BenQ GW2490TC Review: क्या पैसा वसूल है ये मॉनिटर? गेमिंग से लेकर एडिटिंग तक, कैसी है परफॉर्मेंस?

मार्केट में इन दिनों स्टाइलिश मॉनिटर्स धीरे धीरे बढ़ रहे हैं. प्रोग्रामिंग हो या गेमिंग या कंटेंट क्रिएशन, हर काम में एक अच्छे मॉनिटर की जरूरत होती है. हमने BenQ के इस मॉनिटर को परखा है. आइए जानते हैं 15 हजार के अंदर आने वाला मॉनिटर लेने लायक है या नहीं.

Advertisement
BenQ GW2490TC Review BenQ GW2490TC Review

मुन्ज़िर अहमद

  • नई दिल्ली,
  • 27 फरवरी 2026,
  • अपडेटेड 8:51 PM IST

जब भी हम नया मॉनिटर सेटअप करते हैं, तो सबसे पहले सवाल यही होता है, क्या यह सिर्फ स्क्रीन है या काम करने का पूरा अनुभव बदल सकता है?

पिछले कुछ हफ्तों से मैं BenQ GW2490TC मॉनिटर इस्तेमाल कर रहा हूं और इस दौरान इसे वेब ब्राउज़िंग, मीटिंग्स और लाइट गेमिंग, हर सिचुएशन में टेस्ट किया. रिव्यू में जानते हैं कैसी है इसकी परफॉर्मेंस.

Advertisement

डिजाइन और बिल्ड: सिंपल लेकिन प्रीमियम फील

डेस्क पर रखते ही जो चीज सबसे पहले नोटिस होती है, वह है इसका क्लीन और मिनिमल डिजाइन. 23.8-इंच की स्क्रीन के साथ तीन तरफ से स्लिम बेज़ल इसे मॉडर्न लुक देते हैं.

अगर आप मल्टी-मॉनिटर सेटअप बनाना चाहते हैं, तो भी यह डिजाइन काफी अच्छा लगेगा क्योंकि बेज़ल पतले हैं और स्क्रीन के बीच गैप कम दिखता है.

स्टैंड मजबूत है और प्लास्टिक बॉडी होने के बावजूद बिल्ड क्वालिटी सस्ती नहीं लगती. BenQ ने इसे प्रोफेशनल यूज़र्स को ध्यान में रखकर डिजाइन किया है.

स्टैंड में हाइट एडजस्टमेंट, टिल्ट, स्विवेल और पिवट सपोर्ट मिलता है. मैंने इसे पोर्ट्रेट मोड में भी इस्तेमाल किया. आर्टिकल एडिटिंग और लंबी स्क्रिप्ट पढ़ने में यह मोड काफी काम का लगा.

डेस्क पर केबल मैनेजमेंट भी ठीक है और बैक पैनल का डिजाइन ज्यादा शोर नहीं मचाता. कुल मिलाकर, डिजाइन फ्लैशी नहीं है, लेकिन ऑफिस या होम स्टूडियो सेटअप में यह एक सॉलिड, प्रोफेशनल प्रेजेंस देता है.

Advertisement

डिस्प्ले और परफॉर्मेंस: स्मूद और आंखों के लिए आरामदायक

BenQ GW2490TC में 23.8-इंच का IPS पैनल दिया गया है, जो Full HD 1920x1080 रेजोल्यूशन के साथ आता है. IPS पैनल होने का फायदा साफ दिखता है. 178 डिग्री का वाइड व्यूइंग एंगल, यानी साइड से देखने पर भी कलर शिफ्ट कम होता है.

सबसे दिलचस्प फीचर है इसका 144Hz रिफ्रेश रेट. आमतौर पर इस प्राइस रेंज में 60Hz या 75Hz मॉनिटर मिलते हैं, लेकिन 144Hz होने से स्क्रॉलिंग, विंडो मूवमेंट और ब्राउज़िंग काफी स्मूद महसूस होती है. अगर आप रोज़ कई टैब खोलकर काम करते हैं या टाइमलाइन बेस्ड एडिटिंग करते हैं, तो फर्क साफ दिखता है.

रिस्पॉन्स टाइम 5ms है, जिससे हल्की गेमिंग में भी कोई बड़ी दिक्कत नहीं आई. यह गेमिंग मॉनिटर नहीं है, लेकिन कैज़ुअल गेमिंग के लिए यह ठीक काम करता है.

