November Travel Destinations: पहाड़ छोड़ नवंबर में घूमें ये 10 मैदानी जगहें, छुट्टियों का मजा होगा दोगुना

November Travel Destinations: नवंबर में घूमने का प्लान बना रहे हैं लेकिन पहाड़ों पर नहीं जाना चाहते तो देश में कई खूबसूरत मैदानी जगहें मौजूद हैं. इस मौसम में इन जगहों पर न ज्यादा गर्मी होती है और न ही तेज ठंड, जिससे घूमने का मजा दोगुना हो जाता है.

Advertisement
नवंबर की छुट्टियों में घूमने के लिए बेस्ट हैं ये 10 जगहें (Photo- ITG) नवंबर की छुट्टियों में घूमने के लिए बेस्ट हैं ये 10 जगहें (Photo- ITG)

आजतक लाइफस्टाइल डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 03 नवंबर 2026,
  • अपडेटेड 5:52 PM IST

November Travel Destinations: नवंबर का महीना घूमने-फिरने के लिए काफी अच्छा माना जाता है. इस दौरान न ज्यादा गर्मी होती है और न ही कड़ाके की ठंड पड़ती है. ऐसे में ज्यादातर लोग पहाड़ों पर घूमने का प्लान बनाते हैं लेकिन अगर आप इस बार पहाड़ों की बजाय किसी मैदानी इलाके में घूमना चाहते हैं तो आपके पास कई अच्छे जगहें हैं.

Advertisement

राजस्थान के खूबसूरत शहरों से लेकर उत्तर प्रदेश के ऐतिहासिक स्थलों तक, ऐसी कई जगहें हैं जहां आप नवंबर में आराम से घूम सकते हैं. यहां आपको ऐतिहासिक किले, पुराने मंदिर, खूबसूरत झीलें, बाजार और स्वादिष्ट खाना देखने-चखने को मिलेगा. आइए जानते हैं नवंबर में घूमने के लिए 10 खूबसूरत मैदानी जगहों के बारे में.

जयपुर 
राजस्थान की राजधानी जयपुर घूमने के लिए नवंबर अच्छा समय है. यहां आप हवा महल, आमेर किला, सिटी पैलेस और जंतर-मंतर जैसी जगहें देख सकते हैं. इसके अलावा जयपुर के बाजारों में राजस्थानी कपड़े, ज्वेलरी और हस्तशिल्प की खरीदारी भी कर सकते हैं.

उदयपुर
राजस्थान का उदयपुर अपनी खूबसूरत झीलों और महलों के लिए मशहूर है. यहां पिछोला झील में बोटिंग कर सकते हैं. इसके अलावा सिटी पैलेस, फतेह सागर झील और सहेलियों की बाड़ी घूमने लायक जगहें हैं. नवंबर में यहां का मौसम भी काफी सुहावना रहता है.

Advertisement

पुष्कर 
राजस्थान का पुष्कर अपनी खूबसूरत झील, मंदिरों और शांत माहौल के लिए मशहूर है. यहां आप पुष्कर झील, ब्रह्मा मंदिर और रंग-बिरंगे बाजारों में घूम सकते हैं. नवंबर में यहां पुष्कर मेला भी लगता है, जिसमें ऊंटों की खरीद-बिक्री के साथ राजस्थानी संस्कृति और लोक कला देखने का मौका मिलता है. अगर आप घूमने के साथ स्थानीय संस्कृति को करीब से जानना चाहते हैं तो पुष्कर जा सकते हैं.

जैसलमेर 
अगर आपको रेगिस्तान घूमना पसंद है तो जैसलमेर जा सकते हैं. यहां सोनार किला, पटवों की हवेली और गड़ीसर झील देखने लायक हैं. इसके अलावा सम के रेत के टीलों पर ऊंट की सवारी और रेगिस्तान में कैंपिंग का मजा ले सकते हैं.

कच्छ 
गुजरात का कच्छ अपनी सफेद नमक वाली जमीन के लिए मशहूर है. नवंबर में यहां घूमने का प्लान बना सकते हैं. सफेद रण में दूर तक फैली सफेद जमीन और सूर्यास्त का नजारा देखने लायक होता है. इसके अलावा यहां स्थानीय हस्तशिल्प, कच्छी कढ़ाई और पारंपरिक संस्कृति को करीब से जान सकते हैं.

ओरछा (Orchha)
मध्य प्रदेश का ओरछा एक खूबसूरत ऐतिहासिक शहर है. यहां आप ओरछा किला, राम राजा मंदिर और बेतवा नदी के किनारे बने छतरियों को देख सकते हैं. अगर आपको भीड़भाड़ से दूर शांत जगहों पर घूमना पसंद है, तो नवंबर में ओरछा जा सकते हैं.

Advertisement

आगरा 
उत्तर प्रदेश का आगरा अपने ऐतिहासिक स्मारकों के लिए दुनियाभर में मशहूर है. यहां आप ताजमहल, आगरा किला और फतेहपुर सीकरी घूम सकते हैं. नवंबर में मौसम अच्छा होने की वजह से इन जगहों पर घूमना आसान रहता है. यहां का मशहूर पेठा खाना भी न भूलें.

वाराणसी 
अगर आप धार्मिक और सांस्कृतिक जगहों पर घूमना पसंद करते हैं तो वाराणसी आपके लिए बेस्ट हो सकता है. यहां गंगा घाटों पर सुबह की सैर कर सकते हैं और शाम को दशाश्वमेध घाट की गंगा आरती देख सकते हैं. इसके अलावा काशी विश्वनाथ मंदिर और सारनाथ भी घूमने जा सकते हैं.

लखनऊ 
नवाबों का शहर लखनऊ अपनी तहजीब, ऐतिहासिक इमारतों और खानपान के लिए जाना जाता है. यहां बड़ा इमामबाड़ा, छोटा इमामबाड़ा और रूमी दरवाजा घूम सकते हैं. इसके अलावा यहां के मशहूर कबाब, बिरयानी और मिठाइयों का स्वाद भी ले सकते हैं.

अमृतसर 
पंजाब का अमृतसर नवंबर में घूमने के लिए अच्छा विकल्प हो सकता है. यहां स्वर्ण मंदिर में दर्शन करने के साथ जलियांवाला बाग भी घूम सकते हैं. इसके अलावा वाघा बॉर्डर पर होने वाली बीटिंग रिट्रीट सेरेमनी देखना भी यादगार अनुभव हो सकता है.

इन बातों का रखें ध्यान 
नवंबर में इन जगहों पर घूमने का मौसम आमतौर पर अच्छा रहता है लेकिन यात्रा से पहले मौसम, होटल की कीमतों और स्थानीय पर्यटन स्थलों के खुलने के समय की जानकारी जरूर लें. वहीं, सुबह और रात के समय हल्की ठंड हो सकती है, इसलिए अपने साथ गर्म कपड़े रखना न भूलें.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »