Best Places to Visit in Uttarakhand: अगर आप रोजाना की भागदौड़ से कुछ दिन का ब्रेक लेना चाहते हैं और कम बजट में किसी खूबसूरत जगह घूमने का प्लान बना रहे हैं तो उत्तराखंड आपके लिए बेहतरीन ऑप्शन हो सकता है. यहां की हरी-भरी वादियां, बर्फ से ढके पहाड़, शांत माहौल और प्राकृतिक खूबसूरती आपका मन खुश कर देंगे. आइए जानते हैं उत्तराखंड की 4 ऐसी जगहों के बारे में, जहां आप कम बजट में यादगार ट्रिप का आनंद ले सकते हैं.
घंगारिया
चमोली जिले में बसा घंगारिया उत्तराखंड के सबसे खूबसूरत गांवों में से एक है. यह हेमकुंड साहिब और फूलों की घाटी जाने का बेस कैंप भी है. यहां पहुंचने के लिए गोविंदघाट से करीब 13 किलोमीटर की ट्रैकिंग करनी पड़ती है. रास्ते में पहाड़, झरने और नदियों के खूबसूरत नजारे आपका सफर यादगार बना देते हैं. अगर आपको ट्रेकिंग और कैंपिंग पसंद है, तो यह जगह आपके लिए परफेक्ट है.
रानीखेत
रानीखेत अपनी प्राकृतिक सुंदरता और शांत माहौल के लिए जाना जाता है. कहा जाता है कि इस जगह का नाम कुमाऊं की रानी पद्मिनी के नाम पर रखा गया था. यहां हरे-भरे मैदान, देवदार के जंगल और सेब के बाग पर्यटकों को खूब आकर्षित करते हैं. यह भारतीय सेना की कुमाऊं रेजिमेंट का मुख्यालय भी है. शाम के समय यहां की छावनी क्षेत्र में घूमना एक अलग ही अनुभव देता है.
चौकोड़ी
चौकोड़ी उत्तराखंड का एक शांत और खूबसूरत हिल स्टेशन है. यहां से नंदा देवी और पंचाचूली की बर्फीली चोटियों का शानदार नजारा दिखाई देता है. चारों ओर फैले देवदार, चीड़ और बुरांश के जंगल, चाय के बागान और फलों के बगीचे इस जगह की खूबसूरती को और बढ़ा देते हैं. अगर आप भीड़-भाड़ से दूर सुकून भरा समय बिताना चाहते हैं तो चौकोरी जरूर जाएं.
रामनगर
रामनगर जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क का प्रवेश द्वार माना जाता है. अगर आपको वन्यजीव और प्रकृति पसंद हैं तो यह जगह आपके लिए शानदार विकल्प है. यहां सफारी का आनंद लेने के साथ-साथ आप सीताबनी मंदिर और गिरिजा देवी मंदिर भी घूम सकते हैं. इसके अलावा रामनगर अपनी मीठी लीची के लिए भी काफी प्रसिद्ध है.
ट्रिप पर जाने से पहले रखें इन बातों का ध्यान
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क