India's Best Jungle Safari Destinations: विदेश नहीं, भारत की इन 8 जगहों पर लें जंगल सफारी का मजा, बाघ से शेर तक दिखेंगे खूंखार जानवर

जंगल सफारी का एडवेंचर लेने के लिए विदेश जाने की जरूरत नहीं है. भारत में जिम कॉर्बेट, रणथंभौर, बांधवगढ़, गिर और काजीरंगा जैसे कई शानदार वाइल्डलाइफ डेस्टिनेशन हैं. जानें भारत की बेहतरीन जगहों के बारे में, जहां बाघ, एशियाई शेर, गैंडे और दूसरे जंगली जानवर देखने का मौका मिल सकता है.

Advertisement
भारत में 8 बेस्ट नेशनल पार्क है.(PHOTO:AI) भारत में 8 बेस्ट नेशनल पार्क है.(PHOTO:AI)

आजतक लाइफस्टाइल डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 16 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 6:26 PM IST

India's Best Jungle Safari Destinations: अक्टूबर का महीना घूमने के लिए  सबसे बढ़िया होता है, क्योंकि इस समय ना तो तेज धूप परेशान करती हैं और न ही कड़कड़ाती ठंड होती है. इस सुहावने मौसम में सबसे ज्यादा जंगल सफारी करने का मजा आता है, इसी वजह से हाल ही में अर्जुन और जाह्नवी कपूर की बहन अंशुला अपने पति रोहन ठक्कर के साथ जंगल सफारी का लुफ्त उठाती नजर आई थीं. 

Advertisement

अंशुला और रोहन दोनों केन्या के मसाई मारा गए थे, जहां से उन्होंने अपनी कुछ शानदार फोटोज भी शेयर की थीं. मसाई मारा वर्ल्ड फेमस वाइल्ड लाइफ सेंचुरी है और यह जगह रणबीर कपूर की भी फेवरेट डेस्टिनेशन है, जहां वो टाइम मिलते ही घूमने निकल पड़ते हैं, इस बारे में उन्होंने खुद एक इंटरव्यू में बताया था. मगर ऐसा नहीं है कि जंगल सफारी और जंगली जानवरों को देखने के लिए आपको विदेश ही जाना पड़ेगा. 

भारत में भी जंगल सफारी का मजा लेने के लिए बहुत बेहतरीन जगहें मौजूद हैं, जहां आपको शेर, चीता से लेकर कई जंगली जानवर देखने को मिलेंगे. अगर आपको एडवेंचर पसंद हैं तो अपनी अगली ट्रिप के लिए इन जगहों को अपनी बकेट लिस्ट में जरूर शामिल कर लीजिए, जो आपकी ट्रिप को हमेशा के लिए यादगार बना देंगी. 

Advertisement

जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क, उत्तराखंड

उत्तराखंड के नैनीताल जिले में स्थित जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क भारत के सबसे फेमस वन्यजीव स्थलों में से एक है. यहां घने जंगल, नदियां और घास के मैदान मिलकर खूबसूरत प्राकृतिक नजारे देखने को मिलते हैं. यह पार्क बागों के लिए खास तौर पर जाना जाता है, इसके अलावा यहां हाथी, हिरण और कई तरह के पक्षी भी देखने को मिलते हैं. अगर आप जंगल के बीच सफारी का एक्सपीरियंस लेना चाहते हैं, तो कॉर्बेट एक अच्छा ऑप्शन है. 

रणथंभौर नेशनल पार्क, राजस्थान

राजस्थान का रणथंभौर नेशनल पार्क उन लोगों के लिए खास है, जो जंगल में बाघ देखने का सपना रखते हैं. यहां के जंगलों के बीच मौजूद पुराने किले और झीलें इस जगह को दूसरी वाइल्डलाइफ डेस्टिनेशन से अलग बनाते हैं. रणथंभौर में बंगाल टाइगर के अलावा तेंदुए, सांभर, चीतल, मगरमच्छ और कई प्रजातियों के पक्षी भी पाए जाते हैं. सफारी के दौरान अगर किस्मत अच्छी रही, तो आपको बाघ अपने प्राकृतिक आवास में घूमता नजर आ सकता है.

