मान लीजिए आपने अपनी विदेश यात्रा के लिए महीनों पहले तैयारी की. सस्ती फ्लाइट टिकट बुक कर ली, सही वीजा भी मिल गया और पासपोर्ट की डेट भी चेक कर ली. लेकिन फिर भी एयरपोर्ट पहुंचते ही इमिग्रेशन अधिकारी आपको रोक दें और कहें कि आप सफर नहीं कर सकते, तो कैसा लगेगा? सुनकर अजीब लग सकता है, लेकिन आपकी एक छोटी सी और अनजानी गलती आपकी पूरी मेहनत और पैसों पर पानी फेर सकती है.
अक्सर जब हम घूमने जाते हैं, तो कई टूरिस्ट जगहों पर मेमोरी या स्मृति चिन्ह के तौर पर पासपोर्ट पर मुहर लगवा लेते हैं. हमें लगता है कि यह तो बस एक याद है, लेकिन इमिग्रेशन अधिकारियों की नजर में यह एक गंभीर मामला हो सकता है. पासपोर्ट पर लगी ये गैर-आधिकारिक मुहरें आपकी सुरक्षा जांच को मुश्किल बना सकती हैं. इमिग्रेशन अधिकारी ऐसी मुहरों को संदेह की नजर से देखते हैं, जिससे आपको बेवजह की पूछताछ और देरी का सामना करना पड़ सकता है.
यह भी पढ़ें: भारतीय पासपोर्ट की रैंकिंग में बड़ा सुधार, 56 देशों में बिना वीजा एंट्री
पासपोर्ट को माना जा सकता है खराब
नियमों के मुताबिक, पासपोर्ट के पन्नों पर सिर्फ अधिकृत इमिग्रेशन या सरकारी अधिकारियों को ही मुहर लगाने या कुछ भी लिखने का हक होता है. अगर उनके अलावा किसी और ने आपके पासपोर्ट पर कोई निशान बनाया या मुहर लगाई है, तो पासपोर्ट को क्षतिग्रस्त या अविश्वसनीय माना जा सकता है. ऐसे में एयरलाइन कंपनियां आपको बोर्डिंग पास देने से मना कर सकती हैं और सीमा अधिकारी आपको देश में एंट्री देने से रोक सकते हैं. हालांकि हर मुहर समस्या पैदा नहीं करती, लेकिन जोखिम क्यों लेना? कई देशों के नियम इस मामले में बहुत कड़े हैं.
पासपोर्ट के साथ छेड़छाड़ क्यों है गलत?
दरअसल, पासपोर्ट एक अंतरराष्ट्रीय पहचान पत्र है जिसे दुनिया भर में मान्य नियमों (ICAO दिशानिर्देशों) के तहत बनाया जाता है. इसके पन्नों की बनावट, डेटा पेज और मशीन द्वारा पढ़े जाने वाले कोड्स एक खास मानक पर आधारित होते हैं. अगर पासपोर्ट के साथ किसी भी तरह की छेड़छाड़ की जाती है या उसके पन्नों पर अनचाही चीजें लिखी जाती हैं, तो एयरपोर्ट पर लगी मशीनें उसे ठीक से स्कैन नहीं कर पातीं.
यह भी पढ़ें: विदेशी टूरिस्ट ने खाया भारतीय ट्रेन का खाना, फिर जो कहा वो सबको हैरान कर देगा!
यही वजह है कि पासपोर्ट जारी करने वाले विभाग हमेशा सलाह देते हैं कि अपने पासपोर्ट को साफ-सुथरा रखें. अगर आपके पासपोर्ट पर गलती से ऐसी कोई मुहर लग गई है, तो बेहतर होगा कि यात्रा से पहले उसे बदलवा लें. याद रखिए, पासपोर्ट आपकी यात्रा का सबसे महत्वपूर्ण दस्तावेज है, इसे कोई स्क्रैपबुक या 'डायरी' समझने की गलती न करें.
aajtak.in