इंडिया ए और श्रीलंका ए के बीच दांबुला के रंगिरी इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए त्रिकोणीय वनडे सीरीज मुकाबले का अंत बेहद नाटकीय रहा. सुपर ओवर में इंडिया ए की हार के बाद 15 वर्षीय बल्लेबाजी सनसनी वैभव सूर्यवंशी और श्रीलंका ए के खिलाड़ियों के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली, जिसने मैच के बाद का माहौल गर्म कर दिया.
तिलक वर्मा की कप्तानी वाली इंडिया ए टीम को लगातार दूसरी हार झेलनी पड़ी. पहले बल्लेबाजी करते हुए इंडिया ए टीम 265 रन पर आउट गई थी. जवाब में श्रीलंका ए ने भी 265 रन बनाकर मुकाबला टाई करा दिया, जिसके बाद नतीजा सुपर ओवर से निकला.
सुपर ओवर में चूक गई इंडिया ए
सुपर ओवर में पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंका ए ने 6 गेंदों में 17 रन बनाए और इंडिया ए के सामने 18 रन का टारगेट रखा. टारगेट का पीछा करने उतरे वैभव सूर्यवंशी और सूर्यांश शेडगे केवल 9 रन ही बना सके और इंडिया ए मुकाबला हार गई.
हार के बाद बढ़ा तनाव
मैच खत्म होने के बाद जब वैभव सूर्यवंशी और सूर्यांश शेडगे पवेलियन की ओर लौट रहे थे, तभी श्रीलंका ए के कुछ खिलाड़ी उनके करीब आए. इसी दौरान वैभव और श्रीलंकाई खिलाड़ी विशेन हलांबागे के बीच कहासुनी शुरू हो गई.
रिपोर्ट के अनुसार, हलांबागे ने वैभव से कहा- Match over... now you go home. यानी- मैच खत्म हो गया, अब घर जाओ. यह कमेंट वैभव को नागवार गुजरी और उन्होंने तुरंत कमेंट किया.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वैभव ने गुस्से में हलांबागे के पास जाकर उन्हें धक्का भी दिया. स्थिति बिगड़ती देख दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने हस्तक्षेप किया. श्रीलंका के अनुभवी विकेटकीपर निरोशन डिकवेला और इंडिया के सूर्यांश शेडगे ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया.
अंधेरा भी बना विवाद की वजह
मैच के दौरान रोशनी की स्थिति को लेकर भी विवाद हुआ था. इंडिया ए के कप्तान तिलक वर्मा और अंपायरों के बीच इस बात पर बहस हुई कि खराब होती रोशनी के बावजूद खेल क्यों जारी रखा जा रहा है.
रिपोर्ट्स के मुताबिक अंपायरों ने विजिबिलिटी की चेतावनी मिलने के बावजूद मैच को आखिरी गेंद तक जारी रखने का फैसला किया. बाद में सुपर ओवर भी कराया गया, जबकि कई खिलाड़ियों को गेंद देखने में दिक्कत हो रही थी.
इंडिया ए के बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी और सूर्यांश शेडगे भी सुपर ओवर के दौरान कम रोशनी से जूझते नजर आए. माना जा रहा है कि यही कारण रहा कि टीम 18 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए सिर्फ 9 रन ही बना सकी.
श्रीलंका ए मैनेजमेंट कर सकता है माफी
क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार, घटना के बाद श्रीलंका ए टीम प्रबंधन ने आंतरिक बैठक की. इसमें विशेन हलांबागे के व्यवहार पर चर्चा हुई और यह भी बताया गया कि श्रीलंकाई टीम इंडिया ए के ड्रेसिंग रूम में जाकर माफी मांग सकती है. क श्रीलंका क्रिकेट अधिकारी ने कहा कि सुपर ओवर कराया ही नहीं जाना चाहिए था क्योंकि रोशनी लगातार खराब हो रही थी.
हालांकि मैच के बाद दोनों टीमों ने पारंपरिक हैंडशेक की प्रक्रिया पूरी की और हालात को नियंत्रण में रखा. अब दोनों टीमें इस विवाद को पीछे छोड़कर सीरीज के बाकी मुकाबलों पर ध्यान देना चाहेंगी.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क