बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट के उपचुनाव में जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने जीत दर्ज की है. उन्होंने बीजेपी के नीरज कुमार को 19,324 वोटों से हराया. चुनावी जीत के बाद अब उनकी निजी जिंदगी भी चर्चा में है, खासकर उनकी पत्नी जाह्नवी दास, जिनका जिक्र 25 अगस्त 2024 को प्रशांत किशोर ने पहली बार सार्वजनिक मंच से किया था.
पटना के बापू सभागार में आयोजित जन सुराज महिला संवाद कार्यक्रम के दौरान प्रशांत किशोर ने अपनी पत्नी का परिचय कराते हुए कहा कि अगर वह बिहार में पूरी ताकत से काम कर पा रहे हैं, तो उसके पीछे उनकी पत्नी का बड़ा योगदान है.
उन्होंने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आपका भाई इसलिए काम कर पा रहा है, क्योंकि कोई महिला पीछे से घर-परिवार की जिम्मेदारी उठा रही है.
कौन हैं जाह्नवी दास?
जाह्नवी दास असम की रहने वाली हैं और पेशे से डॉक्टर रही हैं. उनकी मुलाकात प्रशांत किशोर से संयुक्त राष्ट्र (यूएन) के हेल्थ प्रोग्राम में काम करने के दौरान हुई थी. साथ काम करते-करते दोनों की दोस्ती हुई, जो बाद में रिश्ते में बदल गई. दोनों ने शादी की और उनका एक बेटा भी है.
डॉक्टर का करियर छोड़ संभाला परिवार
प्रशांत किशोर के मुताबिक, जाह्नवी ने अपना मेडिकल करियर छोड़ दिया ताकि वह परिवार की जिम्मेदारियां संभाल सकें. उन्होंने कार्यक्रम में कहा कि उनकी पत्नी की वजह से ही वह बिहार की राजनीति और जन सुराज अभियान को पूरा समय दे पा रहे हैं. फिलहाल जाह्नवी अपने पति और बेटे के साथ बिहार में रहती हैं. हालांकि, वह सार्वजनिक कार्यक्रमों और राजनीतिक मंचों से ज्यादातर दूर ही रहती हैं.
चुनावी जीत के बाद बढ़ी चर्चा
बांकीपुर सीट पर जीत के बाद सोशल मीडिया पर जहां प्रशांत किशोर की राजनीतिक रणनीति की चर्चा हो रही है, वहीं कई लोग उनकी पत्नी के योगदान को भी याद कर रहे हैं. पहली बार सार्वजनिक मंच से उनके बारे में की गई बातों ने लोगों का ध्यान खींचा है.
aajtak.in