बिहार में शराबबंदी के बावजूद तस्कर शराब पहुंचाने के लिए नए-नए तरीके अपना रहे हैं. ऐसा मामला सामने आया है, जहां तस्करी के लिए गैस सिलेंडर के अंदर ही छिपने की जगह बना दी गई. बाहर से सिलेंडर सामान्य दिखाई दे रहा था, लेकिन जांच के दौरान उसके अंदर शराब छिपी मिली.
सिलेंडर देखकर पुलिस को हुआ शक
मामला गोपालगंज का बताया जा रहा है. रिपोर्ट के मुताबिक, एक व्यक्ति बाइक पर गैस सिलेंडर लेकर जा रहा था. पहली नजर में सिलेंडर सामान्य दिखाई दे रहा था. लेकिन जांच के दौरान पुलिस को उसके साथ छेड़छाड़ किए जाने का शक हुआ. इसके बाद सिलेंडर की बारीकी से जांच की गई.
सिलेंडर के अंदर बनी थी छिपी जगह
जांच में पता चला कि सिलेंडर को इस तरह से काटकर तैयार किया गया था कि उसके अंदर शराब रखने की जगह बनाई जा सके. बाहर से देखने पर यह बदलाव आसानी से नजर नहीं आ रहा था. पुलिस ने जब सिलेंडर को खोला तो अंदर शराब छिपाकर रखी गई थी.
देखें वीडियो
127 पीस देसी शराब बरामद
पुलिस के मुताबिक, सिलेंडर के अंदर से कुल 127 पीस देसी शराब बरामद हुई. इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था.
यह भी पढ़ें: शराबबंदी वाले बिहार में 'सूखा नशा' बना नई मुसीबत, हाजीपुर में 2 महीने में 100 से ज्यादा युवा HIV पॉजिटिव
बिहार में तस्करी के लिए नए तरीके
बिहार में 2016 से शराबबंदी लागू है, लेकिन इसके बावजूद शराब की तस्करी के मामले लगातार सामने आते रहे हैं. तस्कर वाहनों और सामान के अंदर अलग-अलग तरह के गुप्त कंपार्टमेंट बनाकर शराब छिपाने की कोशिश करते हैं. हाल में गोपालगंज में एक स्कॉर्पियो के इंजन, बॉडी, चेचिस और स्टेपनी तक में गुप्त जगह बनाकर शराब छिपाने का मामला भी सामने आया था.
कभी सिलेंडर, कभी गाड़ी में बना देते हैं तहखाना
रिपोर्टों के मुताबिक, शराब तस्करी में इस्तेमाल होने वाले तरीकों में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है. कहीं गैस सिलेंडर की आड़ ली जा रही है तो कहीं गाड़ियों के अंदर अलग से कंपार्टमेंट बनाए जा रहे हैं. गोपालगंज के इस मामले में भी तस्करों ने सिलेंडर के अंदर ही शराब छिपाने की जगह तैयार कर दी थी.
aajtak.in