फैजाबाद (अयोध्या) से प्रत्याशी बनाया और उन्होंने जीत हासिल की. यह वही सीट है, जहां अखिलेश ने चुनाव प्रचार करते समय जनता से अपील करते हुए अवधेश प्रसाद को पूर्व विधायक बता दिया था, जिसके बाद अवधेश प्रसाद चौंक गए थे और मंच पर हाथ जोड़ते हुए कहा था कि साहब, विधायक हूं मैं. 

अयोध्या से सांसद चुने जाने के बाद अवधेश प्रसाद ने मिल्कीपुर से विधायक के पद से इस्तीफा दे दिया था. इस सीट पर सपा ने अवधेश प्रसाद के बेटे अजीत प्रसाद को ही प्रत्याशी बनाया है. बता दें कि अजीत प्रसाद पर हाल ही में मारपीट करने और फिरौती मांगने के मामले में एक केस दर्ज हुआ है.  

Advertisement

यूपी की 10 विधानसभा सीटें हैं खाली 

उत्तर प्रदेश की जिन 10 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होना था, उनमें मैनपुरी की करहल, कानपुर की सीसामऊ, प्रयागराज की फूलपुर, अंबेडकरनगर की कटेहरी, मिर्जापुर की मझवां, अयोध्या की मिल्कीपुर, गाजियाबाद सदर, अलीगढ़ की खैर, मुजफ्फरनगर की मीरापुर और मुरादाबाद की कुंदरकी सीट शामिल हैं. हालांकि अभी सिर्फ 9 सीटों पर उपचुनाव घोषित हुए हैं. मिल्कीपुर सीट पर तारीख का ऐलान नहीं हुआ है. बता दें कि यूपी की नौ सीटों पर 13 नवंबर को वोट डाले जाएंगे और इनके नतीजों की घोषणा 23 नवंबर को होगी. 

महाराष्ट्र और झारखंड में कब होंगे चुनाव? 

महाराष्ट्र में 20 नवंबर को वोटिंग होगी और 23 को नतीजे आएंगे. राज्य की सभी 288 सीटों पर एक ही चरण में मतदान होना है. चुनाव आयोग के मुताबिक नामांकन की आखिरी तारीख 29 अक्टूबर है. वहीं झारखंड में दो चरणों में मतदान होंगे. चुनाव आयुक्त के मुताबिक 13 और 20 नवंबर को मतदान होगा. वहीं इस राज्य के चुनावी नतीजे भी महाराष्ट्र के साथ ही आएंगे. महाराष्ट्र और झारखंड दोनों राज्यों के विधानसभा चुनाव के नतीजे 23 नवंबर को ही आएंगे. 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »