'यह अमृतकाल नहीं, सनातनियों का संकटकाल है', अखिलेश बोले- दादरी रैली से सरकार के होश उड़े

सपा मुखिया अखिलेश यादव ने लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भारतीय जनता पार्टी की सरकार को हर मोर्चे पर विफल बताया. उन्होंने प्रदेश की कानून-व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाओं और बढ़ती महंगाई को लेकर तीखे सवाल दागे और दावा किया कि अब भाजपा के जाने का समय आ गया है.

Advertisement
सपा प्रमुख अखिलेश यादव (Photo- X/SP) सपा प्रमुख अखिलेश यादव (Photo- X/SP)

समर्थ श्रीवास्तव

  • लखनऊ ,
  • 03 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 4:25 PM IST

समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने लखनऊ में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से उत्तर प्रदेश की वर्तमान सरकार और केंद्र की नीतियों पर जमकर निशाना साधा. अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार को 'सौदागर' करार देते हुए आरोप लगाया कि वे मुनाफे के लिए देश की बुनियादी संपत्तियों को बेच रहे हैं. 

उन्होंने दादरी रैली के बाद सरकार के 'होश उड़ने' का दावा किया और कहा कि वर्तमान समय अमृतकाल नहीं बल्कि सनातनियों के लिए संकटकाल है. सपा अध्यक्ष ने पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) को एकजुट कर बूथ स्तर पर काम करने और आगामी चुनाव में भाजपा को हराकर समाजवादी सरकार बनाने का संकल्प दोहराया.

Advertisement

बदहाल स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्था

अखिलेश यादव ने प्रदेश की स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में स्वास्थ्य विभाग वेंटिलेटर पर है और इंसानों के लिए जानवरों वाले इंजेक्शन खरीदे जा रहे हैं. शिक्षा के क्षेत्र में प्राइमरी से लेकर इंटरमीडिएट तक के स्कूलों को बर्बाद कर दिया गया है. अखिलेश ने तंज कसते हुए कहा कि सरकार ने जापान देखने के बाद भी अपनी आंखें बंद कर ली हैं और प्रदेश में कानून-व्यवस्था की सरेआम हत्या हो रही है.

भ्रष्टाचार और 'बर्बादी कॉरिडोर'

लखनऊ के ग्रीन कॉरिडोर को अखिलेश ने 'बर्बादी कॉरिडोर' करार देते हुए इसके डिजाइन को गलत बताया. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा तैयार किए गए इस गलत डिजाइन की वजह से जनता जाम से जूझ रही है. भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने दावा किया कि बीजेपी सरकार में किसानों की जरूरत की चीजें महंगी हो गई हैं और उन्हें जमीन का उचित मूल्य नहीं मिल रहा है. उन्होंने जेवर एयरपोर्ट के उद्घाटन को भी सरकारी संपत्तियों को बेचने की एक कड़ी बताया.

Advertisement

चुनावी रणनीति और अधिकारियों पर सवाल

चुनाव आयोग की भूमिका पर बात करते हुए अखिलेश ने अधिकारियों के तबादलों और पक्षपात पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल की तरह यूपी में भी चुनाव से पहले निष्पक्षता होनी चाहिए. उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ अधिकारी सरकार के दबाव में गलत काम कर रहे हैं, लेकिन अब वे भी परेशान हैं. अखिलेश ने दावा किया कि अगले चुनाव में अन्य प्रदेशों से भाजपा की 'बटालियन' आएगी, लेकिन जनता और पीडीए मिलकर उन्हें सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाएंगे.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement