नहर पार कर बच्चों को स्कूल पहुंचाने को मजबूर परिजन, अमेठी में विकास के दावों की खुली पोल

उत्तर प्रदेश के अमेठी में अधूरे पुल की वजह से ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ गई हैं. नहर में पानी आने के बाद गांव का संपर्क टूट गया है और अभिभावक अपने छोटे-छोटे बच्चों को कंधे पर बैठाकर गले भर पानी में नहर पार कर स्कूल पहुंचाने को मजबूर हैं. वायरल वीडियो के बाद लोग विभागीय लापरवाही पर सवाल उठा रहे हैं.

Advertisement
ग्रामीणों ने विभाग पर लगाए लापरवाही के आरोप.(Photo: Abhishek Kumar Tripathi/ITG) ग्रामीणों ने विभाग पर लगाए लापरवाही के आरोप.(Photo: Abhishek Kumar Tripathi/ITG)

अभिषेक कुमार त्रिपाठी

  • अमेठी,
  • 19 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 5:02 PM IST

उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले से विकास कार्यों की हकीकत बयां करती एक तस्वीर सामने आई है. यहां एक निर्माणाधीन पुल समय पर पूरा नहीं होने का खामियाजा मासूम बच्चों और उनके परिवारों को भुगतना पड़ रहा है. नहर में पानी आने के बाद गांव का संपर्क प्रभावित हो गया है और अब अभिभावकों को अपने बच्चों की जान जोखिम में डालकर उन्हें स्कूल पहुंचाना पड़ रहा है.

Advertisement

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि परिजन अपने छोटे-छोटे बच्चों को कंधे पर बैठाकर गले भर पानी में नहर पार कर रहे हैं. पानी का तेज बहाव और गहराई हर कदम पर खतरे का अहसास करा रही है, लेकिन बच्चों की पढ़ाई न रुके इसलिए परिवार यह जोखिम उठाने को मजबूर हैं.

यह भी पढ़ें: अमेठी में दर्दनाक हादसा: कच्चे मकान की दीवार गिरने से मां और बेटी की मौत, बेटे की हालत गंभीर

दरअसल, यह मामला अमेठी जिले के गौरीगंज थाना क्षेत्र के पूरे परमानंद शुक्ल, बासूपुर गांव का है. ग्रामीणों का कहना है कि यदि निर्माणाधीन पुल समय पर बन गया होता तो उन्हें इस तरह अपनी जान जोखिम में डालने की नौबत नहीं आती.

ग्रामीणों ने विभाग पर लगाए लापरवाही के आरोप

Advertisement

ग्रामीणों का आरोप है कि लोक निर्माण विभाग की लापरवाही के कारण पुल का निर्माण कार्य महीनों बाद भी पूरा नहीं हो सका. इसी बीच नहर में पानी छोड़ दिया गया, जिससे गांव का वैकल्पिक रास्ता भी बह गया और आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया.

बताया जा रहा है कि बासूपुर के पास करीब 1 करोड़ 2 लाख रुपये की लागत से पुल का निर्माण कराया जा रहा है. लेकिन निर्माण कार्य अधूरा रहने के कारण अब गांव के लोगों के सामने रोजमर्रा की जिंदगी भी चुनौती बन गई है. सबसे ज्यादा परेशानी स्कूल जाने वाले बच्चों और उनके परिवारों को उठानी पड़ रही है.

वायरल वीडियो सामने आने के बाद ग्रामीणों का गुस्सा भी फूट पड़ा है. लोगों का कहना है कि प्रशासन और संबंधित विभाग ने समय रहते कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की. अब वे मांग कर रहे हैं कि बच्चों और ग्रामीणों की सुरक्षा को देखते हुए तत्काल अस्थायी पुल या अन्य सुरक्षित रास्ते की व्यवस्था की जाए.

देखें वीडियो...

'पानी कम होने पर पूरा होगा काम', अधिकारी ने दी सफाई

मामले में लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों का कहना है कि नहर में अचानक अधिक पानी आने के कारण निर्माण कार्य प्रभावित हुआ है. उनका दावा है कि जैसे ही पानी का स्तर कम होगा, पुल का निर्माण दोबारा शुरू कराकर जल्द पूरा कराया जाएगा.

Advertisement

अधिशासी अभियंता शैलेंद्र ने बताया कि नहर में पानी अधिक होने के चलते आवागमन बाधित हुआ है. पानी कम होने के बाद निर्माण कार्य फिर से शुरू कराया जाएगा और पुल को जल्द पूरा करने का प्रयास किया जाएगा.

हालांकि, ग्रामीण इस जवाब से संतुष्ट नहीं हैं. उनका कहना है कि यदि विभाग समय पर निर्माण पूरा कर देता तो आज बच्चों को कंधों पर बैठाकर गले भर पानी में नहर पार कराने की नौबत नहीं आती. ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था करने और पुल निर्माण में तेजी लाने की मांग की है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »