इंटरनेट पर एक वीडियो वायरल हो रहा है. इसमें एक स्टोर के बाहर खड़े गार्ड को दिखाया गया है, जो 12 घंटे से लगातार खड़ा अपनी ड्यूटी कर रहा है. उसने कैमरे पर जो अपना दर्द बयां किया. उसे सुन किसी की आंखों में आंसू आ जाए.
ऑफिस, दुकान, मॉल और दूसरे प्रतिष्ठानों के सामने खड़े सिक्योरिटी गार्ड लगातार खड़े होकर अपनी ड्यूटी करते हैं. 10-10, 12-12 घंटे एक ही जगह पर लगातार खड़े रहते हैं. इस तरह लगातार 12 घंटे तक खड़े रहने पर किसी के भी पैर में दर्द या सूजन हो सकती है. फिर भी सिक्योरिटी गार्ड की जॉब करने वाले लोग रोजी-रोटी के लिए रोज- रोज ये दर्द सहते हैं. फिर भी कुछ देर बैठने के लिए उन्हें एक कुर्सी या स्टूल नहीं दी जाती.
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक यूजर ने ऐसे ही एक गार्ड का वीडियो पोस्ट कर उसके दर्द को दिखाया है. एक्स पर @ChapraZila नाम के हैंडल से एक वीडियो शेयर किया गया है. इसके कैप्शन में लिखा है - दिनभर खड़े होकर ड्यूटी करने वाले सिक्योरिटी गार्ड्स के लिए इस महिला ने उठाई एक छोटी लेकिन बेहद जरूरी मांग. आखिर उन्हें भी बैठने के लिए एक कुर्सी तो मिलनी ही चाहिए.
किसी स्टोर के बाहर खड़े एक गार्ड से वीडियो बना रही महिला पूछती है - भैया कितने घंटे का काम है आपका. इस पर वह जवाब देता है - 12 घंटे का. महिला पूछती आप 12 घंटे यहीं पर लगातार खड़े रहते हो. गार्ड ने बताया कि हर दिन उसे 12 घंटे इसी तरह खड़े होकर ड्यूटी करनी पड़ती है.
फिर महिला गार्ड से उसकी कंपनी का नाम पूछती है. इसके बाद वह बताता है कि लगातार खड़े रहने की वजह से उसका पैर सूज गया है. महिला पूछती है कि क्या आपको एक कुर्सी मिलनी चाहिए क्या नहीं. इस पर गार्ड जवाब देता है कि जरूर एक कुर्सी होनी चाहिए. क्योंकि, कम से कम दो घंटे पर भी 10 मिनट के लिए आराम करने से पैरों में तकलीफ या सूजन तो नहीं होगी.
महिला बोलती है कि एक कुर्सी तो मिलनी ही चाहिए. साइड में एक कुर्सी रहे तो कोई बुराई नहीं है. कुर्सी मिलना तो सम्मान की बात है. एक कुर्सी रहने पर आदमी जब ज्यादा थक जाए तो थोड़ी देर के लिए बैठ तो सकता है.
यह भी पढ़ें: हाथ में मूली-गाजर... सब्जी मंडी में रैंप वॉक करते दिखे मॉडल्स! यहां देखें वीडियो
आगे महिला गार्ड से बोलती है कि यह काम बहुत कष्टदायक होता होगा ना? क्योंकि 12 घंटे तक लगातार खड़े रहना छोटी बात नहीं है. ऐसे में एक कुर्सी दे देने से क्या ही हो जाएगा. कम से कम आदमी को कुछ देर के लिए ही सही आराम करने का मौका तो मिलेगा.
इस वीडियो में महिला सिक्योरिटी गार्ड्स को सम्मान देने की मांग करती नजर आ रही हैं. महिला ने साफ तौर पर कहा कि एक कुर्सी तो हर गार्ड को मिलना ही चाहिए.
aajtak.in