बांधवगढ़ नेशनल पार्क, मध्य प्रदेश

मध्य प्रदेश का बांधवगढ़ नेशनल पार्क बाघों के लिए काफी मशहूर है, यहां घने जंगल, पहाड़ियां और घास के मैदान देखने को मिलते हैं. जंगल सफारी के शौकीनों के लिए यह जगह बेहद अट्रैक्टिव है. बाघों के अलावा यहां तेंदुए, जंगली सूअर, चीतल, सांभर और कई दूसरे वन्यजीव भी पाए जाते हैं. बांधवगढ़ की यात्रा के दौरान आप आसपास के प्राकृतिक नजारों और ऐतिहासिक बांधवगढ़ किले के बारे में भी जान सकते हैं.

Advertisement

गिर नेशनल पार्क, गुजरात

अगर आप शेरों को जंगल में घूमते हुए देखना चाहते हैं, तो गुजरात का गिर वन्यजीव क्षेत्र आपके लिए बेहतरीन ऑप्शन है. गिर एशियाई शेरों का मुख्य प्राकृतिक आवास है और दुनिया में इन शेरों की जंगली आबादी के संरक्षण के लिए महत्वपूर्ण माना जाता है. यहां सफारी के दौरान एशियाई शेरों के अलावा तेंदुए, चीतल, सांभर, नीलगाय और कई तरह के पक्षी भी देखने को मिल सकते हैं. गिर की खासियत यह है कि यहां आपको अफ्रीकी सफारी से अलग भारतीय जंगलों में शेरों को देखने का अनुभव मिलता है. 

काजीरंगा नेशनल पार्क, असम

असम का काजीरंगा नेशनल पार्क अपनी प्राकृतिक खूबसूरती और एक सींग वाले भारतीय गैंडों के लिए दुनियाभर में मशहूर है. गैंडों के अलावा यहां जंगली हाथी, जंगली भैंसे, हिरण और कई तरह के पक्षी भी देखने को मिलते हैं. बाघ भी इस इलाके में पाए जाते हैं. अगर आप नॉर्थईस्ट की यात्रा के साथ वन्यजीवों को करीब से देखना चाहते हैं, तो काजीरंगा एक यादगार डेस्टिनेशन हो सकता है.

कान्हा नेशनल पार्क, मध्य प्रदेश

मध्य प्रदेश का कान्हा नेशनल पार्क उन लोगों के लिए शानदार जगह है, जिन्हें हरियाली और जंगल के बीच समय बिताना पसंद है. यहां के घास के मैदान, साल के जंगल और प्राकृतिक पानी का सोर्स इस जगह को बेहद खूबसूरत बनाते हैं. कान्हा बंगाल टाइगर और बारहसिंगा के संरक्षण के लिए खास तौर पर जाना जाता है. 

Advertisement

पेंच नेशनल पार्क, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र

मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र की सीमा पर फैला पेंच टाइगर रिजर्व भी जंगल सफारी के लिए मशहूर है. यहां के घने जंगल, खुले मैदान और छोटी नदियां वन्यजीवों के लिए अनुकूल वातावरण बनाते हैं. पेंच में बंगाल टाइगर के साथ तेंदुए, जंगली कुत्ते, गौर, सांभर और कई दूसरे जानवर पाए जाते हैं. जंगल और वन्यजीवों पर आधारित कहानियों से जुड़ाव रखने वाले पर्यटकों के बीच भी यह जगह पॉपुलर है. अगर आप भीड़भाड़ से दूर प्रकृति के बीच कुछ समय बिताना चाहते हैं, तो पेंच को अपनी यात्रा में शामिल कर सकते हैं.

सतपुड़ा टाइगर रिजर्व, मध्य प्रदेश

मध्य प्रदेश का सतपुड़ा टाइगर रिजर्व उन यात्रियों के लिए खास है, जो जंगल को थोड़ा अलग अंदाज में देखना चाहते हैं. यहां पहाड़ियां, घाटियां, घने जंगल और जलाशय मिलकर शानदार प्राकृतिक वातावरण बनाते हैं. यहां बाघ, तेंदुए, भालू, गौर, सांभर और कई दूसरे वाइल्ड लाइफ पाए जाते हैं. 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »