FIFA World Cup 2026: मैदान पर लियोनेल मेसी और उनकी टीम इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल की जंग लड़ेंगे, लेकिन स्टैंड्स में भी कैमरों की नजरें कुछ खास चेहरों पर टिकी रहेंगी. अर्जेंटीना के स्टार फुटबॉलरों की पत्नियां और गर्लफ्रेंड्स- जिन्हें फुटबॉल की दुनिया में WAGs (Wives and Girlfriends) कहा जाता है...अपनी खूबसूरती, ग्लैमर और दिलचस्प लव स्टोरी की वजह से किसी सेलिब्रिटी से कम नहीं हैं.
किसी की प्रेम कहानी बचपन से शुरू हुई, कोई बस स्टॉप पर मिली, तो किसी ने टीचर बनने का सपना छोड़कर अपने स्टार पार्टनर का साथ चुना. आइए मिलते हैं अर्जेंटीना की उन चर्चित WAGs से, जो इस वर्ल्ड कप में भी सुर्खियां बटोर रही हैं.
एंटोनेला रोकुज्जो: मेसी की बचपन वाली मोहब्बत
अगर अर्जेंटीना की WAGs की कोई 'क्वीन' है तो वह हैं एंटोनेला रोकुज्जो. महज पांच साल की उम्र में रोसारियो में लियोनेल मेसी से मुलाकात हुई और वही दोस्ती जिंदगी भर का रिश्ता बन गई.
2017 में दोनों ने भव्य शादी की, जिसे अर्जेंटीना की 'वेडिंग ऑफ द सेंचुरी' कहा गया. इस शादी में लुइस सुआरेज, नेमार और जेरार्ड पिके जैसे दिग्गज पहुंचे थे.
एंटोनेला ने डेंटिस्ट बनने की पढ़ाई की, सोशल कम्युनिकेशन में भी काम किया और बाद में फैशन मॉडलिंग की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाई. आज उनके तीन बेटे हैं और सोशल मीडिया पर उनकी लोकप्रियता करोड़ों में है.
टिनी स्टोएसेल: डिज्नी स्टार, जिसने डि पॉल का दिल जीत लिया
अर्जेंटीना की पॉप स्टार मार्टिना 'टिनी' स्टोएसेल अपने देश की सबसे बड़ी म्यूजिक आइकन्स में गिनी जाती हैं. डिज्नी शो Violetta से स्टार बनीं टिनी के इंस्टाग्राम पर दो करोड़ से ज्यादा फॉलोअर्स हैं.
रोड्रिगो डी पॉल के साथ उनका रिश्ता किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं रहा. दोनों अलग हुए, फिर दोबारा करीब आए और अब सगाई कर चुके हैं. डी पॉल ने अपने शरीर पर टिनी के नाम का टैटू भी बनवा रखा है.
अगुस्टिना गंडोल्फो: फिटनेस क्वीन और सफल बिजनेसवुमन
स्ट्राइकर लौतारो मार्टिनेज की पत्नी अगुस्टिना गंडोल्फो फिटनेस इन्फ्लुएंसर हैं. 2018 में दोनों की मुलाकात हुई और 2023 में इटली के लेक कोमो में शादी की.
दो बच्चों की मां अगुस्टिना सिर्फ मॉडल ही नहीं, बल्कि मिलान में एक चर्चित रेस्टोरेंट भी चलाती हैं. फिटनेस टिप्स और फैमिली लाइफ की वजह से लाखों लोग उन्हें सोशल मीडिया पर फॉलो करते हैं.
एमिलिया फेरेरो: हॉकी खिलाड़ी से टीचर और फिर फुटबॉल स्टार की जीवनसंगिनी
जूलियन अल्वारेज की पार्टनर एमिलिया फेरेरो कभी हॉकी खिलाड़ी और फिजिकल एजुकेशन टीचर थीं.
दोनों किशोरावस्था से एक-दूसरे को जानते थे, लेकिन प्यार की शुरुआत 2020 में हुई. अल्वारेज जब मैनचेस्टर सिटी गए तो एमिलिया भी उनके साथ इंग्लैंड चली गईं, फिर स्पेन पहुंचीं। हाल ही में दोनों के घर बेटे अमादेओ का जन्म हुआ.
