इंग्लैंड दौरे के बाद वैभव सूर्यवंशी अब पूरी तरह अगले मिशन की तैयारी में जुट गए हैं. राजस्थान रॉयल्स ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें वैभव नागपुर स्थित टीम के हाई परफॉर्मेंस सेंटर में अभ्यास करते नजर आ रहे हैं.
वीडियो में उनकी एंट्री से लेकर नेट्स में बल्लेबाजी तक की झलक दिखाई गई है. माना जा रहा है कि वैभव यहां अपनी तकनीकी कमियों पर काम कर रहे हैं, खासकर शॉर्ट बॉल के खिलाफ बल्लेबाजी को और मजबूत बनाने के लिए.
हनुमान जी का आशीर्वाद लेकर शुरू की प्रैक्टिस
वीडियो में दिखता है कि वैभव ने अभ्यास शुरू करने से पहले हनुमान जी का आशीर्वाद लिया. इसके बाद राजस्थान रॉयल्स के हाई परफॉर्मेंस सेंटर में उनका स्वागत किया गया. खिलाड़ी और सपोर्ट स्टाफ दो कतारों में खड़े होकर उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर देते हैं, जबकि वैभव मुस्कुराते हुए उनके बीच से गुजरते हैं.
नेट्स में वैभव ने जमकर बल्लेबाजी की. इस दौरान उन्होंने कई दमदार शॉट लगाए, जिनमें हेलीकॉप्टर शॉट भी शामिल था. वीडियो में उनका फुटवर्क, टाइमिंग और आक्रामक अंदाज साफ दिखाई देता है.
'Back To Work' के साथ राजस्थान रॉयल्स ने दिया खास संदेश
राजस्थान रॉयल्स ने वीडियो शेयर करते हुए कैप्शन लिखा, 'Back To Work'. यानी साफ संकेत दिया कि वैभव अब फिर से मैदान पर मेहनत करने और आने वाली चुनौतियों के लिए खुद को तैयार करने में जुट गए हैं.
सोशल मीडिया पर यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. फैन्स इसे फ्रेंचाइजी के भरोसे और वैभव के प्रति सम्मान का प्रतीक मान रहे हैं. वहीं एक और वीडियो में वैभव हेलिकॉप्टर शॉट खेलते हुए भी दिख रहे हैं, उनका यह वीडियो भी खूब चर्चा में हैं.
इंग्लैंड दौरा नहीं रहा वैभव के लिए यादगार
वैभव सूर्यवंशी ने इंग्लैंड दौरे पर भारत के लिए टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया था, लेकिन यह दौरा उनके लिए यादगार नहीं बन सका. उन्होंने तीन टी20 मुकाबलों में 14, 13 और 15 रन की पारियां खेलीं. शुरुआत अच्छी मिलने के बावजूद वह किसी भी पारी को बड़ी नहीं बना सके.
इंग्लैंड दौरे के दौरान उनकी शॉर्ट बॉल के खिलाफ बल्लेबाजी चर्चा का विषय रही. ऐसे में माना जा रहा है कि नागपुर के हाई परफॉर्मेंस सेंटर में वह इसी कमजोरी को दूर करने पर विशेष ध्यान दे रहे हैं.
जिम्बाब्वे दौरे पर होंगी सभी की नजरें
अब वैभव सूर्यवंशी भारत की जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज में खेलते नजर आएंगे. इंग्लैंड दौरे की निराशा को पीछे छोड़ते हुए वह इस सीरीज में बड़ी पारी खेलकर खुद को साबित करना चाहेंगे.
भारत बनाम जिम्बाब्वे टी20 सीरीज का शेड्यूल
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क