'उम्र नहीं, जुनून देखिए...', आलोचकों पर बरसे रोहित शर्मा के बचपन के कोच, 2027 वर्ल्ड कप को लेकर किया बड़ा दावा

रोहित शर्मा की फिटनेस और फॉर्म पर सवाल उठ रहे हैं. 39 साल के रोहित शर्मा ने आईपीएल 2026 में काफी मैच मिस किए. अब उनके अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज में खेलने की संभावना है. रोहित जल्द बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस पहुंचने वाले हैं, जहां उनका फिटनेस टेस्ट होगा.

Advertisement
रोहित शर्मा हैमस्ट्रिंग इंजरी से जूझ रहे हैं. (Photo: Getty Images) रोहित शर्मा हैमस्ट्रिंग इंजरी से जूझ रहे हैं. (Photo: Getty Images)

आजतक स्पोर्ट्स डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 05 जून 2026,
  • अपडेटेड 10:02 PM IST

टीम इंडिया के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा की फिटनेस और भविष्य को लेकर उठ रहे सवालों के बीच उनके बचपन के कोच दिनेश लाड ने बड़ा बयान दिया है. लाड का मानना है कि अनुभवी बल्लेबाज रोहित शर्मा को कुछ साबित करने की जरूरत नहीं है और वह वनडे विश्व कप 2027 में जरूर खेलेंगे. उन्होंने आलोचकों को भी करारा जवाब देते हुए कहा कि रोहित को सिर्फ अपने खेल का आनंद लेना चाहिए और बाहरी बातों पर ध्यान नहीं देना चाहिए.

Advertisement

हाल के महीनों में रोहित शर्मा की फिटनेस और फॉर्म को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं. न्यूजीलैंड के खिलाफ पिछली वनडे सीरीज में उनका प्रदर्शन उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा था, जिसके बाद कई पूर्व खिलाड़ियों और विशेषज्ञों ने उनके भविष्य पर चर्चा शुरू कर दी थी. हालांकि दिनेश लाड इन आलोचनाओं से बिल्कुल सहमत नहीं हैं.

समाचार एजेंसी पीटीआई से बातचीत में दिनेश लाड ने कहा, 'एक कोच के तौर पर मुझे नहीं लगता कि रोहित शर्मा को किसी को कुछ साबित करने की जरूरत है. वह 2027 का वनडे विश्व कप जीतना चाहते हैं और इस लक्ष्य को लेकर पूरी तरह स्पष्ट हैं. उम्र को लेकर बातें हो रही हैं, लेकिन वह अभी भी पूरी तरह फिट हैं.'

आलोचना करना लोगों का काम: लाड
दिनेश लाड ने कहा कि भारतीय टीम को बड़े टूर्नामेंट में रोहित शर्मा के अनुभव की जरूरत होगी. उनके मुताबिक रोहित की तकनीक में कोई कमी नहीं आई है और 50 ओवर के क्रिकेट में उनकी बल्लेबाजी शैली अब भी बेहद प्रभावी है. उन्होंने कहा, 'आलोचना करना लोगों का काम है, लेकिन भारत को फाइनल तक पहुंचना है तो रोहित जैसे खिलाड़ी की जरूरत पड़ेगी. उनकी तकनीक शानदार है. वह पारी को संभालना जानते हैं और फिर बड़े शॉट भी खेल सकते हैं. आईपीएल में भी उन्होंने सिर्फ चौके-छक्के नहीं लगाए, बल्कि सिंगल और डबल लेकर जिम्मेदारी से बल्लेबाजी की.'
यह भी पढ़ें: कोहली की चोट कितनी गंभीर? ENG टूर से हो सकते हैं बाहर, रोहित पर ये अपडेट

Advertisement

हाल ही में पूर्व भारतीय चयनकर्ता सबा करीम ने कहा था कि विश्व कप 2027 की योजनाओं में बने रहने के लिए रोहित को अपनी फिटनेस और फॉर्म साबित करनी होगी. इस पर भी दिनेश लाड ने प्रतिक्रिया दी. लाड ने कहा, 'अगले छह महीने सिर्फ रोहित के लिए ही अहम क्यों हैं. यह हर खिलाड़ी के लिए महत्वपूर्ण हैं. टीम में बने रहने के लिए सभी को अच्छा प्रदर्शन करना होगा. मैं 100 प्रतिशत गारंटी के साथ कह सकता हूं कि रोहित 2027 का वनडे विश्व कप जरूर खेलेंगे.'
यह भी पढ़ें: लॉर्ड्स टेस्ट में गूंजा वैभव का नाम, दिग्गज बोले- अब टीम इंडिया ज्यादा दूर नहीं

दिनेश लाड का मानना है कि रोहित शर्मा का क्रिकेट के प्रति जुनून अभी भी बरकरार है और विश्व कप जीतने की चाह ही उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित कर रही है. उन्होंने कहा, 'रोहित जानते हैं कि अगर उन्हें खेलना है तो उसके पीछे एक बड़ा कारण होना चाहिए. वह भारत के लिए वनडे विश्व कप जीतना चाहते हैं. मुझे पूरा विश्वास है कि वह इस लक्ष्य को हासिल करने के बाद ही अपने भविष्य पर फैसला लेंगे.' कोच ने यह भी बताया कि टेस्ट और टी20 क्रिकेट से दूर रहने का मतलब यह नहीं है कि रोहित आराम कर रहे हैं. वह लगातार अभ्यास और फिटनेस पर काम कर रहे हैं.

Advertisement

दिनेश लाड ने बताया, 'लोग सोचते हैं कि दूसरे फॉर्मेट नहीं खेलने का मतलब खाली समय मिल गया है, लेकिन ऐसा नहीं है. रोहित हर दिन अभ्यास कर रहे हैं और अपनी फिटनेस पर मेहनत कर रहे हैं. वह विश्व कप के लिए खुद को पूरी तरह तैयार कर रहे हैं.' अपने शिष्य को सलाह देते हुए दिनेश लाड ने कहा कि रोहित को आलोचनाओं को नजरअंदाज करना चाहिए और 2019 विश्व कप जैसी बल्लेबाजी दोहराने पर ध्यान देना चाहिए.

दिनेश लाड ने अंत में कहा, 'जब रोहित क्रीज पर समय बिताते हैं तो दुनिया के सबसे खतरनाक बल्लेबाजों में बदल जाते हैं. मैं चाहूंगा कि वह 2019 विश्व कप की तरह बल्लेबाजी करें. उनकी तकनीक, स्वभाव और फिटनेस में कोई समस्या नहीं है. वह विश्व कप से पहले पूरी तरह तैयार होंगे. उन्हें सिर्फ अपने खेल का आनंद लेना चाहिए और आलोचनाओं पर ध्यान नहीं देना चाहिए.'

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »