Best Weekend Getaways from Delhi: रोजाना की भागदौड़, काम का दबाव और शहर के शोर-शराबे के बीच कई बार मन करता है कि कुछ दिन ऐसी जगह पर बिताए जाएं, जहां शांति हो और मन को सुकून भी मिले. खासकर वीकेंड पर कहीं घूमने का मौका मिल जाए, तो क्या कहने! ऐसे में अगर आप भी दिल्ली में रहते हैं और कुछ समय के लिए भीड़भाड़ से दूर जाना चाहते हैं तो इसके लिए बहुत दूर जाने की जरूरत नहीं है. दिल्ली के आसपास कई ऐसी खूबसूरत जगहें हैं, जहां आप दोस्तों, परिवार के साथ या अकेले घूमने जा सकते हैं. यहां आपको पहाड़ों की खूबसूरती देखने, हरियाली के बीच समय बिताने और डेली लाइफ की टेंशन से दूर रहने का मौका मिलेगा. तो आइए जानते हैं दिल्ली के पास मौजूद ऐसी 5 जगहों के बारे में, जहां आप वीकेंड पर घूमने का प्लान बना सकते हैं.
मुक्तेश्वर (उत्तराखंड)
अगर आपको पहाड़, हरियाली और शांत माहौल पसंद है तो मुक्तेश्वर घूमने के लिए एक बेस्ट ऑप्शन है. यहां चारों तरफ हरे-भरे जंगल, फल के बगीचे और हिमालय के खूबसूरत नजारे देखने को मिलते हैं. यहां आप प्रकृति के बीच टहल सकते हैं और रोजमर्रा की भागदौड़ से दूर कुछ समय बिता सकते हैं. शांत माहौल और सुहावना मौसम इस जगह को छुट्टियां बिताने के लिए खास बनाते हैं.
ऋषिकेश (उत्तराखंड)
ऋषिकेश को योग और आध्यात्मिकता के लिए जाना जाता है लेकिन यहां सुकून के पल बिताने के भी कई मौके मिलते हैं. आप गंगा किनारे बैठकर समय बिता सकते हैं या शाम के समय गंगा आरती में शामिल हो सकते हैं. यहां का प्राकृतिक नजारा और नदी का शांत वातावरण मन को सुकून देगा. अगर आप कुछ समय खुद के साथ बिताना चाहते हैं तो ऋषिकेश आपके लिए बेस्ट ऑप्शन हो सकता है.
नाहन (हिमाचल प्रदेश)
हिमाचल प्रदेश की शिवालिक पहाड़ियों के बीच बसा नाहन एक खूबसूरत और शांत जगह है. यहां की हरियाली, साफ-सुथरा माहौल और सुंदर सड़कें घूमने का अलग अनुभव देती हैं. यहां आप झीलों और मंदिरों के दर्शन कर सकते हैं. अगर आप भीड़भाड़ वाली जगहों के बजाय किसी शांत डेस्टिनेशन पर छुट्टियां बिताना चाहते हैं, तो नाहन को अपनी ट्रैवल लिस्ट में शामिल कर सकते हैं.
नीमराना (राजस्थान)
अगर आप इतिहास और लग्जरी का अनुभव एक साथ लेना चाहते हैं तो राजस्थान का नीमराना आपके लिए बेस्ट ऑप्शन हो सकता है. यहां मौजूद नीमराना फोर्ट पैलेस अपनी ऐतिहासिक बनावट और खूबसूरत नजारों के लिए मशहूर है. आप यहां किले की खूबसूरती देख सकते हैं, आसपास के नजारों का आनंद ले सकते हैं और किसी हेरिटेज प्रॉपर्टी में ठहरकर छुट्टियों को खास बना सकते हैं. शहर से कुछ समय दूर बिताने के लिए यह जगह अच्छी है.
कसौली (हिमाचल प्रदेश)
कसौली हिमाचल प्रदेश का एक खूबसूरत हिल स्टेशन है जो अपने शांत माहौल और पुराने जमाने की इमारतों के लिए जाना जाता है. यहां चीड़ के पेड़ों से घिरे रास्तों पर टहलना और पहाड़ियों के सुंदर नजारे देखना आपको अच्छा अनुभव दे सकता है. यहां की धीमी रफ्तार वाली जिंदगी और सुहावना मौसम शहर की भागदौड़ से राहत दिला सकता है. अगर आप शांति के साथ कुछ दिन बिताना चाहते हैं, तो कसौली घूमने का प्लान बना सकते हैं.
अगर आप रोजाना की भागदौड़ से ब्रेक लेना चाहते हैं तो दिल्ली के आसपास मौजूद इन जगहों पर घूमने जा सकते हैं. यहां आपको प्रकृति के करीब समय बिताने, खूबसूरत नजारे देखने और कुछ पल सुकून से गुजारने का मौका मिलेगा.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क