फुटबॉल सिर्फ एक खेल नहीं, भावनाओं का तूफान भी है. 2026 फीफा वर्ल्ड कप के राउंड ऑफ-16 में इसका सबसे दिल छू लेने वाला दृश्य मैदान पर नहीं, बल्कि एक स्पोर्ट्स बार के भीतर देखने को मिला. जहां मेक्सिको की चर्चित समर्थक ओलिविया अपनी टीम की जीत के सपने सजाए बैठी थीं, लेकिन जूड बेलिंगहैम के दो ताबड़तोड़ गोलों ने कुछ ही पलों में उनकी दुनिया बदल दी.
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में ओलिविया की हर अदा और हर भाव कैमरे में कैद है. शुरुआत में उनके चेहरे पर उम्मीद नजर आती है, लेकिन इंग्लैंड के पहले गोल के साथ ही वह मुस्कान गायब हो जाती है. कुछ ही सेकंड बाद दूसरा गोल पड़ता है और उनके चेहरे पर अविश्वास की लकीरें उभर आती हैं. कभी वह सिर पर हाथ रखती हैं, कभी हवा में हाथ लहराकर अपनी निराशा जताती हैं. उनकी आंखों में छिपी बेचैनी और चेहरे पर उतरती मायूसी बता रही थी कि यह हार उन्हें भीतर तक झकझोर रही है.
मैच खत्म होने के बाद ओलिविया की निराशा और भी गहरी हो गई. इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए एक वीडियो में वह रजाई ओढ़े बिस्तर पर लेटी नजर आती हैं और हार का गम उनके चेहरे पर साफ दिखाई देता है. वीडियो में वह सिसक-सिसककर रोती दिखती हैं, मानो मेक्सिको की हार ने उनका दिल तोड़ दिया हो. यह भावुक पोस्ट भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है और फैन्स उनकी भावनाओं से खुद को जोड़ते नजर आ रहे हैं.
स्टाइलिश अंदाज और आत्मविश्वास से भरी ओलिविया पूरे टूर्नामेंट में मेक्सिको की जीत का जश्न मनाती नजर आई थीं. उनकी मुस्कान, उनका जोश और टीम के लिए उनका जुनून सोशल मीडिया पर लाखों लोगों को आकर्षित कर चुका था. यही वजह थी कि फैन्स उन्हें प्यार से मेक्सिको की 'लकी चार्म' कहने लगे थे. लेकिन इस बार किस्मत ने उनका साथ नहीं दिया.
वीडियो में एक पल ऐसा भी आता है जब वह हल्की-सी मुस्कान देने की कोशिश करती हैं, मानो खुद को संभाल रही हों. मगर अगले ही क्षण उनके चेहरे पर फिर वही उदासी लौट आती है. यह सिर्फ एक फैन का रिएक्शन नहीं, बल्कि अपनी पसंदीदा टीम के लिए धड़कते दिल की कहानी है.
ये भी पढ़ें - मेक्सिको के गोल के साथ ही फट पड़ा इंटरनेट... हर जीत पर वायरल हो जाती है ये 'सेलिब्रेशन क्वीन'
मैदान पर इंग्लैंड ने 10 खिलाड़ियों के साथ खेलते हुए 3-2 से जीत दर्ज की और क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली. दूसरी ओर, सह-मेजबान मेक्सिको का अजेय सफर समाप्त हो गया. लेकिन मैच खत्म होने के बाद भी लोगों की नजरें ओलिविया के उस वायरल रिएक्शन पर टिकी रहीं, जिसमें जुनून था, दर्द था और अपनी टीम के लिए बेपनाह प्यार भी.
'MEXICOOOOOO!' की गूंज, वायरल जश्न... गोल पड़ते ही क्यों वायरल हो जाती है ये हसीना?
ह्यूस्टन की रहने वाली ओलिविया सिर्फ एक कंटेंट क्रिएटर नहीं हैं. इस विश्व कप में वह मेक्सिको के समर्थन की सबसे चर्चित आवाज बनकर उभरीं. उनकी मौजूदगी, उनका उत्साह और उनके भावनात्मक रिएक्शन उन्हें हजारों प्रशंसकों के बीच अलग पहचान दिलाते हैं.
शायद यही वजह है कि मेक्सिको की हार के बाद भी सोशल मीडिया पर सबसे ज्यादा चर्चा उसी चेहरे की हो रही है, जिसकी आंखों में अपनी टीम के लिए टूटते सपनों का दर्द साफ दिखाई दे रहा था.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क