कलर की बात करें तो यह 99% sRGB कवरेज देता है. मैंने इसे फोटो एडिटिंग और बेसिक वीडियो कलर करेक्शन में इस्तेमाल किया. आउटपुट बैलेंस्ड लगा. कॉन्ट्रास्ट लगभग 1500:1 के आसपास है, जिससे डार्क सीन में डिटेल ठीक बनी रहती है. HDR सपोर्ट नहीं है, लेकिन रोज़मर्रा के काम के लिए इसकी कमी बहुत ज्यादा महसूस नहीं होती.

 

Eye-Care टेक्नोलॉजी: लंबे समय तक काम करने वालों के लिए राहत

Advertisement

अगर आप रोज़ 6 से 8 घंटे स्क्रीन के सामने बैठते हैं, तो Eye-Care फीचर्स काफी मायने रखते हैं. BenQ ने इसमें Flicker-Free टेक्नोलॉजी और Low Blue Light मोड दिया है. लंबे सेशन के बाद आंखों में जो जलन या थकान होती है, वह इस मॉनिटर पर थोड़ी कम महसूस हुई.

Brightness Intelligence Technology B.I. Tech भी दी गई है, जो आसपास की रोशनी के हिसाब से ब्राइटनेस एडजस्ट करती है. शाम के समय या कम रोशनी में काम करते हुए यह फीचर काम आता है. यह ऑटो एडजस्टमेंट अचानक नहीं होता, बल्कि स्मूद तरीके से बदलता है.

कनेक्टिविटी: USB-C बना सबसे बड़ा प्लस

आज के समय में USB-C पोर्ट किसी भी मॉनिटर के लिए बड़ा एडवांटेज है, और यहां यह फीचर काफी काम का लगा. एक ही केबल से लैपटॉप कनेक्ट करने पर वीडियो सिग्नल के साथ पावर डिलीवरी भी मिलती है. यानी अलग से चार्जर लगाने की जरूरत नहीं पड़ती.

इसके अलावा HDMI, DisplayPort और USB हब सपोर्ट भी मिलता है. मीटिंग्स के दौरान लैपटॉप से सीधा कनेक्शन और हेडफोन जैक का इस्तेमाल आसान रहा. इसमें बिल्ट-इन 2W के डुअल स्पीकर्स भी हैं. ऑडियो क्वालिटी बहुत दमदार नहीं है, लेकिन वीडियो कॉल या यूट्यूब वीडियो के लिए पर्याप्त है.

Advertisement

रोज़मर्रा के इस्तेमाल में अनुभव

पिछले कुछ हफ्तों में मैंने इस मॉनिटर को न्यूज़ स्क्रिप्ट एडिटिंग, वेब स्टोरी पब्लिशिंग, फोटो एडिटिंग और वीडियो प्रीव्यू के लिए इस्तेमाल किया. मल्टीटास्किंग के दौरान स्क्रीन रियल एस्टेट ठीक लगा. 24-इंच साइज छोटे डेस्क के लिए भी संतुलित है.

144Hz की स्मूदनेस सबसे ज्यादा तब महसूस होती है जब आप लगातार स्क्रॉल करते हैं या विंडोज के बीच तेजी से स्विच करते हैं. Eye-Care फीचर्स की वजह से देर रात तक काम करते हुए आंखों पर तनाव अपेक्षाकृत कम लगा.

क्या कमी है?

अगर आप हाई-एंड गेमर हैं या 2K या 4K रेजोल्यूशन की तलाश में हैं, तो यह मॉनिटर आपके लिए नहीं है. HDR सपोर्ट का न होना भी कुछ यूज़र्स के लिए मायने रख सकता है. लेकिन जिस कैटेगरी में यह आता है, वहां यह एक संतुलित पैकेज है.

BenQ GW2490TC: बॉटम लाइन

BenQ GW2490TC उन यूज़र्स के लिए बना है जो एक ऐसा मॉनिटर चाहते हैं जो प्रोफेशनल दिखे, आंखों को राहत दे, 144Hz की स्मूदनेस दे और USB-C जैसी मॉडर्न कनेक्टिविटी भी ऑफर करे.

कुछ हफ्तों के इस्तेमाल के बाद यह कहना गलत नहीं होगा कि यह मॉनिटर flashy नहीं है, लेकिन भरोसेमंद है. अगर आपका काम लंबे समय तक स्क्रीन के सामने बैठकर करना है, चाहे कंटेंट क्रिएशन हो, ऑफिस वर्क हो या स्टडी, तो यह मॉनिटर एक मजबूत विकल्प बनकर सामने आता है.

Advertisement

आज तक रेटिंग: 8.5/10

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement