ताला तोड़कर घर में घुसे, चोरी की, फिर फ्रिज से रबड़ी खाकर रफूचक्कर! आगरा में चोरों ने लड्डू गोपाल को भी नहीं छोड़ा

आगरा कैंट की नॉर्थ रेलवे कॉलोनी में दिनदहाड़े एक रेलवे कर्मचारी के बंद मकान से लाखों के जेवर, नकदी, मोबाइल और मंदिर की गुल्लक चोरी हो गई. चोरों ने लड्डू गोपाल के आभूषण भी चुराए और फ्रिज में रखी रबड़ी खाकर फरार हो गए. पुलिस सीसीटीवी खंगालकर मामले की जांच कर रही है.

Advertisement
आगरा कैंट की नॉर्थ रेलवे कॉलोनी में चोरी से हड़कंप (Photo- ITG) आगरा कैंट की नॉर्थ रेलवे कॉलोनी में चोरी से हड़कंप (Photo- ITG)

नितिन उपाध्याय

  • आगरा ,
  • 31 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 1:43 PM IST

रबड़ी खाकर गए... मंदिर की गुल्लक भी नहीं छोड़ी... और लड्डू गोपाल के आभूषण तक समेट ले गए. सुनने में भले ही यह किसी फिल्मी कहानी जैसा लगे, लेकिन यह हकीकत है आगरा कैंट की नॉर्थ रेलवे कॉलोनी की, जहां दिनदहाड़े चोरों ने एक रेलवे कर्मचारी के बंद मकान को निशाना बनाया. लाखों रुपये के जेवर, नकदी और मोबाइल चोरी करने के बाद चोर फ्रिज में रखी रबड़ी खाकर आराम से फरार हो गए. इस घटना ने रेलवे कॉलोनी की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

Advertisement

मामला थाना सदर क्षेत्र स्थित आगरा कैंट की नॉर्थ रेलवे कॉलोनी का है. यहां जी-8ए क्वार्टर में रहने वाली सोनम पाण्डेय जो रेलवे के पार्सल विभाग में कमर्शियल असिस्टेंट हैं, बुधवार सुबह ड्यूटी पर चली गई थीं. उनके दोनों बच्चे स्कूल गए थे, जबकि घर पर मौजूद उनकी बहन भी सुबह करीब 10 बजे बाहर चली गईं. इसी दौरान चोरों ने सूने मकान का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया.

दोपहर करीब दो बजे जब उनकी बहन वापस लौटीं तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला. घर के अंदर पूरा सामान बिखरा पड़ा था. चोर अलमारी खंगाल चुके थे और कीमती सामान समेटकर ले जा चुके थे.

चोरी में करीब डेढ़ तोला सोने के आभूषण, आधा किलो चांदी के जेवर, एक मोबाइल फोन और पांच हजार रुपये की नकदी शामिल है. चोरों ने घर के मंदिर की गुल्लक भी तोड़ दी और लड्डू गोपाल के आभूषण भी चोरी कर लिए. वारदात को अंजाम देने के बाद फ्रिज में रखी रबड़ी खाई और फिर मौके से फरार हो गए. इससे माना जा रहा है कि बदमाश काफी देर तक घर के अंदर बेखौफ मौजूद रहे.

Advertisement

सूचना मिलते ही थाना सदर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. वहीं, लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से कॉलोनी के लोगों में दहशत है. स्थानीय लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »