उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में भाजपा से जुड़े दो गुटों के बीच हुई फायरिंग के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. घटना के बाद पुलिस ने भाजपा युवा मोर्चा के महानगर मंत्री हर्षद हिंदू समेत दोनों पक्षों के कुल 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. इस मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नीरज कुमार जादौन ने कहा है कि आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट और राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) के तहत भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
बताया जा रहा है कि यह घटना 12 मार्च की रात थाना बन्नादेवी क्षेत्र के सराय हकीम इलाके में हुई. यहां भाजपा से जुड़े दो गुटों के बीच वर्चस्व को लेकर विवाद हो गया, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया. विवाद के दौरान एक दर्जन से अधिक राउंड फायरिंग हुई, जिसमें तीन लोग गोली लगने से घायल हो गए.
यह भी पढ़ें: अलीगढ़: स्कूल बस का फर्श टूटा, नीचे गिरी छात्रा टायर से कुचली, लापरवाही पर आरटीओ और आरआई सस्पेंड
फायरिंग से बाजार में मची अफरातफरी
घटना के समय ईद के मौके पर बाजार में खरीदारी करने के लिए बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे. अचानक हुई फायरिंग से बाजार में अफरातफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया.
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नीरज कुमार जादौन भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया. उन्होंने तुरंत आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस और सर्विलांस टीमों को निर्देश दिए.
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
इस मामले में वादी उपनिरीक्षक रोहित कुमार थाना बन्नादेवी की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है. पुलिस ने मु0अ0सं0 230/26 के तहत धारा 191(2)/191(3)/125/109(1)/115(2) बीएनएस और 7 सीएलए एक्ट के अंतर्गत केस दर्ज किया है.
पुलिस और सर्विलांस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की और कार्रवाई करते हुए 8 लोगों को गिरफ्तार कर लिया.
गिरफ्तार आरोपियों से हथियार और वाहन बरामद
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में हर्षद हिंदू पुत्र पवन कुमार निवासी सराय हकीम, यश गुप्ता पुत्र विवेक गुप्ता निवासी गुडियाबाग, मयंक ठाकुर पुत्र अशोक कुमार निवासी लौहेरा, योगेंद्र पुत्र वेदराम निवासी गौतम नगर आईटीआई रोड, प्रफुल्ल पंडित पुत्र अवधेश शर्मा निवासी मसूदाबाद, नमन पुत्र बृजेश निवासी गुडियाबाग, काटू उर्फ गौरव पुत्र अशोक कुमार निवासी सिद्धार्थनगर आईटीआई रोड और आयुष शर्मा पुत्र विकास शर्मा निवासी सराय वृंदावन शामिल हैं.
पुलिस ने इनके पास से दो अवैध पिस्टल, दो अवैध तमंचे (315 बोर) और दो गाड़ियां बरामद की हैं, जिनमें एक थार (UP 81 EA 8788) और एक कार (UP 81 DC 4696) शामिल है.
बाकी आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस द्वारा दर्ज एफआईआर में 12 लोगों को नामजद किया गया है, जबकि एक दर्जन से अधिक अन्य लोगों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है. पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बाकी आरोपियों की पहचान की जा रही है.
एसएसपी नीरज कुमार जादौन के अनुसार शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और जल्द ही बाकी आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
अकरम खान