उत्तर प्रदेश में कानपुर बिधनू के एक गांव में लापता बच्ची का शव खेत में गड़ा मिला. नग्न अवस्था और शरीर पर चोट के निशान से आशंका है कि बच्ची से रेप के बाद उसका मर्डर किया गया. परिवार और गांव के लोगों ने बच्ची के साथ हैवानियत और हत्या को लेकर हंगामा किया. पीड़ित परिवार ने एक पड़ोसी पर रेप के बाद हत्या का आरोप लगाया है. मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस अफसर और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची. हत्यारोपियों का सुराग लगाने के लिए पुलिस की टीमें जांच में जुटी हैं.
बिधनू थाना क्षेत्र के एक गांव में रहने वाले युवक ने बताया कि उनकी 11 वर्षीय बेटी पांचवी की छात्रा थी.वह सोमवार शाम बकरी चराने खेत गयी थी, लेकिन वापस नहीं आई. परिजनों ने पुलिस को सूचना देने के साथ खोजबीन शुरू कर दी. देर रात खोजबीन के बाद भी कोई जानकारी नहीं मिली. देर रात खोजबीन के बाद मंगलवार सुबह फिर से परिजन बच्ची की तलाश में जुटे थे, इस दौरान घर से करीब तीन सौ मीटर दूर गेंहू के खेत में परिजनों को ताजा मिट्टी दिखी तो संदेह हुआ. उन्होंने मिट्टी हटाकर देखा तो पैरों तले जमीन खिसक गई.
गड्डे में उनकी बेटी का नग्न अवस्था में शव पड़ा हुआ था.परिवार और गांव के लोगों ने पुलिस को सूचना दी.इसके बाद बिधनू थाने की पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर जांच करने पहुंची.
बच्ची का शव बरामद होने के बाद परिवार में कोहराम मच गया. बच्ची के परिजनों ने पड़ोस में रहने वाले एक युवक पर दुष्कर्म के बाद हत्या कर शव को गाड़ने का आरोप लगाया है. पुलिस ने संदेह के आधार पर पड़ोसी युवक को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है. मामले की जानकारी मिलते ही कानपुर के एडिशनल पुलिस कमिश्नर लॉ एंड ऑर्डर विपिन ताडा भी मौके पर पहुंचे. पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए. एडिशनल सीपी ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. जांच के दौरान उन्हें कई अहम साक्ष्य मिले हैं. जल्द ही आरोपी को अरेस्ट करके मर्डर केस का खुलासा किया जाएगा. बच्ची के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा जा रहा है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट से रेप हुआ या नहीं, हत्या कैसे की गई सब साफ हो जाएगा.
सिमर चावला