एक अस्पताल ने अपने मरीज के ऑपरेशन के दौरान का वीडियो शेयर किया है. इसमें बताया गया है कि शख्स जानलेवा बीमारी से पीड़ित है. उसकी ब्रेन ट्यूमर की सर्जरी हो रही थी. इस दौरान उसने गिटार बजाया. अमेरिका के मियामी में स्थित सिलवेस्टर कॉम्प्रिहेंसिव कैंसर सेंटर ने इसका वीडियो अपने यूट्यूब चैनल पर शेयर किया है. इस वीडियो में शख्स को गिटार बजाते देखा जा सकता है. वो पेशे से एक म्यूजिशियन है.
सेंटर ने वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा है कि डॉक्टर रिकार्डो कोमोतार क्रिश्चियन नोलन नामक शख्स की सर्जरी कर रहे थे. ये सर्जरी 10 दिसंबर, 2023 को हुई और सेंटर ने इसका वीडियो चार दिन पहले शेयर किया. सेंटर ने कहा कि नोलन के लिए ब्रेन की सर्जरी के दौरान जागते रहना जरूरी था, ताकि डॉक्टर ट्यूमर हटाते समय शरीर से जुड़ी अन्य चीजों का मूल्यांकन कर सकें. वीडियो में नोलन अपने गिटार पर एक धुन बजाते हुए दिखाई दे रहे हैं, जबकि सर्जन उनकी सर्जरी कर रहे हैं. वीडियो में उनके डॉक्टर कोमोतार को पूरी प्रक्रिया समझाते हुए और यह कहते हुए भी दिखाया गया है कि सर्जरी के बाद नोलन कैसे हैं.
क्रिश्चियन नोलन ने अपनी सर्जरी को लेकर क्या कहा?
स्थानीय न्यूज आउटलेट WSVN Miami से बात करते हुए क्रिश्चियन नोलन ने कहा, 'यह काफी अलग चीज थी. जैसे जागना भी और लोग आपके दिमाग के अंदर सक्रिय रूप से काम कर रहे हों. यह एक तरह का पागलपन भरा एहसास है. जिम जाने और फिर से सक्रिय होने में सक्षम होना, ये मेरे जीवन का एक बड़ा हिस्सा है. यह बहुत आश्चर्यजनक रहा है, जैसे कुछ दोबारा हासिल करना.' न्यूज आउटलेट में कहा गया कि सर्जरी की शुरुआत में नोलन सो रहे थे. दो घंटे की प्रक्रिया के अंत में डॉक्टरों द्वारा जगाए जाने के बाद वह अपना गिटार बजाने लगे.
क्या बोले सर्जरी करने वाले डॉक्टर?
डॉक्टर ने कहा, 'जब हम ट्यूमर निकाल रहे थे, तो मरीज का जागे रहना और गिटार बजाना हमें जितना संभव हो उतना अच्छा करने में मदद देता है. सर्जन इस पूरी प्रक्रिया का केवल एक छोटा सा हिस्सा होते हैं. ये अद्भुत न्यूरोएनेस्थेसियोलॉजिस्ट, नर्सों, तकनीशियनों, न्यूरो-ऑन्कोलॉजिस्ट और रेडिएशन ऑन्कोलॉजिस्ट के बिना संभव नहीं है.'
aajtak.in