सुबह नहाने जाएं और शॉवर से पानी बूंद-बूंद निकलने लगे. वॉशिंग मशीन बार-बार एरर दिखाए. किचन के नल से पानी इतनी धीमी रफ्तार से आए कि बर्तन धोना भी मुश्किल हो जाए. अगर आपके घर में भी ऐसा होता है, तो जरूरी नहीं कि प्रॉब्लम पानी की सप्लाई में ही हो. कई बार वजह कम वॉटर प्रेशर होता है. हाई राइज सोसाइटीज में रहने वाले लोग, खास कर टॉप फ्लोर पर ये समस्या और भी ज्यादा होती है.
ऐसे में ज्यादातर लोग बड़ी मोटर लगाने या पाइपलाइन बदलने की सोचते हैं. लेकिन हर बार इसकी जरूरत नहीं होती. अगर घर में पानी तो आ रहा है, लेकिन उसका प्रेशर कम है, तो Water Pressure Booster Pump या Pressure Booster Jet Pump इस समस्या का समाधान बन सकता है.
यह डिवाइस पानी की मात्रा नहीं बढ़ाता, बल्कि उसके दबाव यानी प्रेशर को बढ़ाता है, जिससे पानी तेज रफ्तार से नल, शॉवर और दूसरे होम अप्लाइंसेज तक पहुंचता है. मार्केट में ये 2 हजार से मिलना शुरू हो जाता है. इसे ऑनलाइन या ऑफलाइन खरीद सकते हैं.
यह भी पढ़ें: How to charge smartphone fast: कौन सा केबल फोन को फास्ट चार्ज कर सकता है? ऐसे पहचानें
भारत के कई शहरों में यह समस्या आम है. खासकर ऊपरी मंजिल वाले घरों, अपार्टमेंट, पुराने मकानों या उन इलाकों में जहां नगर निगम की पानी की सप्लाई का दबाव कम होता है. ऐसी जगहों पर पानी तो आता है, लेकिन उसका प्रेशर इतना कम होता है कि रोजमर्रा के कई काम प्रभावित होने लगते हैं.
वॉटर प्रेशर पंप क्या होता है?
यह एक इलेक्ट्रिक पंप होता है, जिसे घर की पानी की लाइन में लगाया जाता है. जब आप नल खोलते हैं या कोई अप्लाइंस पानी मांगता है, तो यह पंप अपने आप चालू होकर पानी के प्रेशर को बढ़ा देता है.
जैसे ही पानी की जरूरत खत्म होती है, यह अपने आप बंद भी हो जाता है. मॉडर्न बूस्टर पंप में प्रेशर सेंसर और ऑटोमैटिक कंट्रोल सिस्टम भी होता है, जिससे इसे बार-बार ऑन या ऑफ करने की जरूरत नहीं पड़ती.
किन लोगों को इसकी जरूरत पड़ सकती है?
अगर आपके घर में शॉवर से पानी बहुत कम आता है, वॉशिंग मशीन ठीक से पानी नहीं भर पाती, गीजर या RO सिस्टम सही तरीके से काम नहीं करता या ऊपरी मंजिल पर पानी का प्रेशर नीचे की तुलना में काफी कम है, तो प्रेशर बूस्टर पंप फायदेमंद साबित हो सकता है. यह किचन सिंक, बाथरूम, वॉशिंग मशीन और कई दूसरी जगहों पर पानी का बहाव बेहतर कर देता है.
क्या यह पानी की सप्लाई बढ़ा देता है?
यहां एक बात समझना जरूरी है. बूस्टर पंप नया पानी नहीं बनाता और न ही सूखी पाइप में पानी पहुंचा सकता है. अगर आपकी टंकी या मुख्य पाइप में पानी ही नहीं आ रहा है, तो यह पंप कुछ नहीं कर पाएगा.
यह भी पढ़ें: पानी की टंकी खुद से भर देगा ये गैजेट, बार-बार मोटर ऑन-ऑफ करने की झंझट खत्म!
इसका काम सिर्फ इतना है कि जो पानी पहले से मौजूद है, उसे ज्यादा दबाव के साथ आगे भेजे ताकि हर नल और उपकरण तक बेहतर प्रेशर के साथ पहुंचे.
वॉशिंग मशीन और डिशवॉशर में कैसे मदद करता है?
आजकल आने वाली ऑटोमैटिक वॉशिंग मशीन को एक तय प्रेशर पर पानी चाहिए होता है. अगर पानी का दबाव बहुत कम हो, तो मशीन पानी भरने में ज्यादा समय ले सकती है या एरर भी दिखा सकती है.
प्रेशर बूस्टर पंप लगाने के बाद पानी लगातार सही दबाव से मिलता है, जिससे मशीन नॉर्मल तरीके से काम करती है. यही बात डिशवॉशर और कई दूसरे अप्लाइंसेज पर भी लागू होती है.
खरीदने से पहले किन बातों का ध्यान रखें?
अगर पूरे घर में पानी का प्रेशर कम है, तो पूरे घर के लिए बूस्टर पंप लेना बेहतर रहेगा. लेकिन अगर सिर्फ एक जगह, जैसे किचन या किसी एक बाथरूम में समस्या है, तो उस लाइन के लिए छोटा इनलाइन बूस्टर पंप भी लगाया जा सकता है.
यह भी पढ़ें: कोर्ट ने गूगल को लगाई फटकार, कहा इंटरनेट सर्च के लिए AI की जरूरत नहीं!
पंप खरीदते समय उसके फ्लो रेट, मैक्सिमम प्रेशर, मोटर की कैपेसिटी और ऑटोमैटिक प्रेशर कंट्रोल जैसी चीजों को जरूर देखें. अगर घर बड़ा है या कई बाथरूम हैं, तो जरूरत के हिसाब से ज्यादा क्षमता वाला मॉडल चुनना चाहिए.
क्या हर बार बूस्टर पंप ही लगाना चाहिए?
जरूरी नहीं. कई बार पानी का प्रेशर किसी और वजह से भी कम हो सकता है. जैसे पाइप में गंदगी जमा होना, पुराने पाइप, लीकेज, आधा बंद मेन वाल्व या नल के एरेटर में कचरा फंस जाना.
इसलिए बूस्टर पंप लगाने से पहले इन चीजों की भी जांच कर लेनी चाहिए. अगर सिर्फ एक नल में दिक्कत है, तो हो सकता है समस्या उसी नल में हो, पूरे घर में नहीं.
क्या इसे खुद लगाना चाहिए?
छोटे बूस्टर पंप लगाना आसान लग सकता है, लेकिन गलत इंस्टॉलेशन से लीकेज या ज्यादा प्रेशर जैसी दिक्कतें हो सकती हैं. इसलिए बेहतर होगा कि इसे किसी प्लंबर या कंपनी के टेक्नीशियन से ही लगवाएं. इससे सही जगह इंस्टॉलेशन होगा और पंप भी बेहतर तरीके से काम करेगा.
आजतक टेक्नोलॉजी डेस्क