ताजमहल के साए में मौजूद आगरा के मशहूर लग्जरी होटल द ओबरॉय अमरविलास में चार युवकों की कथित चालाकी ने होटल प्रबंधन को हैरान कर दिया. आरोप है कि चार दोस्तों ने पहले शाही अंदाज में महंगे व्यंजनों का आनंद लिया और फिर 41 हजार 477 रुपये का बिल चुकाए बिना वहां से फरार हो गए. मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. जानकारी के मुताबिक घटना 7 मई की रात की है. बताया जा रहा है कि असद खान नाम के युवक ने ऑनलाइन माध्यम से होटल के रेस्तरां बेलेव्यू में चार लोगों के लिए टेबल बुक कराई थी. बुकिंग के बाद रात करीब पौने दस बजे चारों युवक ग्वालियर नंबर की एक स्विफ्ट डिजायर कार से होटल पहुंचे.
होटल पहुंचने के बाद चारों ने आराम से बैठकर भोजन किया और रेस्तरां में उपलब्ध महंगे व्यंजनों का आनंद लिया. होटल स्टाफ को भी किसी तरह का संदेह नहीं हुआ क्योंकि सभी सामान्य ग्राहकों की तरह व्यवहार कर रहे थे. कथित तौर पर योजना के तहत जब बिल भुगतान का समय आया तो तीन युवक धीरे-धीरे अपनी सीट से उठकर रेस्तरां से बाहर निकल गए. वो पार्किंग क्षेत्र की तरफ गए और वहां से पैदल ही होटल परिसर छोड़कर चले गए. इस दौरान चौथा युवक असद खान टेबल पर बैठा रहा, जिससे होटल कर्मचारियों को किसी तरह का शक नहीं हुआ.
24 दिन तक तलाश करता रहा होटल प्रबंधन, फिर दर्ज कराया मुकदमा
कुछ समय बाद असद खान भी सिगरेट पीने का बहाना बनाकर बाहर निकल गया. आरोप है कि वह सीधे पार्किंग में पहुंचा और वहां खड़ी अपनी स्विफ्ट डिजायर कार लेकर फरार हो गया. काफी देर तक जब कोई भी ग्राहक वापस नहीं लौटा तो होटल स्टाफ को संदेह हुआ. इसके बाद होटल प्रबंधन ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली. फुटेज देखने पर पूरे घटनाक्रम का पता चला. जांच में सामने आया कि चारों युवक बिना बिल चुकाए होटल से निकल गए थे. होटल प्रशासन ने आरोपियों से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन बुकिंग के समय दिया गया मोबाइल नंबर बंद मिला.
घटना के बाद होटल प्रबंधन ने तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं कराई. बताया गया है कि करीब 24 दिनों तक होटल प्रशासन अपने स्तर पर मामले की जांच और आरोपियों से संपर्क करने की कोशिश करता रहा. जब कोई सफलता नहीं मिली तो पुलिस में शिकायत दी गई. शिकायत के आधार पर ताज सुरक्षा थाना पुलिस ने असद खान और उसके तीन अज्ञात साथियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर लिया है. पुलिस अब मामले की जांच में जुटी हुई है.
ग्वालियर नंबर की कार से पहुंचे थे युवक, पुलिस तलाश में जुटी
जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि जिस स्विफ्ट डिजायर कार से आरोपी होटल पहुंचे थे, उसका पंजीकरण ग्वालियर निवासी मालती नाम की महिला के नाम पर है. पुलिस अब कार के रजिस्ट्रेशन विवरण और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है. एक तरफ शहर का प्रतिष्ठित फाइव स्टार होटल और दूसरी तरफ चार युवकों की कथित योजना. यह मामला अब चर्चा का विषय बना हुआ है. पुलिस का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है और आरोपियों तक पहुंचने के लिए जांच जारी है.
नितिन उपाध्याय