इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज के पहले मुकाबले में भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर ऐसा फैसला लिया, जिसने क्रिकेट एक्सपर्ट्स को हैरान कर दिया. चेस्टर-ले-स्ट्रीट के रिवरसाइड ग्राउंड पर मौसम बादलों से घिरा था, बारिश की पूरी संभावना थी और पिच पर अच्छी-खासी घास भी मौजूद थी. ऐसे हालात में ज्यादातर कप्तान पहले गेंदबाजी करना पसंद करते, लेकिन अय्यर ने बल्लेबाजी चुनी.
भारत के इस फैसले पर पूर्व भारतीय क्रिकेटर दिनेश कार्तिक ने दिलचस्प कमेंट किया. उनका मानना है कि इस निर्णय के पीछे आयरलैंड दौरे की कड़वी यादें थीं, जहां श्रेयस अय्यर की कप्तानी में भारतीय टीम दो मैचों की टी20 सीरीज 0-2 से हार गई थी.
कार्तिक ने 'क्रिकबज' पर कहा कि सामान्य परिस्थितियों में टी20 क्रिकेट में टारगेट का पीछा करना बेहतर माना जाता है, लेकिन इस बार भारत ने अलग रणनीति अपनाई. उनके मुताबिक- टीम के दिमाग में आयरलैंड सीरीज की हार जरूर रही होगी.
कार्तिक ने कहा- भारत का पहले बल्लेबाजी करने का फैसला अच्छा था, हालांकि मौसम लगातार चुनौती बना हुआ था. आमतौर पर टी20 में टीमें रन चेज करना पसंद करती हैं, लेकिन मुझे लगता है कि आयरलैंड सीरीज का हैंगओवर कहीं न कहीं टीम के दिमाग में था. शायद इसी वजह से भारत ने सोचा कि इस बार लक्ष्य का पीछा करने के बजाय पहले रन बोर्ड पर लगाए जाएं.
आयरलैंड में सीरीज 0-2 से हारी टीम इंडिया
दरअसल, आयरलैंड दौरे पर भारतीय बल्लेबाज दोनों मैचों में लक्ष्य हासिल करने में नाकाम रहे थे. पहले मुकाबले में टीम को 34 रन से हार मिली थी, जबकि दूसरे मैच में सिर्फ एक रन से शिकस्त झेलनी पड़ी थी. ऐसे में इंग्लैंड के खिलाफ टीम मैनेजमेंट ने अलग रणनीति अपनाने का फैसला किया.
हालांकि, टॉस के बाद श्रेयस अय्यर ने साफ कर दिया था कि आयरलैंड की हार अब बीती बात है. उन्होंने कहा कि टीम पूरी तरह नए सिरे से इंग्लैंड सीरीज पर फोकस कर रही है.
उन्होंने आगे कहा कि टीम ने आयरलैंड दौरे से कई सबक सीखे हैं. इंग्लैंड की ताकत और कमजोरियों का भी अच्छी तरह अध्ययन किया गया है और टीम पूरे आत्मविश्वास के साथ मैदान पर उतरी है.
पिच को लेकर अय्यर ने कहा कि विकेट पर अच्छी घास है और यह अनुमान लगाना आसान नहीं कि मैच के दौरान उसका व्यवहार कैसा रहेगा. इसके बावजूद भारतीय टीम का इरादा आक्रामक क्रिकेट खेलने का था.
पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट पर 189 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया. हालांकि, बारिश ने फिर खेल बिगाड़ दिया. मिड-इनिंग्स ब्रेक के दौरान तेज बारिश शुरू हो गई और लगातार खराब मौसम के कारण मुकाबला बिना किसी नतीजे के रद्द कर दिया गया.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क