'भुवनेश्वर कुमार को चुनकर कोई एहसान नहीं किया...', वसीम जाफर ने चयनकर्ताओं को दिखाया आईना

वसीम जाफर ने भारतीय टीम के सेलेक्शन में अनुभव और युवा जोश के संतुलन पर भी जोर दिया. उनका कहना है कि युवा खिलाड़ियों को मौका मिलना जरूरी है, लेकिन लगातार अच्छा प्रदर्शन करने वाले अनुभवी क्रिकेटरों को केवल उम्र की वजह से बाहर रखना सही नहीं है.

Advertisement
भुवनेश्लवर कुमार की चार साल बाद टीम इंडिया में वापसी हुई है. (Photo: Reuters) भुवनेश्लवर कुमार की चार साल बाद टीम इंडिया में वापसी हुई है. (Photo: Reuters)

आजतक स्पोर्ट्स डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 08 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 8:59 AM IST

तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार की टीम इंडिया में वापसी ने एक बार फिर उम्र और अनुभव को लेकर बहस छेड़ दी है. न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज के लिए 36 साल के भुवनेश्वर को भारतीय टीम में शामिल किया गया है. पूर्व भारतीय बल्लेबाज वसीम जाफर ने उनके चयन का खुलकर समर्थन किया है और सवाल उठाया है कि आखिर इतने लंबे समय तक इस अनुभवी तेज गेंदबाज को टीम से बाहर क्यों रखा गया.

Advertisement

वसीम जाफर के मुताबिक भुवनेश्वर कुमार की वापसी किसी तरह की मेहरबानी नहीं है. उन्होंने अपने प्रदर्शन और फिटनेस के दम पर टीम में जगह बनाई है. उनका मानना है कि अगर कोई खिलाड़ी लगातार अच्छा कर रहा है, तो सिर्फ उम्र को उसके खिलाफ नहीं इस्तेमाल किया जाना चाहिए.

वसीम जाफर ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, 'देर आए, दुरुस्त आए. वो डिजर्व करते हैं. उन्हें चुनकर किसी ने कोई मेहरबानी नहीं की है. उनका प्रदर्शन सामने है और उनकी फिटनेस भी अच्छी रही है. मुझे समझ नहीं आता कि उन्हें पहले क्यों ड्रॉप किया गया था.' जाफर का यह बयान सीधे तौर पर भुवनेश्वर कुमार के लंबे समय तक टीम से बाहर रहने पर सवाल खड़ा करता है. उनके मुताबिक गेंदबाज ने मैदान पर अपने प्रदर्शन से चयन का दावा लगातार मजबूत किया था.
यह भी पढ़ें: न्यूजीलैंड टीम में लौटा ये धुरंधर, IND सीरीज के बाद संभालेगा बड़ी जिम्मेदारी

Advertisement

भुवनेश्वर कुमार ने पिछले कुछ समय में IPL (इंडियन प्रीमियर लीग) और घरेलू क्रिकेट में लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है. वसीम जाफर ने खास तौर पर उनके फिटनेस रिकॉर्ड और बेहतरीन प्रदर्शन का जिक्र करते हुए कहा कि जब भी भुवी को मौका मिला, उन्होंने खुद को साबित किया.

उन्होंने कहा, 'उन्होंने अपनी फिटनेस को बहुत अच्छी तरह बनाए रखा है. जब भी उन्हें मौका मिला, उन्होंने अच्छा किया है. वह आईपीएल और उत्तर प्रदेश के लिए हमेशा अच्छा करते रहे हैं. फिर उन्हें क्यों नहीं चुना जा रहा था?'
यह भी पढ़ें: चीफ सेलेक्टर बनेंगे रवींद्र जडेजा? BCCI से पूछ बैठे आवेदन का तरीका, क्या कहता है नियम

वसीम जाफर ने आगे कहा, 'उम्र को थोड़ा साइड में रखना चाहिए. हमारे पास युवा खिलाड़ी हैं, लेकिन जो अच्छा कर रहे हैं, उन्हें नजरअंदाज नहीं करना चाहिए. दबाव के समय आपको अनुभव की जरूरत होती है. आप पूरी तरह युवा टीम के साथ नहीं खेल सकते. अनुभव और युवा खिलाड़ियों का मिश्रण होना चाहिए.'

भुवनेश्वर कुमार के पास भारतीय क्रिकेट का लंबा अनुभव है. उन्होंने टीम इंडिया के लिए 21 टेस्ट, 121 ओडीआई और 87 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले हैं. टी20 इंटरनेशनल में उनके नाम 90 विकेट दर्ज हैं. न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज में उनकी मौजूदगी अर्शदीप सिंह, मयंक यादव और प्रिंस यादव जैसे युवा तेज गेंदबाजों के लिए भी अहम हो सकती है. स्विंग गेंदबाजी और नई गेंद से गेंद को दोनों तरफ मूव कराने की उनकी क्षमता टीम के लिए अतिरिक्त विकल्प देती है.

Advertisement

भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का आगाज 22 अक्टूबर से क्राइस्टचर्च में होगा. इसके बाद सीरीज का अगला मुकाबला भी क्राइस्टचर्च में 22 अक्टूबर को निर्धारित है. तीसरा मुकाबला 27 अक्टूबर को वेलिंगटन, चौथा मुकाबला 30 अक्टूबर को ऑकलैंड और पांचवां मुकाबला 1 नवंबर को हैमिल्टन में खेला जाएगा.

न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज के लिए भारतीय टीम: श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), वैभव सूर्यवंशी, ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, अक्षर पटेल, शिवम दुबे, नीतीश कुमार रेड्डी, नमन धीर, प्रिंस यादव, मयंक यादव, अर्शदीप सिंह, भुवनेश्वर कुमार, वरुण चक्रवर्ती और कुलदीप यादव.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »