भारतीय टी20 टीम में जल्द बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है. मौजूदा कप्तान सूर्यकुमार यादव की जगह अब पूरी तरह सुरक्षित नहीं मानी जा रही है. समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक उनकी कप्तानी का भविष्य काफी हद तक हेड कोच गौतम गंभीर के हाथों में है. एक समय टी20 क्रिकेट के सबसे खतरनाक बल्लेबाज माने जाने वाले सूर्यकुमार पिछले एक साल से लगातार खराब फॉर्म से जूझ रहे हैं.
IPL (इंडियन प्रीमियर लीग) 2026 में भी उनका बल्ला उम्मीद के मुताबिक नहीं चला है. वो 12 पारियों में वह सिर्फ 210 रन ही बना सके हैं, जबकि उनका औसत 18 से भी कम रहा है. इसी प्रदर्शन ने चयनकर्ताओं की चिंता बढ़ा दी है. रिपोर्ट के मुताबिक भारतीय चयन समिति अब इस बात पर गंभीरता से विचार कर रही है कि अगर कोई खिलाड़ी सिर्फ बल्लेबाज के तौर पर अपनी जगह पक्की नहीं कर पा रहा, तो उसे कप्तानी क्यों दी जाए.
एक वरिष्ठ BCCI सूत्र ने पीटीआई से कहा, 'अगर कोई खिलाड़ी बल्लेबाज के तौर पर अपनी जगह नहीं बचा पा रहा, तो उसके लिए कप्तान बने रहना मुश्किल हो जाता है.' लेकिन इस पूरी कहानी में सबसे बड़ा ट्विस्ट गौतम गंभीर हैं.
सूर्या को मिलता रहा गंभीर का सपोर्ट
गौतम गंभीर और सूर्यकुमार यादव के रिश्ते काफी मजबूत माने जाते हैं. सूर्यकुमार को 'SKY' उपनाम गंभीर ने ही दिया था. टीम मैनेजमेंट के अंदर भी दोनों के बीच शानदार समझ मानी जाती है. यही वजह है कि गंभीर अगर सूर्यकुमार के समर्थन में खड़े रहते हैं, तो चयनकर्ता फिलहाल उन्हें हटाने का फैसला टाल सकते हैं.
रिपोर्ट्स के मुताबिक अब भविष्य की प्लानिंग 2028 लॉस एंजेलिस ओलंपिक को ध्यान में रखकर की जा रही है. चयनकर्ता युवा खिलाड़ियों को तैयार करना चाहते हैं और इसी वजह से कई नए नाम कप्तानी की रेस में तेजी से उभर रहे हैं. श्रेयस अय्यर को मजबूत दावेदार माना जा रहा है. उनकी कप्तानी क्षमता और आक्रामक रवैया चयनकर्ताओं को पसंद आता है. हालांकि गौतम गंभीर और श्रेयस अय्यर के रिश्तों को लेकर भी कई सवाल उठते रहे हैं.
... तो शुभमन का होगा कमबैक!
शुभमन गिल को एक समय ऑल-फॉर्मेट कप्तान बनाने की तैयारी चल रही थी. हालांकि खराब प्रदर्शन के चलते उनकी टी20 टीम से छुट्टी हो गई. अगर सूर्यकुमार यादव बाहर होते हैं, तो शुभमन की टी20 टीम में वापसी लगभग तय मानी जा रही है. इसके अलावा संजू सैमसन, ईशान किशन और युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी जैसे नाम भी भविष्य की योजनाओं में शामिल बताए जा रहे हैं.
सबसे दिलचस्प नाम तिलक वर्मा का सामने आया है. रिपोर्ट के मुताबिक चयनकर्ता तिलक को भविष्य के कप्तान के तौर पर देख रहे हैं. यही वजह है कि उन्हें श्रीलंका में होने वाली ट्राई सीरीज के लिए इंडिया-ए टीम की कप्तानी सौंपी गई है, ताकि उनकी लीडरशिप स्किल्स को परखा जा सके.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क