WhatsApp ने अपने सबसे बड़े प्राइवेसी फीचर्स में से एक Username फीचर की शुरुआत कर दी है. कंपनी ने दुनिया भर के यूजर्स के लिए यूजरनेम रिजर्वेशन खोल दिया है. यानी अब आप पहले से अपना पसंदीदा वॉट्सऐप नेम बुक कर सकते हैं. आने वाले महीनों में जब यह फीचर पूरी तरह रोलआउट होगा, तब उसी यूजरनेम के जरिए लोग आपसे कॉन्टैक्ट कर पाएंगे.
वॉट्सऐप सीईओ कुणाल शाह ने क्या कहा?
वॉट्सऐप के नए ग्लोबल CEO कुणाल शाह ने भी X पर पोस्ट करके बताया कि उन्होंने अपना वॉट्सऐप यूजरनेम रिजर्व कर लिया है. इसके बाद सोशल मीडिया पर बड़ी संख्या में लोग अपना पसंदीदा यूजरनेम बुक करने की कोशिश कर रहे हैं. कई यूजर्स यह भी सर्च कर रहे हैं कि वॉट्सऐप यूजरनेम कैसे रिजर्व करें और इसके लिए क्या करना होगा.
असल में वॉट्सऐप का यह फीचर आपकी प्राइवेसी बढ़ाने के लिए लाया गया है. अभी तक किसी नए यूजर से वॉट्सऐप पर बात करने के लिए अपना मोबाइल नंबर देना पड़ता था.
यूजरनेम फीचर आने के बाद आप बिना फोन नंबर बताए भी चैट कर सकेंगे. सामने वाले को सिर्फ आपका यूजरनेम पता होना चाहिए. खास बात यह है कि वॉट्सऐप में यूजरनेम की कोई पब्लिक डायरेक्टरी नहीं होगी. यानी कोई भी आपका यूजरनेम सर्च करके आपको नहीं ढूंढ पाएगा. उसे आपका सटीक यूजरनेम पता होना जरूरी होगा.
How to reserve WhatsApp Username?
अगर आप भी अपना यूजरनेम रिजर्व करना चाहते हैं तो सबसे पहले वॉट्सऐप को Play Store या App Store से अपडेट करें. इसके बाद एंड्रॉएड यूजर Settings > Account > यूजरनेम में जाएं.
आईफोन यूजर सेटिंग्स में में अपनी प्रोफाइल खोलकर क्रिएट यूजरनेम का विकल्प चुन सकते हैं. अगर यह फीचर आपके अकाउंट पर आ गया है तो आपको यूजरनेम बनाने का ऑप्शन दिखाई देगा.
वॉट्सऐप पर ऐसे रिजर्व करें अपना मनचाहा यूजरनेम
अब अपनी पसंद का यूजरनेम लिखें. अगर वह पहले से किसी और ने नहीं लिया है और WhatsApp के नियमों के मुताबिक सही है, तो आप उसे रिजर्व कर सकते हैं.
अगर आपका पसंदीदा यूजरनेम उपलब्ध नहीं है तो दूसरा नाम चुनना होगा. कंपनी कुछ बड़े नाम जैसे मशहूर लोगों, सरकारी संस्थाओं और बड़ी कंपनियों के यूजरनेम पहले से सुरक्षित रख रही है ताकि कोई उनका गलत इस्तेमाल न कर सके.
अगर आपका इंस्टाग्राम या फेसबुक पर पहले से कोई यूजरनेम है, तो वॉट्सऐप उसी नाम को लेने का विकल्प भी देगा, बशर्ते वह उपलब्ध हो. इससे क्रिएटर्स, बिजनेस और ब्रांड्स सभी प्लेटफॉर्म पर एक जैसा नाम इस्तेमाल कर सकेंगे.
Username Key का क्या काम है?
वॉट्सऐप ने एक और सुरक्षा फीचर भी जोड़ा है, जिसे Username Key कहा गया है. अगर आप चाहें तो यूजरनेम के साथ एक एक्स्ट्रा सुरक्षा कोड भी जोड़ सकते हैं. ऐसे में सिर्फ वही लोग आपको मैसेज कर पाएंगे जिनके पास आपका यूजरनेम और यह Key दोनों होंगे. इससे अनजान लोगों के मैसेज से बचने में मदद मिलेगी.
ध्यान रखें कि यूजरनेम आने के बाद भी आपका फोन नंबर पूरी तरह खत्म नहीं होगा. वॉट्सऐप अकाउंट बनाने के लिए मोबाइल नंबर पहले की तरह जरूरी रहेगा. साथ ही जिन लोगों के पास पहले से आपका नंबर सेव है या जिन ग्रुप्स में आप पहले से मौजूद हैं, वहां आपका नंबर पहले की तरह दिखता रहेगा. यह फीचर मुख्य रूप से नए लोगों से संपर्क करते समय आपकी प्राइवेसी बढ़ाने के लिए लाया गया है.
अगर आपको अभी यूजरनेम बनाने का विकल्प नहीं दिख रहा है तो घबराने की जरूरत नहीं है. वॉट्सऐप इस फीचर को फेज वाइज दुनिया भर में जारी कर रहा है. आने वाले दिनों में यह सभी यूजर्स तक पहुंच जाएगा. लेकिन अगर आप अपना पसंदीदा यूजरनेम चाहते हैं, तो फीचर मिलते ही उसे जल्दी रिजर्व कर लेना बेहतर होगा.
आजतक टेक्नोलॉजी डेस्क