आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 में न्यूजीलैंड का अभियान बेहद दर्दनाक अंदाज में समाप्त हुआ. शनिवार (27 जून) को लंदन के ओवल मैदान पर खेले गए मुकाबले में इंग्लैंड ने न्यूजीलैंड को 9 विकेट से रौंद दिया. इस हार के साथ न्यूजीलैंड की टीम सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर हो गई. ग्रुप-बी से इंग्लैंड और वेस्टइंडीज ने सेमीफाइनल में अपना स्थान पक्का किया.
इंग्लैंड के खिलाफ हार के साथ ही न्यूजीलैंड की तीन महान खिलाड़ियों सोफी डिवाइन, सूजी बेट्स और ली ताहुहू ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह दिया. यह सिर्फ एक हार नहीं थी, बल्कि न्यूजीलैंड क्रिकेट में एक गौरवशाली युग का अंत भी था. टीम चाहती थी कि अपने दिग्गज खिलाड़ियों को जीत के साथ विदाई दे, लेकिन इंग्लैंड ने इस ख्वाहिश को पूरा नहीं होने दिया. मैच के बाद दोनों ही टीमों ने इन दिग्गज खिलाड़ियों को गार्ड ऑफ ऑनर दिया. तीनों खिलाड़ियों की आंखें नम थीं क्योंकि वो उस खेल से विदाई ले रही थीं, जिसके जरिए उन्होंने शोहरत और मान-सम्मान हासिल किया.
पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड ने 20 ओवर्स में 6 विकेट पर 163 रन बनाए. कप्तान एमेलिया केर ने सबसे ज्यादा 42 रन बनाए, लेकिन सबकी निगाहें सोफी डिवाइन पर थीं. 36 साल की डिवाइन ने मैदान पर उतरते ही पुराने दिनों की याद दिला दी. उन्होंने सिर्फ 14 गेंदों पर 30 रन ठोक डाले, जिसमें तीन गगनचुंबी छक्के शामिल रहे. दूसरी ओर 38 वर्षीय सूजी बेट्स ने भी 13 गेंदों पर 19 रन बनाए.
164 रनों का लक्ष्य इंग्लैंड के लिए मुश्किल नहीं साबित हुआ. शुरुआती झटके के बाद डैनी वायट-हॉज और सोफिया डंकले ने न्यूजीलैंड के गेंदबाजों को पूरी तरह बेअसर कर दिया. दोनों बल्लेबाजों ने दूसरे विकेट के लिए नाबाद 128 रनों की साझेदारी कर मैच को एकतरफा बना दिया. वायट ने 15 चौके और एक छक्के की मदद से 53 गेंदों पर नाबाद 89 रन ठोके. जबकि डंकले ने 38 बॉल पर नाबाद 49 रन बनाए, जिसमें 9 चौके शामिल रहे. इंग्लैंड ने 17.4 ओवर्स में ही लक्ष्य हासिल कर लिया.
इस हार ने तीन ऐसी खिलाड़ियों के करियर का अंत कर दिया, जिन्होंने दो दशकों तक न्यूजीलैंड की महिला क्रिकेट को ऊंचाइयों पर रखा. ऑलराउंडर सोफी डिवाइन ने 20 साल के इंटरनेशनल करियर में न्यूजीलैंड के लिए 317 मैच खेले, जिसमें उन्होंने 8096 रन बनाए और 241 विकेट झटके.
वहीं 35 वर्षीय तेज गेंदबाज ली ताहुहू ने 15 सालों के इंटरनेशनल करियर में कुल 207 मुकाबले खेले, जिसमें उनके नाम पर 225 विकेट दर्ज हैं. उधर सूजी बेट्स न्यूजीलैंड के लिए विमेंस क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज रहीं. बेट्स ने 370 मैच खेलकर 10740 रन बनाए. बेट्स ने इंटरनेशनल क्रिकेट में 145 विकेट भी झटके.
न्यूजीलैंड भले यह मुकाबला हार गया हो, लेकिन सोफी डिवाइन, सूजी बेट्स और ली ताहुहू ने अपने करियर में जो उपलब्धियां हासिल कीं, वो आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनी रहेंगी. महिला क्रिकेट में न्यूजीलैंड की पहचान बनाने वाली इस तिकड़ी को जीत के साथ विदाई नहीं मिली, लेकिन उन्होंने जिस समर्पण, जुनून और निरंतरता के साथ देश का प्रतिनिधित्व किया, वो हमेशा उन्हें महान खिलाड़ियों की श्रेणी में रखेगा.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क