कारो काल्वाग्नी: फिटनेस मॉडल, जिसने फेसबुक पर शुरू की लव स्टोरी
निकोलस टैग्लियाफिको की पत्नी कारो काल्वाग्नी फिटनेस मॉडल और एंटरप्रेन्योर हैं.
दोनों की मुलाकात एक दोस्त के जरिए हुई और फेसबुक पर बातचीत शुरू हुई. मालदीव में प्रपोजल के बाद दोनों ने शादी की. कतर वर्ल्ड कप जीतने के तुरंत बाद उन्होंने वर्ल्ड कप थीम पर शानदार रिसेप्शन दिया। कारो अपना स्पोर्ट्सवियर ब्रांड भी चलाती हैं.
मूरी लोपेज बेनितेज: कार्निवल डांसर, जिसने बचपन के प्यार को निभाया
लिसांड्रो मार्टिनेज की पार्टनर मुरिएल 'मूरी' लोपेज बेनितेज प्रोफेशनल डांसर हैं. दोनों 14 साल की उम्र में मिले थे और तभी से साथ हैं.
मूरी अर्जेंटीना के मशहूर कार्निवल में अपनी डांस परफॉर्मेंस के लिए जानी जाती हैं. अब उनकी एक बेटी भी है और वह हर देश में लिसांड्रो के साथ मजबूती से खड़ी रही हैं.
आइलेन कोवा: दोस्ती से शुरू हुआ रिश्ता
एलेक्सिस मैक एलिस्टर की पार्टनर आइलेन कोवा मॉडल हैं.
बचपन के दोस्त रहे दोनों का रिश्ता 2022 में शुरू हुआ. शुरुआत विवादों में रही, लेकिन अब दोनों एक बेटी के माता-पिता हैं और सोशल मीडिया पर अक्सर साथ नजर आते हैं.
वैलेंटिना सर्वांतेस: टीचर बनने का सपना छोड़ा
चेल्सी स्टार एंजो फर्नांडीज की पार्टनर वैलेंटिना सर्वांतेस फैशन इन्फ्लुएंसर हैं. उन्होंने टीचर बनने की तैयारी छोड़ दी, ताकि एंजो के साथ यूरोप जा सकें.
दोनों दो बच्चों के माता-पिता हैं. 2024 में अलग होने के बाद उन्होंने फिर अपने रिश्ते को नया मौका दिया.
मंदिन्हा: बस स्टॉप पर हुई मुलाकात, बन गई जिंदगी की सबसे खूबसूरत कहानी
गोलकीपर एमिलियानो 'डिबू' मार्टिनेज की पत्नी मंदिन्हा की लव स्टोरी सबसे अलग है.
2013 में लंदन के एक बस स्टॉप पर दोनों की पहली मुलाकात हुई. नेटफ्लिक्स डॉक्यूमेंट्री में मार्टिनेज ने बताया था कि मंदिन्हा को डेट पर पूछने की हिम्मत जुटाने में उन्हें काफी समय लगा.
2017 में दोनों ने शादी की. आज उनके दो बच्चे हैं. मंदिन्हा पेशे से इंटीरियर डिजाइनर हैं और बच्चों के कमरों की डिजाइनिंग का सफल बिजनेस चलाती हैं.
सिर्फ खूबसूरती नहीं, अपनी पहचान भी
अर्जेंटीना की ये WAGs सिर्फ ग्लैमरस चेहरे नहीं हैं. इनमें कोई इंटरनेशनल पॉप स्टार है, कोई फिटनेस आइकन, कोई सफल बिजनेसवुमन, कोई डांसर तो कोई इंटीरियर डिजाइनर. मैदान पर मेसी और उनकी टीम इतिहास रचने की कोशिश करेगी, जबकि स्टैंड्स में मौजूद ये स्टार पार्टनर्स भी कैमरों और फुटबॉल फैंस का भरपूर ध्यान अपनी ओर खींचने के लिए तैयार हैं.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क