किसी ने समुद्र किनारे प्रपोज किया, किसी ने बर्फीले पहाड़ों पर. लेकिन क्या आपने कभी सुना है कि किसी ने 1,454 फीट (443 मीटर) की ऊंचाई पर दुनिया की सबसे मशहूर इमारतों में से एक की चोटी पर घुटनों के बल बैठकर अपने पार्टनर को शादी के लिए प्रपोज किया हो?
सुनने में यह किसी हॉलीवुड फिल्म का सीन लगता है, लेकिन यह हकीकत है. यही वजह है कि इस वक्त सोशल मीडिया पर एक वीडियो करोड़ों लोगों का ध्यान खींच रहा है. वीडियो में एक कपल मौत को मात देता नजर आता है और अगले ही पल प्यार का इजहार करता है. लेकिन कहानी यहीं खत्म नहीं होती. इस रोमांटिक पल के कुछ ही देर बाद दोनों पुलिस की गिरफ्त में पहुंच जाते हैं.
तो आखिर ये कपल कौन है? इन्होंने ऐसा जोखिम क्यों उठाया? और क्या सिर्फ एक प्रपोजल के लिए किसी की जान दांव पर लग सकती है?
कौन हैं एंजेला और इवान?
वीडियो में नजर आने वाले कपल हैं 33 वर्षीय एंजेला निकोलाउ और 32 वर्षीय इवान बीर्कुस (वान्या). अगर आप सोशल मीडिया पर एडवेंचर वीडियो देखते हैं, तो संभव है कि आपने इन दोनों को पहले भी देखा हो.
पिछले 10 साल से दोनों दुनिया की सबसे ऊंची इमारतों, क्रेनों और टावरों पर बिना किसी सेफ्टी हार्नेस के चढ़ते रहे हैं. यही वजह है कि इन्हें दुनिया के सबसे चर्चित रूफटॉपर कपल में गिना जाता है.
इनकी प्रेम कहानी इतनी अलग है कि साल 2024 में Netflix ने इस पर 'Skywalkers: A Love Story' नाम से डॉक्यूमेंट्री भी बनाई. इसमें दिखाया गया कि कैसे दोनों का रिश्ता भरोसे, रोमांच और मौत से आंखें मिलाने वाले जुनून पर टिका है.
फिर आया सबसे बड़ा सरप्राइज...
इस बार दोनों ने दुनिया की सबसे मशहूर इमारतों में शामिल एम्पायर स्टेट बिल्डिंग को चुना.रिपोर्ट्स के मुताबिक, दोनों रात के समय इमारत के अंदर छिप गए और सुबह होने का इंतजार किया. जैसे ही मौका मिला, वे बिना अनुमति बिल्डिंग के सबसे ऊपरी हिस्से यानी स्पायर (एंटीना) तक पहुंच गए. करीब 1,454 फीट की ऊंचाई पर पहुंचकर उन्होंने एक बड़ा बैनर खोला, जिस पर लिखा था-जब प्यार की ताकत, ताकत के प्यार पर भारी पड़ती है, तब दुनिया में शांति आती है. इसके बाद जो हुआ, उसने इस स्टंट को पूरी दुनिया में चर्चा का विषय बना दिया.
इवान अचानक घुटनों के बल बैठ गए. उनके हाथ में अंगूठी थी. सामने खड़ी एंजेला कुछ पल के लिए मुस्कुराईं और फिर उन्होंने 'Yes' कह दिया. दोनों ने एक-दूसरे को गले लगाया और किस किया. यह पूरा दृश्य कैमरे में रिकॉर्ड हो गया.
लेकिन खुशी ज्यादा देर नहीं टिक सकी...
प्रपोजल का वीडियो वायरल होते ही इसकी चर्चा हर तरफ होने लगी. मगर दूसरी ओर न्यूयॉर्क पुलिस भी हरकत में आ चुकी थी.दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया. उन पर बिना अनुमति इमारत में घुसने, प्रतिबंधित हिस्से तक पहुंचने, अपनी और दूसरों की जान खतरे में डालने और सरकारी संपत्ति से जुड़े नियमों का उल्लंघन करने जैसे आरोप लगाए गए.बाद में कोर्ट में पेशी के बाद उन्हें शर्तों के साथ रिहा कर दिया गया. हालांकि मामला अभी भी अदालत में लंबित है.
आखिर ऐसा जोखिम क्यों?
यही सवाल सोशल मीडिया पर सबसे ज्यादा पूछा जा रहा है. क्या यह सिर्फ वायरल होने की कोशिश थी? या फिर यह प्यार जताने का उनका अपना अनोखा तरीका?
मनोवैज्ञानिकों का कहना है कि बेहद खतरनाक और रोमांच से भरे माहौल में इंसान की भावनाएं और भी गहरी हो जाती हैं. इसे 'Misattribution of Arousal' कहा जाता है. हालांकि एंजेला और इवान के लिए यह कोई नया अनुभव नहीं था. उनका रिश्ता ही ऐसे एडवेंचर पर बना है, जहां हर कदम पर भरोसा सबसे बड़ी सुरक्षा बन जाता है.
दुनिया दो हिस्सों में बंट गई
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की राय भी बंट गई. कुछ लोगों ने इसे दुनिया का सबसे यादगार प्रपोजल बताया, तो कई लोगों ने कहा कि किसी भी रिश्ते के लिए अपनी जान दांव पर लगाना समझदारी नहीं है. कई यूजर्स का मानना है कि अगर एक छोटी-सी चूक हो जाती, तो यह वीडियो प्यार की नहीं, बल्कि एक दर्दनाक हादसे की कहानी बन जाता.
आखिर सवाल यही है...
क्या प्यार की कोई ऊंचाई होती है?
शायद नहीं. लेकिन एंजेला और इवान ने यह जरूर दिखा दिया कि कुछ लोग अपने प्यार का इजहार करने के लिए सचमुच आसमान छूने की हिम्मत रखते हैं.
aajtak.in