टेक और क्रिकेट की दुनिया का अनोखा संगम शनिवार, 21 फरवरी को गुरुग्राम में देखने को मिला, जब भारत के टेस्ट और वनडे कप्तान शुभमन गिल ने गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई के साथ मंच साझा किया. यह खास कार्यक्रम गूगल के गुरुग्राम कार्यालय में आयोजित हुआ, जहां गिल ने शॉर्ट गेंद खेलने की बारीक तकनीक पर दिलचस्प अंदाज में मास्टरक्लास दी.
कार्यक्रम के दौरान गिल से पूछा गया कि शॉर्ट गेंद को प्रभावी तरीके से कैसे खेला जाए. इस पर उन्होंने समझाया कि जब बल्लेबाज गेंद को देर से खेलता है, तो उसके पास हाथ फैलाने का ज्यादा समय नहीं होता. ऐसे में वह अपनी कलाई और कूल्हों (हिप्स) की मदद से ताकत पैदा करता है.
क्या बोले शुभमन गिल
गिल ने कहा, जब आप लेट हो जाते हैं तो आपके पास ज्यादा समय नहीं होता. आप महसूस करते हैं कि हाथ पूरी तरह नहीं फैला सकते, इसलिए कलाई और कूल्हों का इस्तेमाल कर ताकत पैदा करनी पड़ती है.
उन्होंने माना कि यह ऐसी तकनीक नहीं है जिसकी नियमित प्रैक्टिस की जाती है, क्योंकि कोई भी बल्लेबाज जानबूझकर देर से खेलकर आउट होने का अभ्यास नहीं करता. लेकिन उन्होंने इसे अपनी ताकत बना लिया.
क्या बनाता है गिल को खास?
जहां ज्यादातर बल्लेबाज जल्दी पोजिशन में आकर पूरे हाथ फैलाकर शॉट खेलते हैं, वहीं गिल ने ‘लेट प्ले’ को अपनी खासियत बनाया है. यही कारण है कि वह शॉर्ट गेंदों पर भी बेहतर नियंत्रण रखते हैं.
मैदान से बाहर ब्रेक पर गिल
गिल इन दिनों अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से ब्रेक पर हैं. उन्होंने आखिरी बार न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में खेला था, जिसे भारत 1-2 से हार गया था. वहीं उनका पिछला टेस्ट मुकाबला भी दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ घरेलू हार के साथ खत्म हुआ था.
टी20 विश्व कप में भारत का प्रदर्शन
इस बीच टी20 विश्व कप 2026 में भारतीय टीम शानदार प्रदर्शन कर रही है. कप्तान सूर्यकुमार यादव की अगुवाई में टीम ने ग्रुप स्टेज में अपराजित रहते हुए सुपर-8 में जगह बनाई है. अब भारत का सामना दक्षिण अफ्रीका से होने वाला है और टीम लगातार दूसरी बार खिताब जीतकर इतिहास रचने की कोशिश में है.
aajtak.in