चिकन फ्राई करते- करते बीच में ही सो गया शख्स, फ्लैट में लग गई आग

एक टूरिस्ट अपने फ्लैट में चिकन फ्राई करते- करते सो गया. इधर, काफी देर तक गैस स्टोव जलते रहने और उस पर रखी कढ़ाई में चिकन जलकर राख हो गया और पूरी बिल्डिंग में धुआं भर गया. हालात आग लगने जैसी हो गई थी.

Advertisement
चिकन बनाते- बनाते सो जाने के बाद घर में आग लग गई (Photo - AI Generated) चिकन बनाते- बनाते सो जाने के बाद घर में आग लग गई (Photo - AI Generated)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 05 नवंबर 2026,
  • अपडेटेड 4:19 PM IST

कभी-कभी छोटी सी लापरवाही बड़ी मुसीबत बन सकती है. ऐसा ही एक मामला थाईलैंड के पटाया शहर से सामने आया है, जहां एक विदेशी पर्यटक चिकन फ्राई करते-करते ही सो गया. उसने शराब पी रखी थी और खाना बनाने के दौरान उसकी आंख लग गई. उधर, गैस पर रखा चिकन जलता रहा और फ्लैट से धुआं निकलकर पूरी बिल्डिंग में फैल गया. इसके बाद ऐसा हड़कंप मचा कि पूरी इमारत के लोगों को अपने फ्लैट खाली करने पड़े.

Advertisement

यह घटना 31 अक्टूबर की सुबह की है. ब्रिटेन के अखबार डेली स्टार की रिपोर्ट के मुताबिक, नीदरलैंड का रहने वाला 30 साल का फेतुल्लाह एजका थाईलैंड के मशहूर पर्यटन शहर पटाया के लगुना बीच रिजॉर्ट स्थित एक अपार्टमेंट में ठहरा हुआ था. घटना वाली रात उसने शराब पी थी. इसके बाद वह अपने लिए डिनर तैयार करने लगा. उसने चिकन फ्राई करने के लिए गैस पर पैन रखा, लेकिन खाना पकाने के दौरान ही उसे नींद आ गई.

शख्स चिकन को गैस पर छोड़कर अपने बिस्तर पर सो गया. उसने न तो गैस बंद की और न ही पैन को चूल्हे से हटाया. कुछ ही देर में चिकन जलने लगा और फ्लैट से धुआं निकलने लगा. देखते ही देखते धुआं बिल्डिंग की तीसरी से पांचवीं मंजिल तक फैल गया.

बिल्डिंग में रहने वाले लोगों को जब कॉरिडोर में धुआं दिखाई दिया तो अफरा-तफरी मच गई. लोग अपनी जान बचाने के लिए फ्लैट से बाहर निकलने लगे. सुबह करीब 4:30 बजे स्थानीय पुलिस को इसकी सूचना दी गई. मामले की गंभीरता को देखते हुए तीन दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया.

Advertisement

पुलिस ने दरवाजा खटखटाकर लोगों को जगाया
धुएं की वजह से बिल्डिंग में रहने वाले कई लोग सो रहे थे और उन्हें खतरे का अंदाजा नहीं था. ऐसे में पुलिसकर्मियों ने एक-एक फ्लैट का दरवाजा खटखटाना शुरू किया. उन्होंने लोगों को नींद से जगाया और सुरक्षित बाहर निकलने में मदद की.

करीब 30 मिनट तक जांच करने के बाद पुलिस को तीसरी मंजिल के फ्लैट नंबर 304 से धुआं निकलने का पता चला. वहां से जलने की तेज गंध भी आ रही थी. इसके बाद कॉन्डोमिनियम के कर्मचारियों ने अतिरिक्त चाबी की मदद से फ्लैट का दरवाजा खोला.

अंदर का नजारा देखकर पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए. गैस पर रखे फ्राइंग पैन में चिकन पूरी तरह जल चुका था. पास ही एक कटिंग बोर्ड पर कच्चा चिकन भी रखा हुआ था. वहीं, फ्लैट में रहने वाला फेतुल्लाह अपने बिस्तर पर गहरी नींद में सो रहा था.

पुलिसकर्मियों ने हिलाकर जगाया
हैरानी की बात यह थी कि बिल्डिंग में इतना हंगामा होने और पुलिस के पहुंचने के बावजूद शख्स की नींद नहीं खुली थी. पुलिसकर्मियों ने कई बार आवाज लगाकर उसे जगाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं उठा. आखिरकार पुलिस को उसे हिलाकर जगाना पड़ा.

जब उसकी आंख खुली तो वह अपने कमरे में पुलिस और आपातकालीन कर्मचारियों को देखकर हैरान रह गया. उसे समझ नहीं आ रहा था कि आखिर उसके फ्लैट में इतने लोग क्यों मौजूद हैं.

Advertisement

पूछताछ में उसने बताया कि खाना बनाने से पहले उसने शराब पी थी. इसके बाद उसने चिकन फ्राई करने के लिए गैस पर पैन रखा, लेकिन बिस्तर पर लेटते ही उसे नींद आ गई. वह गैस बंद करना ही भूल गया.

किसी की जान नहीं गई, लेकिन मच गई दहशत
फायर फाइटर सिरिवात प्रावित ने बताया कि कॉन्डोमिनियम में धुआं भरने की सूचना मिलने के बाद पुलिस और दमकलकर्मियों को जांच के लिए भेजा गया था. कमरे में पहुंचने पर उन्हें गैस पर रखा जला हुआ चिकन और सोता हुआ विदेशी नागरिक मिला. उन्होंने कई बार आवाज लगाई, लेकिन वह तब तक नहीं उठा, जब तक उसे हिलाया नहीं गया.

इस घटना में किसी के घायल होने या जान जाने की खबर नहीं है. हालांकि, धुएं की वजह से पूरी बिल्डिंग में रहने वाले लोगों के बीच दहशत फैल गई थी.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »