ग्लासगो का एक पॉपुलर भारतीय रेस्टोरेंट मिस्टर सिंह इंडिया–द होम ऑफ करी इस समय सुर्खियों में है. यहां कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में शानदार प्रदर्शन करने वाले भारतीय एथलीट्स को डिनर पर आमंत्रित किया गया था.
रेस्टोरेंट में खिलाड़ियों को दिए गए नैपकिन पर भारत का अधूरा नक्शा छपा था, जिसमें नार्थ-ईस्ट राज्य पूरी तरह गायब था. इस गलती को देखते ही भारत की स्टार महिला बॉक्सर लवलीना बोरगोहेन ने तुरंत कड़ी आपत्ति जताई.
जब उन्होंने ध्यान से देखा तो न सिर्फ नैपकिन बल्कि रेस्टोरेंट की दीवार पर लगे एक बड़े नक्शे से भी नार्थ-ईस्ट और जम्मू-कश्मीर का हिस्सा गायब था. इस पूरे मामले पर आज तक से खास बातचीत करते हुए लवलीना बोरगोहेन ने कुछ जरूरी बातों का जिक्र किया.
भारत के नक्शे से नार्थ-ईस्ट गायब पर क्या बोलीं लवलीना
लवलीना ने बताया कि मैच खत्म होने के बाद हम सब एक भारतीय रेस्टोरेंट में डिनर के लिए गए थे. खाना खाने के बाद जब मैंने नैपकिन देखा तो उस पर बने भारत के नक्शे से नार्थ-ईस्ट गायब था. वहां कुछ लोगों ने आकर मुझे इस बात की शिकायत भी की. इतना ही नहीं, रेस्टोरेंट में लगे एक बड़े नक्शे में भी यही गलती थी. यह देखकर मुझे बहुत बुरा लगा और मैंने तुरंत रेस्टोरेंट मैनेजमेंट से बात की. आप भारत के नक्शे से नार्थ-ईस्ट को इस तरह अलग नहीं कर सकते.
लवलीना के कड़े रुख के बाद रेस्टोरेंट के मालिक ने अपनी गलती मानी और सफाई देते हुए कहा कि यह नक्शा ब्रिटिश शासन के समय से चला आ रहा है, जिसके कारण शायद इसे बदला नहीं गया था. उन्होंने इस चूक के लिए लवलीना से माफी मांगी और जल्द से जल्द नक्शे को बदलने का भरोसा दिया.
बॉक्सरों के प्रदर्शन पर जाहिर की खुशी
इस विवाद के अलावा लवलीना ने कॉमनवेल्थ गेम्स में भारतीय बॉक्सरों के प्रदर्शन पर खुशी जाहिर की. सिल्वर मेडल जीतने वाली लवलीना ने कहा कि कॉमनवेल्थ गेम्स के इतिहास में मुक्केबाजों ने इस बार अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया है और ग्लासगो का माहौल काफी बेहतरीन रहा.
ये भी पढ़ें- CWG 2026: मीराबाई से लेकर नीरज चोपड़ा तक, कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत का स्वर्णिम प्रदर्शन, देखें पदकवीरों की पूरी लिस्ट
गोल्ड न जीत पाने का मलाल
लवलीना ने सीधे सेमीफाइनल में प्रवेश कर मेडल पक्का किया था. उन्होंने कहा कि फाइनल मुकाबला काफी करीबी था. अगर मैं गोल्ड जीतती तो ज्यादा खुशी होती. अब मेरा पूरा ध्यान आने वाले एशियन गेम्स में देश के लिए गोल्ड मेडल जीतने पर है.
ये भी पढ़ें- CWG 2026 में बवाल! ग्लासगो में भारत के नक्शे से 'नॉर्थ ईस्ट' गायब, बॉक्सर का फूटा गुस्सा
कम मेडल आने की वजह
पिछली बार के मुकाबले इस बार कम मेडल मिलने पर उन्होंने कहा कि कई मुख्य खेलों को इस बार टूर्नामेंट में शामिल नहीं किया गया था. भविष्य में सभी प्रमुख इवेंट्स को कॉमनवेल्थ गेम्स में जरूर जगह मिलनी चाहिए.
नितिन कुमार श्रीवास्तव