अमेरिका के कैंसास सिटी में गोलीबारी की कई घटनाओं में 4 लोग घायल हो गए और एक व्यक्ति की मौत हो गई. घायलों में अर्जेंटीना की फुटबॉल टीम के अमेरिकी फैंस को ले जा रहा एक उबर ड्राइवर भी शामिल है.
गोलीबारी करने वाला 22 साल का युवक है, जो घटना के बाद से ही फरार है. पुलिस ने बताया कि कैंसास सिटी में गोलीबारी की एक के बाद एक 5 घटनाएं हुई हैं. ये घटनाएं मंगलवार शाम 6 बजे से 6:30 बजे के बीच हुईं. इनमें से तीन घटनाएं इंटरस्टेट 70 और 670 पर हुई, जो शहर के मुख्य इलाके डाउनटाउन से होकर गुजरती हैं.
ये सभी घटनाएं एरोहेड स्टेडियम से कम से कम 7 किलोमीटर दूर हुईं, जहां अर्जेंटीना ने अल्जीरिया के खिलाफ अपना पहला मैच जीता था. अर्जेंटीना के फैंस ने अर्जेंटीना के मीडिया आउटलेट 'ला नैसिओन' को बताया कि एक कार उनके उबर के बगल में आई और दो गोलियां चलाईं, जिससे ड्राइवर के पैर में गोली लग गई.
उन्होंने बताया कि उन्हें पहले लगा कि ये आवाज कार का टायर फटने की है लेकिन बाद में पता चला कि ड्राइवर को गोली लगी है.
पुलिस ने बताया कि यह गोलीबारी और इंटरस्टेट पर हुई दो अन्य घटनाएं तब हुईं जब कारें पूर्व की ओर जा रही थीं. इनमें से एक कार पड़ोसी राज्य कैंसास से आ रही थी. बाकी घटनाएं शहर के मुख्य रास्ते, ट्रूमैन रोड पर और पूर्व की ओर हुईं.
पुलिस ने बताया कि गोलीबारी की घटनाओं में 4 लोग घायल हुए हैं, जिनमें एक नाबालिग भी है. सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. इसमें एक व्यक्ति की मौत भी हो गई.
अधिकारियों के मुताबिक, ट्रूमैन रोड पर एक गाड़ी के खंभे से टकराने की सूचना मिली थी. ये उन जगहों में थी जहां पहले गोलीबारी हुई थी. ड्राइवर को अस्पताल ले जाया गया और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. ड्राइवर की मौत गोली लगने से हुई थी.
सभी पीड़ितों ने बताया कि वे हाईवे या सड़क पर गाड़ी चला रहे थे, तभी उनकी गाड़ियों पर एक या उससे ज्यादा गोलियां चलीं. पुलिस कैप्टन जैकब बेचिना ने बताया कि सभी घटनाओं में एक ही व्यक्ति शामिल है. संदिग्ध की लोकेशन एक घर में मिली थी. ये घर उस जगह पर था, जहां गोली लगने से मारे गए व्यक्ति का शव मिला था. वहां पुलिस और संदिग्ध के बीच आमना-सामना हुआ. लेकिन जब बुधवार सुबह करीब 8 बजे उस घर में दाखिल हुई, तो संदिग्ध वहां नहीं था.
कैंसास सिटी के अधिकारियों ने भी संदिग्ध के खिलाफ वारंट जारी किया है. बता दें कि गोलीबारी की ये घटनाएं उस घटना के 10 दिन बाद हुई हैं, जिसमें कैंसस सिटी में इंग्लैंड के वर्ल्ड कप बेस कैंप से 4 मील दूर हुई गोलीबारी में 9 लोग घायल हो गए थे.
aajtak.in