आयरलैंड के बाद इंग्लैंड दौरे पर टीम इंडिया के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी अब तक सिर्फ इंतजार ही कर रहे हैं. 15 साल के इस विस्फोटक बल्लेबाज को स्क्वॉड में जगह तो मिली, लेकिन अभी तक प्लेइंग इलेवन में मौका नहीं मिला है.
बेलफास्ट में आयरलैंड के खिलाफ दोनों टी20 मैचों में वह बेंच पर बैठे रहे. इसके बाद चेस्टर-ले-स्ट्रीट में इंग्लैंड के खिलाफ पहला टी20 बारिश की भेंट चढ़ गया और वैभव का इंतजार एक बार फिर बढ़ गया.
अब 4 जुलाई को मैनचेस्टर में होने वाले दूसरे टी20 से पहले सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या टीम मैनेजमेंट आखिरकार वैभव पर भरोसा जताएगा? अगर कोच गौतम गंभीर टीम कॉम्बिनेशन में कुछ बड़े बदलाव करते हैं तो युवा बल्लेबाज का डेब्यू लगभग तय माना जा सकता है. सुनील गावस्कर जैसे दिग्गज चेस्टर-ले-स्ट्रीट टी20 के बाद कह चुके हैं कि अगर वैभव का डेब्यू जल्द नहीं हुआ तो उन पर प्रेशर बढ़ सकता है.
ओपनिंग में वैभव और अभिषेक की जोड़ी बन सकती है
टीम इंडिया के लिए सबसे बड़ा बदलाव ओपनिंग में देखने को मिल सकता है. अभिषेक शर्मा अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं और वैभव सूर्यवंशी भी शुरुआत से बड़े शॉट खेलने में माहिर हैं.
यह भी पढ़ें: डेब्यू टला तो वैभव सूर्यवंशी पर बढ़ेगा और प्रेशर! सुनील गावस्कर ने टीम इंडिया के फैसले पर उठाए सवाल
दोनों बाएं हाथ के बल्लेबाज पावरप्ले का पूरा फायदा उठा सकते हैं और विपक्षी गेंदबाजों पर शुरुआती दबाव बना सकते हैं. अभिषेक की बात की जाए तो उनकी पिछली तीन पारियां 49, 0, 59 रन की पारियां खेल चुके हैं. इंग्लैंड के खिलाफ उन्होंने चेस्टर-ले-स्ट्रीट टी20 में 1 जुलाई को 24 गेंदों पर 59 रन जडे़ थे.
अगर यह प्रयोग होता है तो संजू सैमसन को तीसरे या निचले क्रम पर भेजा जा सकता है. संजू के पास मिडिल ऑर्डर में पारी संभालने और अंत तक बल्लेबाजी करने का अनुभव है. वहीं ईशान किशन को चौथे या पांचवें नंबर पर उतारकर टीम बल्लेबाजी को और गहराई दे सकती है.
तिलक वर्मा की जगह पर भी मंथन
बैटिंग ऑर्डर के अलावा स्पिन विभाग में भी बदलाव की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता. टीम मैनेजमेंट उपकप्तान तिलक वर्मा को आराम देकर अतिरिक्त गेंदबाजी विकल्प के साथ उतरने पर विचार कर सकता है.
यह भी पढ़ें: 3 मैच, 6 रन... कब तक बचेंगे संजू सैमसन? T20 वर्ल्ड कप के दम पर और कितने मौके, वैभव सूर्यवंशी हैं जगह लेने को तैयार
दिलचस्प बात यह है कि अक्षर पटेल पिछले टी20 वर्ल्ड कप 2026 में टीम के उपकप्तान होने के बावजूद बाहर रहे थे. ऐसे में मौजूदा उपकप्तान तिलक वर्मा को भी कॉम्बिनेशन के आधार पर बाहर बैठना पड़ सकता है.
वरुण या वॉशिंगटन, किस पर दांव?
मैनेचेस्टर की परिस्थितियों को देखते हुए टीम मैनेजमेंट के सामने दो ऑप्शन हैं. अगर पिच स्पिनरों को मदद देती है तो विशेषज्ञ स्पिनर के तौर पर वरुण चक्रवर्ती को मौका मिल सकता है. वहीं अगर बल्लेबाजी और गेंदबाजी में संतुलन चाहिए तो वॉशिंगटन सुंदर बेहतर ऑप्शन साबित हो सकते हैं, क्योंकि वह बल्लेबाजी में भी उपयोगी योगदान दे सकते हैं.
वैभव का इंतजार खत्म होगा?
वैभव सूर्यवंशी को लेकर लगातार चर्चा हो रही है. पूर्व क्रिकेटरों का मानना है कि युवा बल्लेबाज को ज्यादा इंतजार कराना उसके ऊपर दबाव बढ़ा सकता है. ऐसे में इंग्लैंड के खिलाफ दूसरा टी20 टीम मैनेजमेंट के लिए बड़ा फैसला साबित हो सकता है. अगर बल्लेबाजी क्रम में बदलाव होता है तो भारतीय क्रिकेट को एक और युवा स्टार का डेब्यू देखने को मिल सकता है.
वैसे भारतीय बैटिंंग कोच सितांशु कोटक पहले ही साफ कर चुके हैं कि वैभव के डेब्यू पर अंतिम फैसला हेड कोच गौतम गंभीर और कप्तान श्रेयस अय्यर लेंगे. ऐसे में यह तो तय है कि वैभव का डेब्यू इन दो लोगों के हाथ में ही है.
मैनचेस्टर में संभावित भारतीय प्लेइंग XI, अगर वैभव को खिलाना हो तो: वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, ईशान किशन, श्रेयस अय्यर (कप्तान), शिवम दुबे, अक्षर पटेल, प्रिंस यादव, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, तिलक वर्मा (उपकप्तान)/ वरुण चक्रवर्ती / वॉशिंगटन सुंदर
भारत का टी20 स्क्वॉड: संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेट कीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, अक्षर पटेल, शिवम दुबे, सूर्यांश शेडगे, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव, वॉशिंगटन सुंदर, वैभव सूर्यवंशी, प्रसिद्ध कृष्णा, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क