Most Beautiful Railway Routes in India: अक्सर लोग घूमने जाने के लिए फ्लाइट या कार से यात्रा करना पसंद करते हैं लेकिन ट्रेन के सफर का अपना एक अलग ही मजा होता है. भारत में कई ऐसे रेल रूट हैं जहां मंजिल से ज्यादा खूबसूरत सफर होता है. कहीं ट्रेन ऊंचे पहाड़ों के बीच से गुजरती है तो कहीं समुद्र के ऊपर बने पुल से. वहीं कुछ रूट आपको रेगिस्तान की सुनहरी रेत और चाय के बागानों का शानदार नजारा दिखाते हैं. अगर आप अगली छुट्टियों में किसी यादगार ट्रेन यात्रा का प्लान बना रहे हैं तो इन खूबसूरत रेल रूट्स को अपनी लिस्ट में जरूर शामिल करें.
मुंबई से गोवा (कोंकण रेलवे)
मुंबई से गोवा का रेल सफर भारत के सबसे खूबसूरत ट्रेन रूट्स में गिना जाता है. इस दौरान ट्रेन सह्याद्रि की पहाड़ियों, घने जंगलों, सुरंगों, नदियों और अरब सागर के किनारे से गुजरती है. बारिश के मौसम में इस रूट की खूबसूरती और भी बढ़ जाती है.
जोधपुर से जैसलमेर (डेजर्ट क्वीन)
राजस्थान का यह रेल सफर आपको रेगिस्तान की अलग ही दुनिया से रूबरू कराता है. रास्ते में सुनहरे रेत के टीले, ऊंट और छोटे-छोटे गांव देखने को मिलते हैं. लगभघ 6 घंटे का यह सफर काफी यादगार माना जाता है.
कालका से शिमला
कालका-शिमला रेल मार्ग अपनी खूबसूरती और ऐतिहासिक महत्व के लिए दुनियाभर में जाना जाता है. यह ट्रेन 100 से ज्यादा सुरंगों और कई पुलों से होकर गुजरती है. सफर के दौरान देवदार के जंगल, गहरी घाटियां और पहाड़ों के मनमोहक नजारे देखने को मिलते हैं.
सिलीगुड़ी से दार्जिलिंग (टॉय ट्रेन)
दार्जिलिंग की टॉय ट्रेन आज भी लोगों के बीच काफी फेमस है. यह ट्रेन चाय के बागानों, पहाड़ियों और छोटे-छोटे कस्बों से होकर गुजरती है. मौसम साफ होने पर यहां से कंचनजंगा की बर्फ से ढकी चोटियों का शानदार नजारा भी देखने को मिलता है.
जम्मू से बारामूला (कश्मीर वैली रेलवे)
अगर आप बर्फ से ढके पहाड़ों और खूबसूरत वादियों का आनंद लेना चाहते हैं तो जम्मू से बारामूला का रेल सफर आपके लिए बेहतरीन ऑप्शन है. इस रूट पर ट्रेन नदियों, घाटियों और बर्फीले पहाड़ों के बीच से गुजरती है. सर्दियों के मौसम में इसकी खूबसूरती और भी बढ़ जाती है.
मंडपम से रामेश्वरम (सेतु एक्सप्रेस)
यह सफर भारत के सबसे अनोखे रेल मार्गों में से एक है. ट्रेन समुद्र के ऊपर बने फेमस पंबन ब्रिज से होकर गुजरती है, जहां चारों ओर सिर्फ नीला समुद्र दिखाई देता है. यह अनुभव यात्रियों के लिए बेहद खास होता है.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क