चैम्पियंस लीग (UEFA Champions League) फुटबॉल टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में गत विजेता चेल्सी (Chelsea) को रियल मैड्रिड (Real Madrid) के हाथों हार का सामना करना पड़ा. साथ ही बायर्न म्यूनिख (Bayern Munich) की टीम को भी अप्रत्याशित रूप से वियारियल (Villarreal) की टीम के खिलाफ ओवरऑल नतीजों में हार का सामना करना पड़ा, जिससे दोनों टीमें चैम्पियंस लीग से बाहर हो गई हैं.
बायर्न म्यूनिख को वियारियल के खिलाफ पहले लेग के मुकाबले 0-1 से हार मिली थी. दूसरे लेग के मुकाबले में उसे हर हाल में कम से कम 2-0 से जीत दर्ज करनी थी, लेकिन मुकाबला 1-1 से ड्रॉ रहा. इस ड्रॉ की बदौलत वियारियल ने दोनों लेग के स्कोर के मुताबिक 2-1 से बायर्न म्यूनिख को हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया है. वहीं, चेल्सी को रियल मैड्रिड ने पहले लेग के मुकाबले में 3-1 के बड़े अंतर से मात दी थी, जिसके बाद दूसरे लेग में सेमीफाइनल में प्रवेश के लिए चेल्सी को एक बड़ी जीत दर्ज करनी थी, जिसमें वो नाकाम रही.
कड़े संघर्ष के बाद हारी चेल्सी
मुकाबले की शुरुआत में चेल्सी ने बेहतरीन जीत की तरफ कदम बढ़ाए थे, लेकिन मैड्रिड की तरफ से आखिरी मौकों पर किए गए गोल की बदौलत चेल्सी को हार का सामना करना पड़ा. चेल्सी के लिए मेसन माउंट ने 15वें, एंटोनियो रुडिगर ने 51वें और टिमों वर्नर ने 75वें मिनट में गोल दागकर चेल्सी को 3-0 से बढ़त दिला दी थी. जिसके बाद रियल मैड्रिड की तरफ से रोड्रिगो ने 80वें मिनट में गोल दागकर चेल्सी के ओवरऑल स्कोर से बढ़त की तरफ कदम बढ़ा दिए. 96वें मिनट में करीम बेंजेमा ने स्कोर कर रियल को चेल्सी से बढ़त दिला दी.
बायर्न को मिली अप्रत्याशित हार
पहले मुकाबले में मिली अप्रत्याशित हार के बाद बायर्न म्यूनिख के लिए भी यह मुकाबला काफी अहम था. वियारियल के डिफेंडर्स ने बायर्न के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम को सेमीफाइनल में प्रवेश दिलाया और खिताब की प्रबल दावेदारों में से एक बायर्न म्यूनिख को बाहर का रास्ता दिखाया. दोनों के बीच खेला गया मुकाबला 1-1 से ड्रॉ पर खत्म हुआ. रॉबर्ट लेवेंडोव्स्की ने 52वें मिनट में बायर्न को बढ़त दिलाई थी, लेकिन मुकाबले के इंजरी टाइम 88वें मिनट में सैमुअल चुक्वेजे ने गोल दागकर वियारियल को सेमीफाइनल में प्रवेश दिलाया.
सेमीफाइनल में प्रवेश के लिए बुधवार देर शाम को मैनचेस्टर सिटी (Manchester City) का मुकाबला एटलेटिको मैड्रिड (Atletico Madrid) और लिवरपुल (Liverpool) का मुकाबला बेन्फिका (Benfica) से होना है. पहले लेग के मुकाबले के हिसाब से मैनचेस्टर सिटी एटलेटिको से 1-0 से और लिवरपुर बेन्फिका से 3-1 से आगे है.
aajtak.in