आज के समय में महिलाएं हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं. पहले जहां कुछ काम सिर्फ पुरुषों के लिए माने जाते थे, वहीं अब महिलाएं भी उन कामों को पूरी मेहनत और आत्मविश्वास के साथ कर रही हैं. सोशल मीडिया पर इन दिनों बेंगलुरु की एक महिला ऑटो ड्राइवर की कहानी तेजी से वायरल हो रही है. इस महिला ने अपने काम को लेकर जो बात कही, उसने लाखों लोगों का दिल जीत लिया.
दरअसल, बेंगलुरु में रहने वाली श्रेयाशी सिन्हा, जो अमेज़न में काम करती हैं, उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया. इस वीडियो में एक महिला ऑटो चलाती हुई दिखाई दे रही है. श्रेयशी ने बताया कि एक दिन उन्होंने ऑटो बुक किया था. जब ऑटो ड्राइवर उन्हें लेने आई, तब उसके फोन में कुछ दिक्कत हो रही थी. इसलिए उसने श्रेयाशी से रास्ता बताने को कहा. रास्ते में दोनों के बीच बातचीत शुरू हो गई और फिर एक ऐसी बात सामने आई, जिसने लोगों को सोचने पर मजबूर कर दिया.
अमेज़न कर्मचारी ने शेयर किया वीडियो
श्रेयाशी ने महिला से पूछा कि उसने ऑटो चलाने का काम क्यों चुना. इस पर महिला ने मुस्कुराते हुए बहुत सरल लेकिन दिल छू लेने वाला जवाब दिया. उसने कहा, बर्तन मांजने से तो अच्छा है ऑटो चलाना, क्योंकि मुझे घूमना भी पसंद है. यहां समय की भी कोई पाबंदी नहीं है. जितना मन करे, जब मन करे ऑटो चला सकती हूं और कहीं भी जा सकती हूं. महिला की यह बात सोशल मीडिया पर लोगों को बहुत पसंद आई. लोगों ने कहा कि यह सिर्फ नौकरी नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर बनने की सोच है. महिला ने साफ बताया कि वह ऐसा काम करना चाहती थी जिसमें उसे आजादी मिले, अपनी मर्जी से काम करने का मौका मिले और किसी पर निर्भर न रहना पड़े.
लोगों को पसंद आई महिला की सोच
श्रेयाशी ने अपनी पोस्ट में लिखा कि उन्हें उन महिलाओं पर गर्व है जो ऐसे काम चुनती हैं जो उन्हें स्वतंत्रता और आत्म सम्मान देते हैं. उन्होंने कहा कि इस महिला की सोच और आत्मविश्वास ने उन्हें काफी प्रभावित किया. देखते ही देखते यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. लाखों लोगों ने इसे देखा और महिला की तारीफ की. कई यूजर्स ने कमेंट में लिखा कि यही असली आजादी है. कुछ लोगों ने कहा कि इस महिला का आत्मविश्वास किसी बड़े मोटिवेशनल स्पीकर से भी ज्यादा प्रेरणादायक है.
एक यूजर ने लिखा- हर उस महिला को सलाम जो अपनी जिंदगी के फैसले खुद लेती है. वहीं दूसरे ने कहा- यह सिर्फ ऑटो नहीं चला रहीं, बल्कि अपनी जिंदगी खुद चला रही हैं. कई लोगों ने यह भी कहा कि काम कोई छोटा या बड़ा नहीं होता. सबसे जरूरी बात यह है कि इंसान मेहनत और सम्मान के साथ अपना काम करे.
सोशल मीडिया पर लोगों ने की जमकर तारीफ
इस कहानी ने लोगों को यह भी समझाया कि आज की महिलाएं सिर्फ घर तक सीमित नहीं रहना चाहतीं. वे अपने फैसले खुद लेना चाहती हैं और अपनी पहचान बनाना चाहती हैं. चाहे काम कोई भी हो, अगर उसमें सम्मान और आत्मनिर्भरता है, तो वही सबसे बड़ी बात होती है. बेंगलुरु की इस महिला ऑटो ड्राइवर की कहानी अब हजारों लोगों के लिए प्रेरणा बन चुकी है. उसने यह साबित कर दिया कि जिंदगी में सबसे जरूरी चीज अपने मन की जिंदगी जीना और खुद पर भरोसा रखना है.
aajtak.in