अहमदाबाद से मुंबई जा रही प्रीमियम ट्रेन वंदे भारत एक्सप्रेस में एक ऐसी घटना सामने आई, जिसने यात्रियों को हैरान कर दिया और रेलवे की खानपान व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए. यात्रा के दौरान एक यात्री को परोसे गए खाने में कीड़ा मिलने की शिकायत सामने आई, जिसके बाद पूरे कोच में हड़कंप मच गया. यह मामला 6 अप्रैल 2026 का बताया जा रहा है, जब मुंबई के एक बिजनेसमेन आदित्य डिडवानिया इस ट्रेन से सफर कर रहे थे. उन्होंने अपने अनुभव को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर शेयर किया. पोस्ट में उन्होंने कुछ तस्वीरें और वीडियो भी पोस्ट किए, जिनमें साफ तौर पर खाने में कीड़ा दिखाई दे रहा था.
सोशल मीडिया पर तेजी से पोस्ट वायरल
आदित्य डिडवानिया ने अपने पोस्ट में बताया कि यह सिर्फ एक प्लेट तक सीमित मामला नहीं था. उनके अनुसार, उसी कोच में कम से कम दो यात्रियों को ऐसे ही अनुभव का सामना करना पड़ा. उन्होंने लिखा कि जैसे ही यह बात फैली, कोच में मौजूद बाकी यात्रियों ने तुरंत खाना-पीना बंद कर दिया. यह स्थिति यात्रियों के लिए बेहद असहज और चिंताजनक थी. यह घटना सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है. लोगों ने इस पर कड़ी प्रतिक्रिया दी और भारतीय ट्रेनों में मिलने वाले खाने की क्वालिटी और स्वच्छता पर सवाल उठाए. कई यूजर्स ने कहा कि जब प्रीमियम ट्रेन में ऐसा हो सकता है, तो बाकी ट्रेनों की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है.
अधिकारियों से सख्त कार्रवाई की मांग
आदित्य डिडवानिया ने अपने पोस्ट में अधिकारियों से सख्त कार्रवाई की मांग की. उन्होंने कहा कि इस मामले की पूरी जांच होनी चाहिए और यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि खाना Food Safety and Standards Authority of India के मानकों के अनुसार तैयार किया जा रहा है या नहीं. उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि अगर जांच में लापरवाही सामने आती है, तो संबंधित विक्रेता का लाइसेंस रद्द कर दिया जाना चाहिए.
मामले की गंभीरता को देखते हुए Indian Railway Catering and Tourism Corporation ने तुरंत प्रतिक्रिया दी. IRCTC ने इस घटना के लिए यात्रियों से माफी मांगी और कहा कि इस शिकायत को बेहद गंभीरता से लिया गया है. जांच के बाद संबंधित फूड सप्लायर पर 10 लाख रुपये का भारी जुर्माना लगाया गया.
इसके अलावा, उस विक्रेता को अनुबंध समाप्त करने का नोटिस भी जारी किया गया है. जिस किचन से खाना तैयार हुआ था, उसे भी सील कर दिया गया है और वहां गहन सफाई तथा कीट नियंत्रण (पेस्ट कंट्रोल) के निर्देश दिए गए हैं. IRCTC ने यह भी स्पष्ट किया कि यात्रियों की सुरक्षा और स्वच्छता उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है. सोशल मीडिया पर इस घटना को लेकर लोगों की नाराजगी साफ दिखाई दी. कई यूजर्स ने कहा कि ट्रेनों में खाने की गुणवत्ता पर नियमित जांच होनी चाहिए. कुछ लोगों ने यह भी कहा कि वे अब ट्रेन का खाना खाने से बचते हैं और अपना खाना साथ लेकर चलते हैं.
'प्रीमियम ट्रेन में इस तरह की घटना बिल्कुल अस्वीकार्य'
एक यूजर ने लिखा कि लंबी यात्रा के दौरान वह हमेशा बाहर से खाना ऑर्डर करना पसंद करता है, क्योंकि ट्रेन के खाने पर भरोसा नहीं रह गया है. वहीं, एक अन्य यूजर ने कहा कि वंदे भारत जैसी प्रीमियम ट्रेन में इस तरह की घटना बिल्कुल अस्वीकार्य है.कुछ लोगों ने रेलवे की टेंडर प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए. उनका कहना है कि खानपान सेवाओं के लिए ठेके देने की प्रक्रिया में पारदर्शिता और सख्ती की जरूरत है, ताकि इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों.
यह घटना एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर करती है कि यात्रियों को मिलने वाला खाना कितना सुरक्षित है. भारत में हर दिन लाखों लोग ट्रेन से यात्रा करते हैं और उनमें से बड़ी संख्या ट्रेन के खाने पर निर्भर होती है. ऐसे में खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता बेहद जरूरी हो जाती है.
aajtak.in