इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से क्रिकेट जगत को हैरान करने वाले 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी ने कहा कि इस सीजन की सबसे बड़ी सीख दबाव भरे मुकाबलों में खेलना और मैच की परिस्थितियों के अनुसार अपने खेल में बदलाव करना रही. राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज का मानना है कि हर मुकाबले में एक जैसी बल्लेबाजी नहीं की जा सकती और टीम की जरूरत के हिसाब से खुद को ढालना ही सफलता की कुंजी है.
हालांकि राजस्थान रॉयल्स की टीम क्वालिफायर-2 में गुजरात टाइटन्स से हारकर फाइनल में जगह बनाने से चूक गई, लेकिन सूर्यवंशी ने अपने प्रदर्शन से पूरे टूर्नामेंट पर गहरी छाप छोड़ी. उन्हें IPL 2026 का 'मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर' चुना गया. उन्होंने 16 पारियों में 48.50 की औसत और 237.30 के धमाकेदार स्ट्राइक रेट से 776 रन बनाए. इस दौरान उनके बल्ले से एक शतक और पांच अर्धशतक निकले. शानदार प्रदर्शन के दम पर उन्होंने ऑरेंज कैप भी अपने नाम की.
पुरस्कार लेने के बाद सूर्यवंशी ने कहा- इस सीजन मैंने सीखा कि दबाव वाले मुकाबलों में कैसे खेलना है और अपने खेल को परिस्थितियों के अनुसार कैसे बदलना है. आप हर मैच में एक ही मोड में बल्लेबाजी नहीं कर सकते. आपको मैच की स्थिति को पढ़ना होता है और टीम की जरूरत के मुताबिक खेलना पड़ता है. प्लेऑफ मुकाबलों में भी मुझे यह सीखने का काफी मौका मिला.
पूरे सीजन में अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से गेंदबाजों की नींद उड़ाने वाले सूर्यवंशी ने रिकॉर्ड 72 छक्के लगाए. इसके साथ ही उन्होंने वेस्टइंडीज के दिग्गज क्रिस गेल के एक सीजन में सर्वाधिक 59 छक्कों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया.
रवि शास्त्री ने वैभव से पूछा कितना दूध पीते हो?
पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन में रवि शास्त्री ने वैभव से यह भी पूछा कि आप कितना दूध पीते हो? इस पर युवा बल्लेबाज ने मुस्कुराते हुए कहा- अभी मैं दूध नहीं पी रहा हूं. लेकिन मैं सिर्फ अपने खेल पर भरोसा करता हूं. अगर मुझे लगता है कि गेंद मेरे जोन में है और मैं उसे मार सकता हूं, तो फिर मैं पूरी ताकत के साथ शॉट खेलने की कोशिश करता हूं.
सूर्यवंशी IPL इतिहास का सबसे तेज शतक लगाने से केवल एक गेंद दूर रह गए थे, लेकिन उनका मानना है कि अब अगले स्तर तक पहुंचने के लिए फिटनेस पर विशेष ध्यान देना जरूरी है.
वैभव सूर्यवंशी ने बताया है क्या है आईपीएल के बाद अगला प्लान
वैभव ने इस दौरान कहा- मुझे अपनी फिटनेस पर काफी काम करना होगा क्योंकि मैं लंबे समय तक क्रिकेट खेलना चाहता हूं. चोटों से बचना है, इसलिए फिटनेस पर और ज्यादा फोकस करना पड़ेगा.
कैसा है राजस्थान रॉयल्स के ड्रेसिंग रूम का माहौल, वैभव ने बताया
राजस्थान रॉयल्स के ड्रेसिंग रूम के माहौल की तारीफ करते हुए सूर्यवंशी ने कहा कि टीम के वरिष्ठ खिलाड़ी और सपोर्ट स्टाफ लगातार उनका हौसला बढ़ाते हैं.
उन्होंने कहा- हर कोई मेरा बहुत समर्थन करता है. सीनियर खिलाड़ी और सपोर्ट स्टाफ हमेशा मेरा साथ देते हैं. उनसे काफी कुछ सीखने को मिलता है क्योंकि उन्होंने बहुत ऊंचे स्तर पर क्रिकेट खेली है. टीम का माहौल शानदार है और इससे मुझे लगातार बेहतर बनने में मदद मिलती है.
इतनी कम उम्र में रिकॉर्डों की झड़ी लगाने वाले सूर्यवंशी अब अपने खेल में मैच्योरिटी और फिटनेस जोड़कर भविष्य में और बड़ी उपलब्धियां हासिल करने की तैयारी कर रहे हैं. IPL 2026 में उनके बल्ले से निकला तूफान इस बात का संकेत है कि भारतीय क्रिकेट को एक नया सुपरस्टार मिल चुका है.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क