भारतीय पहलवान विनेश फोगाट ने अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर सोशल मीडिया पर एक भावुक और तीखी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर कब तक बेटियों को खोने वाले परिवार न्याय के लिए दर-दर भटकते रहेंगे और सत्ता में बैठे लोग अपनी जिम्मेदारी से मुंह मोड़ते रहेंगे. विनेश ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को टैग करते हुए देश में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भी सवाल किए.
विनेश फोगाट की यह प्रतिक्रिया ऐसे समय आई है, जब अंकिता भंडारी के माता-पिता अपनी बेटी को न्याय दिलाने और मामले में कथित VIP की भूमिका की जांच की मांग को लेकर संघर्ष कर रहे हैं. दिल्ली के इंडिया गेट के पास प्रदर्शन के दौरान उन्हें हिरासत में लिया गया था. बाद में गुरुवार (15 अक्टूबर) सुबह करीब 5 बजे उन्हें रिहा कर दिया गया.
विनेश फोगाट ने अपने पोस्ट में लिखा कि एक बेटी की हत्या के बाद उसके माता-पिता को इंसाफ के लिए दर-दर भटकना पड़ता है, जबकि पीड़िता अब इस दुनिया में नहीं है. उन्होंने सवाल किया कि बेटी को खोने वाले परिवार पर क्या गुजरती होगी और उन्हें न्याय के लिए इतने लंबे समय तक संघर्ष क्यों करना पड़ता है.
उन्होंने देश में महिलाओं के खिलाफ अपराध और आरोपियों के प्रति समाज के रवैये पर भी सवाल उठाए. विनेश फोगाट ने लिखा कि बेटियों के परिवार आखिर कब तक न्याय के लिए लड़ते रहेंगे और सत्ता में बैठे लोग कब तक अपनी जिम्मेदारियों से मुंह मोड़ते रहेंगे.
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को संबोधित करते हुए उन्होंने लिखा, 'राष्ट्रपति जी, आप तो खुद एक महिला हैं, कभी अपने आप से दिल पे हाथ रखकर पूछिए कि देश की बेटियों की सुरक्षा के लिए अभी तक क्या किया.'
अंकिता भंडारी के माता-पिता ने सिक्किम के राज्यपाल के रूप में दुष्यंत कुमार गौतम की नियुक्ति का विरोध किया है. परिवार की मांग है कि मामले की चल रही सीबीआई जांच पूरी होने तक उनकी नियुक्ति पर रोक लगाई जाए. अंकिता के पिता ने केंद्र सरकार को 24 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी कि मांग स्वीकार नहीं होने पर देशव्यापी आंदोलन शुरू किया जाएगा. प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस के कुछ नेताओं को भी हिरासत में लिया गया था. बाद में उन्हें भी रिहा कर दिया गया.
अंकिता भंडारी के परिवार और कुछ कार्यकर्ताओं ने मामले में कथित VIP की भूमिका को लेकर सवाल उठाए हैं. दुष्यंत कुमार गौतम ने अपने खिलाफ लगाए गए आरोपों से इनकार किया है और मानहानि की कार्यवाही शुरू की है. इसलिए इन आरोपों को जांच में साबित हुआ तथ्य नहीं माना जा सकता.
क्या है पूरा मामला?
19 वर्षीय अंकिता भंडारी ऋषिकेश के वनंतरा रिजॉर्ट में रिसेप्शनिस्ट के तौर पर काम करती थीं. 18 सितंबर 2022 को उनकी हत्या कर दी गई थी. चार दिन बाद उनका शव चिल्ला नहर से बरामद हुआ था.
इस मामले में रिजॉर्ट मालिक पुलकित आर्य और उसके दो साथियों को दोषी ठहराया गया था. तीनों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई. हालांकि, मामले में कथित VIP की भूमिका को लेकर अंकिता के परिवार और सामाजिक कार्यकर्ताओं की ओर से जांच की मांग लगातार उठती रही है.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क