आप सुबह-सुबह किसी के घर पहुंचें और अंदर का नजारा देखकर आपके होश उड़ जाएं. फ्रिज टूटा पड़ा हो, घर का सामान बिखरा हो, टीवी चल रहा हो और सोफे पर कोई आराम से खर्राटे ले रहा हो. लेकिन वह कोई इंसान नहीं, बल्कि एक विशालकाय भालू हो तो क्या होगा?
रूस के एक गांव में कुछ ऐसा ही हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां एक भूखा भालू घर में घुसा, फ्रिज को अपने दांतों और पंजों से तहस-नहस कर दिया, टीवी चालू किया और खाना खाने के बाद सोफे पर ही सो गया.
खिड़की तोड़कर घर में घुसा भालू
डेली स्टार की रिपोर्ट के मुताबिक, यह अजीबोगरीब घटना रूस के टॉम्स्क इलाके के दूरदराज के गांव न्योगोत्का की है. बताया गया कि घर की मालकिन उस समय वहां मौजूद नहीं थी. इसी का फायदा उठाकर एक भूखे भालू ने खिड़की तोड़ी और घर के अंदर घुस गया. इसके बाद उसने पूरे घर में जमकर उत्पात मचाया. सामान इधर-उधर फेंक दिया और दीवारों पर लगी तस्वीरों तक को नीचे गिरा दिया.
जिले की अधिकारी ल्यूडमिला गैवरिलोवा के मुताबिक, भालू ने घर में रखे फ्रिज को भी अपने दांतों और पंजों से बुरी तरह तोड़ दिया. ऐसा लगता है कि उसे फ्रिज के अंदर खाने की कोई चीज मिल गई थी. उसने वहां रखा मांस और अंडे भी खा लिए. इस दौरान घर का सामान पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया.
टीवी चालू किया और सोफे पर लेट गया
इस घटना का सबसे हैरान करने वाला हिस्सा तब सामने आया, जब भालू घर में तोड़फोड़ करने के बाद सोफे पर जाकर सो गया. बताया गया कि घर में इधर-उधर घूमते और सामान बिखेरते समय किसी तरह उसका पंजा टीवी के स्विच पर पड़ गया और टीवी चालू हो गया. इसके बाद खाना खाने के बाद वह सोफे पर आराम से लेट गया और गहरी नींद में सो गया.
अगली सुबह जब महिला के कुछ रिश्तेदार घर पहुंचे तो उन्हें अंदर से खर्राटों की आवाज सुनाई दी. वे घर में दाखिल हुए तो सामने का नजारा देखकर डर गए. सोफे पर एक विशालकाय भालू आराम से सो रहा था. दरअसल, वे घर में चूल्हा जलाने और बिल्लियों को खाना खिलाने आए थे.
हमले के डर से ग्रामीणों ने मार गिराया भालू
सोफे पर सो रहे भालू को देखकर घर पहुंचे शख्स ने वहां से भागकर अपनी जान बचाई और तुरंत मदद के लिए लोगों को बुलाया. अधिकारियों के मुताबिक, भालू काफी कमजोर और भूखा दिखाई दे रहा था. हालांकि, ग्रामीणों को डर था कि वह दोबारा किसी पर हमला कर सकता है. इसी आशंका के चलते गांव वालों ने उसे गोली मार दी.
इस इलाके में भालू के हमलों का खतरा पहले से ही बना हुआ था. इस घटना से एक दिन पहले ही टोल्पारोव्स्की जिले में भालू के हमले में मारे गए 55 साल के एक व्यक्ति के अवशेष मिले थे.
रूस के दूसरे इलाके में भी भालू का हमला
रूस के यमालो-नेनेत्स इलाके के उरेनगोय गांव में भी भालू के हमले की एक गंभीर घटना सामने आई. यहां एक भालू ने 44 साल के व्यक्ति पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई. वहीं, एक अन्य भालू ने 64 साल के मछुआरे पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया. घायल मछुआरे को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया.
यह भी पढ़ें: 'मरने से पहले दिखती हैं एक 'खूबसूरत' चीज…' नर्स ने सुनाई अपनी एक्सपीरिएंस की कहानी
लगातार हो रहे इन हमलों को देखते हुए लोगों को जंगलों में जाने से बचने की सलाह दी गई है. खासतौर पर मशरूम और जंगली बेर इकट्ठा करने के लिए जंगलों में जाने वालों को सतर्क रहने को कहा गया है.
aajtak.in